LIVE: नंदीग्राम-रेजीनगर से नगांव तक उपचुनाव का महासंग्राम, 6 सीटों पर वोटिंग जारी; दोपहर 1 बजे तक कितना हुआ मतदान?
देश के तीन राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 6 सीटों पर आज उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। इनमें असम की नगांव लोकसभा सीट के अलावा पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम तथा पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट शामिल हैं।

5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर आज उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। असम की नगांव लोकसभा सीट, बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीट और पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर आज सुबह 7 बजे से वोट डाले जा रहे हैं। इस चुनावी संग्राम में बीजेपी, कांग्रेस, TMC, DMK, TVK, CPI समेत कई प्रमुख दल आमने-सामने हैं। इन सभी सीटों के चुनावी नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
BJP के लिए क्यों अहम है नंदीग्राम सीट?
इस उपचुनाव में खासकर पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर सबकी नजर है। नंदीग्राम सीट बीजेपी के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहां से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जीत दर्ज की थी। सीएम शुभेंदु ने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया था। भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों जगहों से जीतने के बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव हो रहा है। यहां से बीजेपी ने हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने मिलन प्रधान को मैदान में उतारा है।
इसके अलावा रेजीनगर सीट से हुमायूं कबीर की पार्टी की ओर से उनके बेटे गुलाम नबी आजाद को प्रत्याशी बनाया गया है। रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के सीट छोड़ने के बाद खाली हुई थी।
CM विजय का पहला टेस्ट
वहीं, ये उपचुनाव तमिलनाडु के CM विजय का भी पहला टेस्ट है। तमिलनाडु की मदुरंतकम विधानसभा सीट और धारापुरम विधासनभा सीट के लिए भी उपचुनाव है। वहीं, पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे।
Live updates : By Election 2026 LIVE Updates
-
October 06, 2026 1:50 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
दोपहर 1 बजे तक नंदीग्राम में 60.32%, रेजीनगर में 56.43% वोटिंग
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक नंदीग्राम में 60.32 प्रतिशत और रेजीनगर में 56.43 प्रतिशत मतदान हुआ।
-
October 06, 2026 1:18 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
रेजीनगर थाने के बाहर 2 घंटे से बैठे कांग्रेस उम्मीदवार और समर्थक
रेजीनगर थाने के बाहर लगभग 2 घंटे से कांग्रेस उम्मीदवार और कांग्रेस समर्थक बैठे हुए हैं। उनका कहना है कि वोट लूट किया गया है और दोबारा से वोट कंडक्ट करना होगा। इसी मांग को सामने रखते हुए कांग्रेस उम्मीदवार थाने के बाहर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस बल की तैनाती भी है, ताकि अचानक कोई हादसा या फिर अशांति न फैले।
-
October 06, 2026 12:17 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
मिलन प्रधान का आरोप- पुलिस लाठीचार्ज में महिलाएं घायल
नंदीग्राम सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने आरोप लगाया है कि पुलिस लाठीचार्ज में कई महिलाएं घायल हो गई हैं। नंदीग्राम के जलपाई, गढ़ चक्रबेरिया 7, कालीचरण पुर इलाके के बूथ नंबर 241/242 पर बाहरी बदमाशों पर महिलाओं को पीटने का आरोप लगाया गया है। शिकायत मिलने पर कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान मौके पर गए। पुलिस को देखते ही महिलाओं ने शिकायत की और विरोध किया। पुलिस ने महिलाओं को हटाने के लिए लाठी लेकर पीछा किया।
-
October 06, 2026 11:55 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
वोट डालने पहुंचे CM शुभेंदु अधिकारी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल में हो रहे उपचुनाव के दौरान नंदीग्राम में अपना वोट डाला। बता दें कि नंदीग्राम सीट पर भाजपा के लिए यह प्रतिष्ठा की लड़ाई है, इस सीट पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
-
October 06, 2026 11:44 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
नंदीग्राम में सुबह 11 बजे तक 43.95% मतदान
नंदीग्राम में सुबह 11 बजे तक 43.95 प्रतिशत लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं। वहीं, रेजीनगर में 38.71 फीसदी वोटिंग हुई है।
वहीं, तमिलनाडु में हो रहे उपचुनाव के दौरान धारापुरम शहर के एक मतदान केंद्र के पास तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के पोलिंग एजेंट्स पार्टी का चुनाव चिह्न प्रदर्शित करते नजर आए।
-
October 06, 2026 11:30 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
हुमायूं कबीर की गिरफ्तारी पर क्या बोले BJP प्रदेश अध्यक्ष?
हुमायूं कबीर को हिरासत में लिए जाने पर पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, जो लोग समाज को बांटने वाली राजनीति करते हैं, हिंदू-मुस्लिम के बीच दरार पैदा करने की कोशिश करते हैं और दंगे के लिए उकसाते हैं, उन पर कार्रवाई तय है।
-
October 06, 2026 11:25 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
रेजीनगर थाने के सामने धरने पर बैठे कांग्रेस उम्मीदवार
'रेजीनगर उपचुनाव में वोट लूट हो रहा है...' इसी आरोप को सामने रखते हुए आज कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद अब्दुल्लाइल काफी रेजीनगर थाने के सामने धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि पुलिस और बीजेपी द्वारा सभी बूथ से एजेंटों को हटा दिया गया है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधकर वोट चोरी का भी आरोप लगाया है। (इनपुट- PTI)
-
October 06, 2026 10:58 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
कांग्रेस लगा रही वोटिंग में गड़बड़ी और बूथ जैमिंग के आरोप
कांग्रेस नंदीग्राम उपचुनाव में वोटिंग में गड़बड़ी और बूथ जैमिंग के कई आरोप लगा रही है। चुनाव आयोग को कई ईमेल के जरिए शिकायतें भेजी गई हैं।
वहीं, बीजेपी विधायक डॉ. शंकर कुमार गुछैत ने दावा किया है कि पार्टी नंदीग्राम और रेजीनगर दोनों उपचुनावों में बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम में बीजेपी प्रत्याशी 1 लाख से ज्यादा मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगा। वही, रेजीनगर में बीजेपी उम्मीदवार लगभग 10,000 से ज्यादा वोटों से जीत हासिल करेगा।
-
October 06, 2026 10:33 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
9 बजे तक कितनी हुई वोटिंग?
चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक सुबह 9 बजे तक रेजीनगर में 18.05% और नंदीग्राम में 20.89% मतदान हुआ है। वहीं, असम के नगांव में 17.68% वोटिंग हुई है।
-
October 06, 2026 10:08 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
हुमायूं कबीर को हिरासत में लिए जाने पर बेलडांगा के SDPO क्या बोले?
बेलडांगा के SDPO आनंदजीत होरे ने कहा, "हुमायूं कबीर को हिरासत में लिया गया है क्योंकि उन्होंने कानून का उल्लंघन किया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। हालात से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस और CAPF बल मौजूद हैं।
-
October 06, 2026 9:41 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
BJP प्रत्याशी की सेना के जवान से बहस
मुर्शिदाबाद जिले में रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 70 के बूथ क्रमांक 9 पर भाजपा प्रत्याशी सखाराब सरकार की केंद्रीय सेना के एक जवान से बहस हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय सेना राहुल गांधी की दलाली कर रही है। (इनपुट- ओंकार सरकार)
-
October 06, 2026 7:41 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू, हुमायूं कबीर ने क्या आरोप लगाया?
उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के नेता और विधायक अजीत कुमार यादव ने रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए अपना वोट डाला।
AJUP के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर ने कहा कि पुलिस खुद कई बूथों पर वोटिंग प्रोसेस में गड़बड़ी कर रही है। भारत के गणतंत्र और संविधान के तहत, पुलिस का काम लोगों की सुरक्षा और हिफ़ाज़त सुनिश्चित करना है; यही उनका कर्तव्य है। फिर भी, वही लोग वोटिंग में गड़बड़ी कर रहे हैं। वोटिंग में गड़बड़ी करने की क्या ज़रूरत है? सरकार तो पहले से ही बनी हुई है।
-
October 06, 2026 6:55 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
कितने बजे तक होगी वोटिंग, नतीजे कब आएंगे?
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी की कुल 6 सीटों (5 विधानसभा और एक लोकसभा) पर उपचुनाव के लिए आज यानी मंगलवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी जबकि वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को होगी। अधिकारियों ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा समेत सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट और मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सुरक्षा बलों की 71 कंपनियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा बलों की 37 कंपनियां नंदीग्राम और 34 कंपनियां रेजीनगर में तैनात की गई हैं।
-
October 06, 2026 6:52 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
CM हिमंत बिस्वा सरमा ने झोंकी ताकत
असम की नगांव लोकसभा सीट पर जीत हासिल करने के लिए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। नगांव लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव में जहां सत्तारूढ़ भाजपा जीत हासिल कर अपना दायरा बढ़ाना चाहती है। वहीं कांग्रेस इस सीट पर अपनी पकड़ मजबूत रखते हुए इसे बरकरार रखने के लिए पूरी दमखम लगाये हुए है। उधर, पुडुचेरी में थट्टानचावडी विधानसभा के लिए भी आज वोट डाल जाएंगे।
-
October 06, 2026 6:50 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
शुभेंदु-विजय के लिए बड़ा टेस्ट
बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट के लिए हो रहा उपचुनाव सीएम शुभेंदु अधिकारी के लिए पहली बड़ी परीक्षा है। वहीं, तमिलनाडु में मदुरंतकम और धारापुरमविधानसभा सीट का उपचुनाव सीएम थलपति विजय की प्रतिष्ठा से जुड़ा है। क्योंकि सीएम बनने के बाद विजय के लिए बड़ा मुकाबला है।
-
October 06, 2026 6:49 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
उपचुनाव से पहले मॉक पोल
असम के नगांव लोकसभा क्षेत्र में उपचुनाव से पहले झारगांव LP स्कूल के पोलिंग स्टेशन नंबर 122 और 123 पर मॉक पोल चल रहा है। वहीं, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में पोलिंग स्टेशन नंबर 250 पर रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव से पहले मॉक पोल चल रहा है।
-
October 06, 2026 6:45 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
किन किन सीटों पर उपचुनाव?
विधानसभा सीट
- रेजीनगर (पश्चिम बंगाल)
- नंदीग्राम (पश्चिम बंगाल)
- मदुरंतकम (तमिलनाडु)
- धारापुरम (तमिलनाडु)
- थट्टांचावडी (पुडुचेरी)
लोकसभा सीट
- नगांव (असम)