1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ‘मैंने कभी PM मोदी को थका हुआ नहीं देखा’, चंद्रबाबू नायडू ने जमकर की प्रधानमंत्री की तारीफ

‘मैंने कभी PM मोदी को थका हुआ नहीं देखा’, चंद्रबाबू नायडू ने जमकर की प्रधानमंत्री की तारीफ

एनडीए संसदीय दल की बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने मोदी को ऊर्जावान, दूरदर्शी और वैश्विक स्तर पर सम्मानित नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Narendra Modi, Chandrababu Naidu, NDA Parliamentary Meeting, PM Modi Leadership- India TV Hindi
Image Source : PTI आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

नई दिल्ली: NDA की संसदीय दल की बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की। उन्होंने PM मोदी को देश के लिए 'सही समय पर सही नेता' बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। बैठक में देश की सत्ता में मोदी के लगातार 12 वर्ष पूरे होने और देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। इसी प्रस्ताव को सदन के सामने रखते हुए नायडू ने प्रधानमंत्री की सराहना की।

‘देश को दिशा देने वाले नेता हैं पीएम मोदी’

चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सबसे बड़ी ताकत यह है कि वे एक तरफ देश को स्थिर दिशा देने वाले नेता हैं, तो दूसरी तरफ नए विचारों और इनोवेशन को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा, 'नरेंद्र मोदी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे देश के मार्गदर्शक भी हैं और नवाचार को आगे बढ़ाने वाले नेता भी। उनका केवल एक ही एजेंडा है, 'राष्ट्र सर्वोपरि'। हम सभी को इसी सोच के साथ काम करना चाहिए।'

‘सार्वजनिक जीवन में हमेशा उम्मीदों पर खरे उतरे’

प्रधानमंत्री मोदी के लंबे राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए नायडू ने कहा कि वह वर्ष 2001 में मुख्यमंत्री बने थे और अब सार्वजनिक जीवन में लगभग 25 वर्ष पूरे कर चुके हैं। उन्होंने कहा, 'मैं कई बार सोचता हूं कि आखिर वह लोगों की उम्मीदों पर लगातार कैसे खरे उतरते हैं। यही उनकी नेतृत्व क्षमता की सबसे बड़ी पहचान है।' नायडू ने कहा कि आज दुनिया कई तरह की चुनौतियों से जूझ रही है। युद्ध, सप्लाई में बाधाएं, ऊर्जा बाजार में अस्थिरता और कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की धीमी रफ्तार ने वैश्विक अनिश्चितता बढ़ाई है, इसके बावजूद भारत की स्थिति मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई दर लगभग 3.5 प्रतिशत के आसपास है, जो दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे कम दरों में से एक है। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को दिया।

‘मैंने कभी मोदी को थका हुआ नहीं देखा’

प्रधानमंत्री की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री दोनों पदों पर रहते हुए मोदी ने लगातार ऊर्जा, रचनात्मकता और इनोवेशन का परिचय दिया है। उन्होंने कहा, 'इतने वर्षों में मैंने कभी नरेंद्र मोदी जी को थका हुआ नहीं देखा। वे हमेशा ऊर्जा से भरपूर रहते हैं और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वे दूसरों को भी प्रेरित और उत्साहित करते हैं। प्रधानमंत्री की वैश्विक छवि का जिक्र करते हुए नायडू ने कहा कि नरेंद्र मोदी दुनिया के किसी भी बड़े नेता के बराबर खड़े दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा, 'दुनिया भर में होने वाले सर्वेक्षण बताते हैं कि नरेंद्र मोदी एक लोकप्रिय वैश्विक नेता हैं। यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है।'

‘दुनिया में बढ़ा भारत और भारतीयों का सम्मान’

नायडू ने कहा कि आज दुनिया के किसी भी हिस्से में जाने पर भारत और भारतीयों के प्रति सम्मान दिखाई देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री की ओर इशारा करते हुए कहा, 'आज दुनिया में जहां भी जाइए, भारत और भारतीयों को सम्मान मिलता है और इसका बड़ा श्रेय आपके नेतृत्व को जाता है।' देश के भविष्य को लेकर भरोसा जताते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का लक्ष्य दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना है और यह सपना प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरा हो सकता है। उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक दिन दुनिया की नंबर-1 अर्थव्यवस्था बनेगा।'

‘यह भारत का स्वर्णिम दौर शुरू होने का समय’

अपने संबोधन के अंत में चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि यह भारत के इतिहास का निर्णायक समय है और देश एक नए स्वर्णिम युग की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, 'यह भारत का निर्णायक क्षण है। यह एक स्वर्णिम युग की शुरुआत है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारा विश्वास पूर्ण है, जनता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का हमारा संकल्प अडिग है।'

Latest India News