24 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी का देशव्यापी प्रदर्शन, सोनम वांगचुक ने शांति बनाए रखने की अपील की, देखें Live अपडेट
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है। इधर पीएम नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक पर कार्रवाई का ऐलान किया है। इस बीच सीजेपी ने 24 जुलाई को देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है।

देश की राजधानी दिल्ली में पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। कॉकरोच जनता पार्टी ने 24 जुलाई को देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है। आम आदमी पार्टी भी इसमें शामिल होगाी। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सीजेपी के नेताओं से बातचीत करने की अपील की हैय़ वहीं, जेपी नड्डा ने कहा है कि सीजेपी के नेता बातचीत के लिए उनके घर आ सकते हैं। हालांकि, सीजेपी की तरफ से पहले ही साफ किया जा चुका है कि बातचीत के लिए उनके प्रतिनिधि किसी मंत्री के घर नहीं जाएंगे। बातचीत धरने वाली जगह पर या किसी न्यूट्रल वेन्यू पर होगी।
बुधवार को दिल्ली में टॉलस्टॉय मार्ग के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। पुलिस के मुताबिक RAF और पुलिस की टीम तय जगह पर रोजाना की तरह तैनात थी। इसी दौरान पुलिस और RAF पर पथराव होने लगा। इसके बाद जब पुलिस ने पथराव कर रहे लोगो को खदेड़ना शुरू किया तो उनमें से कुछ लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया और पुलिसकर्मियों की पिटाई की। प्रदर्शन कर रहे लोगों के हाथों में डंडे थे। पहले उन्होंने पथराव किया, जिसके बाद डंडों से हमला किया। फिलहाल हालात को देखते हुए जंतर मंतर के पास भारी तादात में पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस पथराव करने वालों की पहचान में जुटी है।
मोदी सरकार ने बड़ी पहल की
दूसरी ओर जंतर मंतर पर जारी आंदोलन के बीच मोदी सरकार ने बड़ी पहल की है। पीएम मोदी ने ऐलान किया है कि पेपर लीक के दोषियों को सजा दिलाने के लिए सरकार फास्ट ट्रैक अदालतों का गठन करेगी। सरकार ने एक बार फिर विपक्ष से नीट पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा करने की अपील की है। सरकार ने विपक्ष को खुला ऑफर दिया है कि पेपर लीक पर किस दिन और कितनी देर तक चर्चा करनी है, ये विपक्ष तय करे। सरकार ने कहा कि वो पेपर लीक न हो इसके लिए सिस्टम सुधार रही है। इसके लिए विपक्ष जो भी सुझाव देना चाहे सरकार उसे शामिल करेगी।
विपक्ष शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़ा
दूसरी ओर CJP और विपक्ष सरकार का ऑफर मानने के लिए तैयार नहीं है। वो अभी भी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है। सूत्रों के अनुसार, CJP ने सरकार से बातचीत का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने संसद में पेपर लीक पर चर्चा का भरोसा दिया है। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष को दिन और समय तय करने का हक दिया है। राहुल गांधी पर लगाया सियासत का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि गैर-बीजेपी शासित राज्यों में पेपर लीक का ज़िक्र क्यों नहीं करते।
अनशन खत्म कर सकते हैं वांगचुक
पेपर लीक मामले पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक ने अस्पताल से वीडियो जारी कर अनशन खत्म करने के संकेत दिए हैं। उन्होंने शर्त रखी है कि अगर सरकार छात्रों पर बल प्रयोग रोकने और मुकदमे वापस लेने का भरोसा दे तो अनशन खत्म कर सकते हैं। लेकिन दूसरी ओर CJP धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने की मांग पर अड़ी हुई है। आइए जानते हैं इस मुद्दे से जुड़े सभी अपडेट हमारे इस Live Blog में...
Live updates : Delhi Jantar mantar protest
-
July 23, 2026 11:14 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
CJP का प्रतिनिधिमंडल मंत्रियों से करेगा मुलाकात
सूत्रों के अनुसार, CJP का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को दोपहर 12:30 बजे केंद्र सरकार के मंत्रियों से मुलाकात करेगा।
-
July 23, 2026 11:09 PM (IST) Posted by Shakti Singh
शुक्रवार को भी बंद रहेंगे 17 मेट्रो स्टेशन
दिल्ली मेट्रो ने एक्स पोस्ट के जरिए बताया है कि जंतर-मंतर के पास बने 17 मेट्रो स्टेशन शुक्रवार को भी बंद रहेंगे। ये मेट्रो स्टेशन 24 जुलाई को सुबह 07:30 बजे से अगले निर्देश तक बंद रहेंगे। राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी, लेकिन यहां से यात्री बाहर नहीं निकल सकेंगे।
ये मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद
1. लोक कल्याण मार्ग
2. राजीव चौक
3. पटेल चौक
4. रामकृष्ण आश्रम मार्ग
5. बाराखंभा रोड
6. सुप्रीम कोर्ट
7. सेवा तीर्थ
8. जनपथ
9. मंडी हाउस
10. सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
11. ITO
12. दिल्ली गेट
13. इंद्रप्रस्थ
14. खान मार्केट
15. जोर बाग
16. शिवाजी स्टेडियम
17. झंडेवालान -
July 23, 2026 10:04 PM (IST) Posted by Shakti Singh
राजीव चौक समेत कई मेट्रो स्टेशन खोले गए
मंडी हाउस, राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर आवाजाही बहाल हो गई है। दिन में कुल 17 मेट्रो स्टेशन बंद किए गए थे। इसमें सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन भी शामिल था। मेट्रो स्टेशन बंद रहने के कारण एक वकील देरी से पहुंचा था। वकील ने सीजेआई से मेट्रो स्टेशन खुले रखने के लिए आदेश देने की मांग भी की थी।
-
July 23, 2026 10:02 PM (IST) Posted by Shakti Singh
हर कीमत पर शांति बनाए रखें- सोनम वांगचुक
सोनम वांगचुक ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने लिखा, "दिन 26, शांति और सिर्फ शांति ही मेरा रास्ता है। हालांकि, जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण हैं, मुझे यह जानकर दुख हुआ कि दूसरी जगहों पर कुछ असामाजिक तत्व शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों का फायदा उठाकर हिंसा भड़का रहे हैं। दूसरी तरफ से कोई फर्क नहीं पड़ता, हमारा जवाब सिर्फ फूल ही होना चाहिए। कृपया इस परंपरा को हर कीमत पर बनाए रखें।"
-
July 23, 2026 9:43 PM (IST) Posted by Shakti Singh
बिहार में पुलिसकर्मियों की छुट्टी पर रोक
बिहार में छात्रों के आंदोलन और संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने 24 जुलाई 2026 से अगले आदेश तक राज्य के सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों की छुट्टियां रद्द करने का आदेश जारी किया है। हालांकि, विशेष परिस्थितियों में आवश्यक अवकाश की अनुमति दी जा सकेगी।
-
July 23, 2026 7:42 PM (IST) Posted by Shakti Singh
जंतर-मंतर में 12 बजे तक इंटरनेट बंद
दिल्ली के जंतर-मंतर में 1.5 किलोमीटर के दायरे में शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सर्विस बंद रहेगी। गृह मंत्रालय की तरफ से यह जानकारी दी गई है।
-
July 23, 2026 6:32 PM (IST) Posted by Shakti Singh
सीजेपी के देशव्यापी प्रदर्शन में शामिल होगी आम आदमी पार्टी
24 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी ने देशभर में प्रोटेस्ट का कॉल दिया है। आम आदमी पार्टी ने इस प्रोटेस्ट में शामिल होने का ऐलान कर दिया है।
-
July 23, 2026 6:26 PM (IST) Posted by Shakti Singh
अभिजीत दिपके की पीएम मोदी से अपील
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडिंग प्रेसिडेंट अभिजीत दिपके ने कहा, "मोदी जी, मैं एक बार फिर आपसे रिक्वेस्ट करता हूं कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार करें। नहीं तो, मामला सिर्फ धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक ही सीमित नहीं रहेगा। यह आपके इस्तीफे के लिए भी आएगा। एक नाकाबिल और फेल मिनिस्टर इस देश के करोड़ों स्टूडेंट्स से ज्यादा जरूरी नहीं हो सकता। अगर एक फेल और नाकाबिल मिनिस्टर को इन करोड़ों स्टूडेंट्स से ज्यादा जरूरी माना जा रहा है, तो याद रखें कि भारत में कोई भी आपको इलेक्शन में वोट नहीं देगा।"
-
July 23, 2026 5:59 PM (IST) Posted by Shakti Singh
ये लोग ही संविधान बचाएंगे- महबूबा मुफ्ती
जंतर-मंतर पर पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती ने कहा, "मेरा मानना है कि पूरा देश 1947 के बाद अपने सबसे बड़े टेस्ट का सामना कर रहा है, और युवा इसमें शामिल हो गए हैं। आज हमारे देश में गायें ज्यादा सुरक्षित हैं, बच्चे नहीं। हमारी ज्यूडिशियरी कहती है कि उसके पास समय नहीं है। अगर ये लोग आज इस क्रूरता, इस अन्याय के खिलाफ खड़े नहीं हुए, तो मेरा मानना है कि हमारा देश 1947 से पहले से भी बदतर हो जाएगा। इसलिए, अगर बदलाव लाना है, तो ये लोग ही लाएंगे। अगर संविधान को बचाना है, तो ये लोग ही इसे बचाएंगे।"
-
July 23, 2026 5:15 PM (IST) Posted by Shakti Singh
दिल्ली में हिंसा में शामिल लोगों के पासपोर्ट रद्द होंगे
दिल्ली पुलिस से जुड़े सूत्रों के अनुसार प्रशासन दंगा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। हिंसा में शामिल पाए गए लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के अलावा उनके पासपोर्ट रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
रिपोर्ट- अतुल भाटिया
-
July 23, 2026 4:46 PM (IST) Posted by Shakti Singh
सीजेपी ने देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया
कॉकरोच जनता पार्टी ने 24 जुलाई को देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है। सीजेपी ने देश के हर जिले में लोगों से विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। इसमें छात्रों पर पुलिस के लाठीचार्ज का विरोध करने की बात कही गई है।
-
July 23, 2026 4:28 PM (IST) Posted by Shakti Singh
छात्रों के नाम पर राजनीति कर रहा विपक्ष- निर्मला सीतारमण
दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि यह स्टूडेंट्स से जुड़ा मामला है। सरकार ने पेपर लीक में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आज, प्रधानमंत्री ने कहा है कि दोषियों पर फास्ट-ट्रैक कोर्ट में केस चलेगा और उन्हें सजा मिलेगी। सरकार इस मामले में पूरी लगन से काम कर रही है। मेरा मानना है कि इस मामले पर चर्चा जरूरी है। उन्होंने कहा, "सरकार इस मामले पर पार्लियामेंट में चर्चा के लिए तैयार है। पहले उन्होंने (विपक्ष ने) कहा था कि पार्लियामेंट में चर्चा जरूरी है, और उसके बाद ही वे लोक कल्याण मार्ग से जाएंगे। सरकार के मान जाने के बाद, उन्होंने एक और शर्त रखी। कांग्रेस अपनी डिसरप्टिव पॉलिटिक्स जारी रखने की पूरी कोशिश कर रही है। जब सरकार चर्चा के लिए मान गई है तो वे पार्लियामेंट में डिसरप्टिव क्यों कर रहे हैं? मुझे यकीन है कि कांग्रेस पार्टी स्टूडेंट्स के हित में काम नहीं करना चाहती, बल्कि इस मुद्दे पर सिर्फ पॉलिटिक्स करना चाहती है।"
-
July 23, 2026 4:13 PM (IST) Posted by Shakti Singh
जेपी नड्डा ने सीजेपी नेताओं को बातचीत के लिए बुलाया
कॉकरोच जनता पार्टी के साथ बातचीत के नए प्रस्ताव पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, "हां, हम तैयार हैं। हमारे घर या हमारे ऑफिशियल ऑफिस में आएं।" हालांकि, जेपी नड्डा के आवास पर पहले भी सीजेपी के प्रतिनिधि बातचीत के लिए पहुंचे थे, लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद सीजेपी ने तय किया है कि उनके प्रतिनिधि बातचीत के लिए कहीं नहीं जाएंगे। सरकार में शामिल नेताओं को प्रदर्शन स्थल या किसी न्यूट्रल जगह पर बातचीत करनी होगी।
-
July 23, 2026 3:47 PM (IST) Posted by Shakti Singh
महबूबा मुफ्ती जंतर-मंतर पहुंचीं
पीडीपी नेता और जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती जंतर-मंतर पहुंची हैं। वह छात्रों के प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए मौके पर पहुंची हैं।
-
July 23, 2026 3:24 PM (IST) Posted by Shakti Singh
सीपी में शाम 6.30 बजे बंद होंगी सभी दुकानें और रेस्टोरेंट
दिल्ली प्रशासन ने कनॉट प्लेस में मौजूद सभी दुकानों और रेस्टोरेंट को शाम 6.30 बजे बंद करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार शाम यहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। नई दिल्ली ट्रेड एसोसिएशन की तरफ से जारी आदेश में कनॉट प्लेस में सभी दुकानों, ऑफिस और रेस्टोरेंट को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें कहा गया है कि एनडीएमसी के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की टेलीफोन पर दी गई सलाह के अनुसार, सीपी के आसपास की गंभीर स्थिति को देखते हुए, यह सख्त सलाह दी गई है कि कनॉट प्लेस, नई दिल्ली में सभी दुकानें और जगहें, जिनमें ऑफिस और रेस्टोरेंट भी शामिल हैं। आज यानी 23 जुलाई को शाम 6.30 बजे तक बंद कर दें। सभी जगह के मालिकों/कब्जा करने वालों से अनुरोध है कि वे सहयोग करें और किसी भी बुरी स्थिति से बचने और खुद को किसी भी तरह के नुकसान और चोट से बचाने के लिए ऊपर दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
-
July 23, 2026 3:07 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
छात्र जहां कहेंगे वहां बातचीत कर सकते हैं: जितेंद्र सिंह
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने छात्रों के साथ बातचीत पर कहा, 'सरकार पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार है। बातचीत के लिए सरकार के दरवाजे खुले हैं। छात्र जहां कहेंगे वहां बातचीत कर सकते हैं। बातचीत से ही समस्या का समाधान मुमकिन है। बातचीत के दौरान मैं और नड्डा मौजूद रहेंगे। नड्डा के आवास या दफ्तर पर चर्चा हो सकती है।'
-
July 23, 2026 2:57 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
युवा मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता- राजनाथ सिंह
पीएम मोदी द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट के ऐलान पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- "भारत के युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना PM मोदी के नेतृत्व वाली NDA सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक मामलों में त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने का PM मोदी का निर्णय युवाओं को सशक्त बनाने के प्रति उनके दृढ़ संकल्प और अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह निर्णायक कदम उन लोगों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगा जो हमारे युवाओं की आकांक्षाओं और भविष्य को खतरे में डालते हैं।"
-
July 23, 2026 2:55 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
निर्मला सीतारमण ने प्रदर्शन पर दिया बयान
'कॉकरोच जनता पार्टी' के विरोध प्रदर्शन पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "अगर सरकार की तरफ से समय पर गिरफ़्तारियां करने, दोबारा परीक्षा कराने और घटना के बाद समय पर नतीजे घोषित करने जैसे कदम नहीं उठाए जाते, तो युवा उन संस्थानों को कैसे ढूंढ पाते जहां उन्हें उच्च शिक्षा के लिए जाना है? यह सब हो रहा है और ऐसे युवा भी सामने आ रहे हैं जो कहते हैं कि हां, पेपर लीक होने से उन्हें पहले तो बुरा लगा, लेकिन बाद में उन्होंने इसका फायदा उठाया और और भी बेहतर तैयारी की, जिससे उनका प्रदर्शन सुधरा और उन्होंने अच्छा किया। तो ऐसे लोग भी हैं, युवा भी हैं जिन्होंने इस चुनौती को स्वीकार किया, इसका सामना किया और शानदार सफलता हासिल की।"
-
July 23, 2026 2:52 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
NSA के अधिकारों को गलत तरीके से CJP प्रदर्शनों से जोड़ा गया- पुलिस
दिल्ली पुलिस ने ट्वीट कर के कहा- "नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (NSA) के तहत अधिकारों के रूटीन तिमाही रिन्यूअल को गलत तरीके से CJP विरोध-प्रदर्शनों से जोड़ा गया है। यह रिन्यूअल विरोध-प्रदर्शनों से पहले ही हो गया था और यह एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और गलत जानकारी शेयर करने से बचें।"
-
July 23, 2026 2:32 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
अन्ना हजारे ने किया 'मौन आंदोलन'
सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने गुरुवार को महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में दो घंटे का 'मौन आंदोलन' किया। सामाजिक कार्यकर्ता के सहयोगी दत्ता अवारी ने PTI को बताया, "अन्ना ने सुबह 11 बजे अपना आंदोलन शुरू किया और दोपहर 1 बजे इसे खत्म किया।" अहिल्यानगर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास आंदोलन करने के बाद, हजारे उसी जिले में स्थित अपने गांव रालेगण सिद्धि के लिए रवाना हो गए।
-
July 23, 2026 2:26 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
छात्र जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं- डॉ. गीतांजलि जे. आंग्मो
सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि जे. आंग्मो ने कहा- "एक शिक्षक के तौर पर, अपने छात्रों की छवि खराब होते देखना मेरे लिए बहुत दुखद है। छात्र जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। अगर दिल्ली में कहीं और हिंसा की खबरें आती हैं, तो कृपया बिना सबूत के उन्हें इस आंदोलन से न जोड़ें। जो लोग इन युवाओं को सच में जानते हैं, उन्होंने इनका असाधारण धैर्य, अनुशासन और संयम देखा है।"
-
July 23, 2026 2:17 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
अभिजीत दिपके की तबीयत खराब
अभिजीत दिपके ने कहा- "पिछले कुछ दिनों से मुझे बुख़ार और शरीर में तेज दर्द है, लेकिन पेनकिलर लेकर मैं काम चला रहा हूं। अगर आज मैं जंतर-मंतर पर न दिखूं तो माफ कीजिएगा। मुझे ठीक होने के लिए कुछ घंटे आराम करने की जरूरत है। शाम तक मैं विरोध-प्रदर्शन वाली जगह पर वापस आ जाऊंगा।"
-
July 23, 2026 2:11 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
सरकार फास्ट ट्रैक कोर्ट के लिए राज्यों के चीफ जस्टिस को पत्र लिखेगी
सूत्रों के मुताबिक, पेपर लीक मामले में 4 जगह केस दर्ज हुए हैं औरंगाबाद, नागपुर, कोलकाता और जबलपुर। केंद्र सरकार चारों जगह फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के लिए इन राज्यों के चीफ जस्टिस को पत्र लिखेगी और रोज सुनवाई करवाई जाएगी जिससे दोषियों को जल्दी सजा मिले।
-
July 23, 2026 1:47 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
CJP ने बातचीत का प्रस्ताव ठुकराया
सरकारी सूत्रों का कहना है कि विरोध कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को बातचीत जारी रखने का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन CJP के नेतृत्व ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
-
July 23, 2026 1:45 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
सत्ता के भूखे लोग युवाओं की भावनाओं का फायदा उठा रहे- गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "मैं युवाओं से कहना चाहता हूं कि सत्ता के भूखे कुछ लोग ऐसे आंदोलनों को भड़काने के लिए उनकी भावनाओं का फायदा उठा रहे हैं। सरकार NEET के मुद्दे पर चर्चा करना चाहती है, लेकिन विपक्ष चर्चा से भाग रहा है। देश विपक्ष के रवैये को समझता है।"
-
July 23, 2026 12:55 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है- जेपी नड्डा
स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा- "प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य और उनके हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। पेपर लीक जैसी गंभीर चुनौती से निपटने के लिए प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई का संकल्प हमारी सरकार की संवेदनशीलता और युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है। इसके विपरीत, विपक्ष और उसके नेता राहुल गांधी संसद में इस महत्वपूर्ण विषय पर सार्थक चर्चा करने से बचते हुए सड़कों पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, जो उनके गैर-जिम्मेदाराना और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत आचरण को दर्शाता है।"
-
July 23, 2026 12:51 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
DMK ने की NEET परीक्षा खत्म करने की मांग
मॉनसून सत्र के दौरान संसद की सीढ़ियों पर विरोध प्रदर्शन करते हुए DMK सांसदों ने NEET परीक्षा को खत्म करने की मांग की है।
-
July 23, 2026 12:50 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
जंतर-मंतर CJP और निहंग सिखों की झड़प
दिल्ली के जंतर-मंतर से बड़ी घटना सामने आई है। यहां कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों की निहंग सिखों से झड़प हो गई है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
-
July 23, 2026 12:32 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
पीएम का फैसला मील का पत्थर साबित होगा
पीएम मोदी के ऐलान पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- "युवाओं का हित और उनका उज्ज्वल भविष्य मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता भी है और संकल्प भी। प्रधानमंत्री द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट्स के गठन से पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ त्वरित सुनवाई और कठोर कार्रवाई का निर्णय इसी का प्रतिबिंब है। पेपर लीक के कारण युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह महत्वपूर्ण कदम मील का पत्थर साबित होगा।"
-
July 23, 2026 12:18 PM (IST) Posted by Subhash Kumar
जो लोग जिम्मेदार हैं, उन्हें हटाना चाहिए- हरसिमरत कौर बादल
पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने की PM मोदी की घोषणा पर अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल ने कहा, "देर आए, दुरुस्त आए! यह समय-सीमा के भीतर होना चाहिए और जो लोग इसके लिए ज़िम्मेदार हैं, उन्हें हटाया जाना चाहिए।"
-
July 23, 2026 11:46 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
युवा हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत- सम्राट चौधरी
पीएम मोदी के ऐलान पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा- "युवा हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनके सपनों और भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिलेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना मोदी सरकार की गारंटी है।"
-
July 23, 2026 11:16 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
कोर्ट में की गई NIA जांच की मांग
दिल्ली हाई कोर्ट शुक्रवार को एक PIL पर सुनवाई करेगा। इस PIL में कथित NEET पेपर लीक को लेकर 20 जुलाई को हुए "संसद चलो" विरोध प्रदर्शन की NIA से जांच कराने की मांग की गई है। इस PIL में दिल्ली पुलिस की सभी संबंधित FIR को एक विशेष जांच एजेंसी को सौंपने और हिंसा में कथित तौर पर शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है।
-
July 23, 2026 10:32 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
उपद्रवियों ने स्पेशल एप का इस्तेमाल किया
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि संसद मार्च के दौरान उपद्रवियों ने हिंसा के दौरान एक दूसरे से कम्युनिकेट करने के लिए स्पेशल एप्लीकेशन का इस्तेमाल किया था।
-
July 23, 2026 10:31 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
प्रदर्शन में एसीपी पर जानलेवा हमला
जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के एसीपी विवेक भगत पर जानलेवा हमला किया गया है। पुलिस ने एसीपी विवेक भगत और अन्य इंस्पेक्टर्स पर हुए हमले के मामले में FIR दर्ज कर ली है।
-
July 23, 2026 10:13 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
चर्चा से पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो- सागरिका घोष
पेपर लीक में शामिल लोगों को कड़ी सजा दिलाने के लिए फ़ास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के बारे में PM मोदी के ट्वीट पर TMC सांसद सागरिका घोष ने कहा, "पहले इस्तीफा, फिर चर्चा। हम सदन में NEET पर चर्चा की मांग कर रहे हैं, लेकिन चर्चा से पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना होगा। अगर वह इस्तीफा नहीं देते हैं, तो हम चर्चा नहीं करेंगे। धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा क्यों नहीं देंगे? यह एक बहुत अहम सवाल है।"
-
July 23, 2026 10:12 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं- राहुल गांधी
पीएम मोदी के ट्वीट पर राहुल गांधी का भी रिएक्शन सामने आया है। राहुल गांधी ने कहा है कि आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। आपने न सिर्फ हमारी एजुकेशन सिस्टम पर पूरा कब्जा होने और उसे बर्बाद होने दिया, उसे बढ़ावा भी दिया- और इसके जिम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया।
छात्रों की मांगें साफ हैं:
1. धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं।
2. छात्रों से माफी मांगे।
3. छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। -
July 23, 2026 9:54 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
युवाओं का हित और भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा है कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
-
July 23, 2026 9:22 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
पीएम मोदी ने जारी किया बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोदी ने गुरुवार को पेपर लीक के मुद्दे पर बयान जारी किया है। पीएम मोदी ने कहा है कि दोषियों को कठोर दंड देने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा।
-
July 23, 2026 9:11 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
प्रदर्शन में बाधा डालने के लिए बाहर से लोगों को भेजा जा रहा- दिपके
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने कहा- "जान-बूझकर विरोध प्रदर्शन में बाधा डालने के लिए बाहर से लोगों को भेजा जा रहा है। हम यहां एक महीने से बैठे हैं। एक महीने में ऐसी कोई घटना नहीं हुई। लेकिन अब, जैसे-जैसे यह विरोध प्रदर्शन बढ़ा है, बाहर से गुंडों को भेजकर लोगों को जान-बूझकर भड़काया जा रहा है।"
-
July 23, 2026 9:03 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
पेट्रोल पंप व दुकानों के शीशे तोड़े गए
जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसकी पुष्टि दिल्ली पुलिस ने की है। फुटेज में पत्थरबाज़ी और पेट्रोल पंप व दुकानों के शीशे तोड़ने की घटनाएं दिखाई दे रही हैं। दिल्ली पुलिस और RAF के जवानों पर भी पत्थर फेंके जाते हुए देखे जा सकते हैं।
-
July 23, 2026 8:55 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
अहमदाबाद में100 से ज्यादा लोग हिरासत में
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अहमदाबाद में गुजरात विश्वविद्यालय के बाहर पुलिस की अनुमति के बिना विरोध-प्रदर्शन कर रहे 100 से ज्यादा लोगों को बुधवार शाम हिरासत में ले लिया गया।
-
July 23, 2026 8:51 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
सोनम सर से भूख हड़ताल खत्म करने की रिक्वेस्ट- अभिजीत दिपके
अभिजीत दिपके ने कहा, "सोनम सर की भूख हड़ताल जारी है। आज उनकी भूख हड़ताल का 26वां दिन है, इसलिए जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, हमारा प्रोटेस्ट जारी रहेगा। लेकिन हम सोनम सर से रिक्वेस्ट कर रहे हैं कि वे अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दें क्योंकि हम उनकी जान नहीं गंवा सकते...
-
July 23, 2026 8:51 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
लाठीचार्ज बहुत बेरहम था- अभिजीत दिपके
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडिंग प्रेसिडेंट अभिजीत दिपके ने कहा, "मैं लाठीचार्ज के बारे में पहले ही बोल चुका हूं। यह बहुत बेरहम था और हम इसे करने वाले पुलिस अधिकारियों को कोर्ट में ले जाएंगे। आज हमारे प्रोटेस्ट का 34वां दिन है।"
-
July 23, 2026 8:50 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
हिंसा का आदेश तो नहीं दिया जा रहा है?
क्या जंतर मंतर पर बैठे प्रदर्शनकारियों की तरफ से नई दिल्ली में मौजूद प्रदर्शनकारियों को हिंसा का आदेश दिया जा रहा है? साजिश के ऐसे सबूत मिल रहे है जिनपर पुलिस की अलग तफ्तीश जारी है।
-
July 23, 2026 8:49 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
जंतर मंतर और कनॉट प्लेस में SMS से हिंसा की साजिश
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक नई दिल्ली इलाके में नेट बन्द होने के बावजूद जंतर मंतर और कनॉट प्लेस के इलाके टॉलस्टॉय मार्ग, जनपथ पर सबसे ज्यादा मैसेजिंग हो रही है। नेटवर्क कनेक्शन और एसएमएस इन इलाकों में सबसे ज्यादा एक्सचेंज किए जा रहे है।
-
July 23, 2026 8:49 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
अतिरिक्त बल तैनात
सूत्रों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे के आसपास इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने का संदेश भी जारी हुआ था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस की मौजूदगी लगातार बढ़ाई गई है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। स्थिति पर पुलिस की कड़ी नजर है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
-
July 23, 2026 8:45 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
ACP विवेक भगत को दी गई RML अस्पताल से छुट्टी
कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत को बीती रात जंतर-मंतर के पास हुई कथित पत्थरबाजी की घटना के बाद डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाया गया। जांच के दौरान उनके हाथों, पैरों और कंधे पर कई जगह चोट के निशान मिले। इसके अलावा सिर के पीछे वाले हिस्से में सूजन पाई गई। एसीपी विवेक भगत ने यह भी बताया कि उनके कान से खून निकला था और उन्हें उल्टी भी हुई थी। अस्पताल के सर्जरी विभाग की मेडिकल टीम ने उनका परीक्षण किया और जरूरी इलाज उपलब्ध कराया। इसके बाद एसीपी विवेक भगत ने अपनी आगे की चिकित्सा एम्स, नई दिल्ली में कराने की इच्छा जताई। आवश्यक चिकित्सीय जांच पूरी होने के बाद उनकी मांग पर उन्हें RML अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। (रिपोर्ट: अभय पराशर)
-
July 23, 2026 8:04 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
पुलिस को स्ट्रिक्ट एक्शन लेने आदेश नहीं
सूत्रों के अनुसार, सरकार की तरफ से स्ट्रिक्ट एक्शन लेने आदेश नहीं दिया गया है। सरकार स्टूडेंट्स को लेकर बातचीत का रास्ता निकालना चाहती है। इसलिए फोर्सेस बहुत संयम से बस अपनी जान बचा रही है, स्ट्रिक्ट जवाब नहीं दे रही।
-
July 23, 2026 7:58 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
दिल्ली में 16 मेट्रो स्टेशन आज बंद रहेंगे
दिल्ली में गुरुवार को 16 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया गया है। पेपर लीक प्रोटेस्ट को देखते हुए DMRC ने ये फैसला किया है। राजीव चौक, पटेल चौक मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे। ITO, दिल्ली गेट, मंडी हाउस, सुप्रीम कोर्ट मेट्रो बंद रहेंगे। इसके अलावा खान मार्केट और केन्द्रीय सचिवालय भी बंद रहेंगे।
-
July 23, 2026 7:40 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
बाहरी असामाजिक तत्वों ने हाईजैक किया आंदोलन- पुलिस सूत्र
दिल्ली पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जंतर-मंतर पर जारी ये आंदोलन अब पूरी तरह मममममममर लिया है। ये भीड़ में घुसकर नुकीले पत्थर, बोतलों से अचानक वर्दी वालो पर हमला शुरू करते है फिर पूरी भीड़ आक्रामक हो जाती है।
-
July 23, 2026 7:24 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
सलमान खान ने भी बयान जारी किया
पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी विरोध-प्रदर्शनों पर अभिनेता सलमान खान ने भी बयान जारी किया है। सलमान खान ने कहा- "यह आंदोलन बहुत शांतिपूर्ण था; बहुत दुख की बात है कि इसने हिंसक रूप ले लिया। जो छात्र और उनके परिवार घायल हुए, उनके प्रति मेरी पूरी संवेदना है। पेपर लीक एक बहुत गंभीर मुद्दा है। मुझे यह देखकर खुशी है कि हमारे देश के बच्चे बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट हुए हैं और उनके माता-पिता ने उनका साथ दिया है। यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा प्रणाली के बीच का है, इसे राजनीतिक रूप से हथियाया नहीं जाना चाहिए।"
-
July 23, 2026 6:50 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
कई असामाजिक तत्व धरना स्थल में घुसे- पुलिस
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि कई असामाजिक तत्व धरना स्थल में प्रवेश कर गए हैं। वे आयोजकों (CJP) की बात भी नहीं सुन रहे हैं और सुरक्षाकर्मियों पर पथराव कर रहे हैं।
-
July 23, 2026 6:47 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
वांगचुक ने अनशन खत्म करने का संकेत दिया
सोनम वांगचुक ने अस्पताल से वीडियो जारी किया है और अपना अनशन खत्म करने का संकेत दिया है। उन्होंने शर्त रखी है कि सरकार छात्रों पर बल प्रयोग रोकने और मुकदमे वापस लेने का भरोसा दे।
-
July 23, 2026 6:46 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा का भरोसा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने संसद में पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा का भरोसा दिया है। उन्होंने विपक्ष को दिन और समय तय करने का हक दिया है।
-
July 23, 2026 6:45 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
SMS से मोबिलाइज किए गए प्रदर्शनकारी
जानकारी के अनुसार, इंटरनेट बंद होने के बाद जंतर-मंतर के आसपास प्रदर्शनकारी SMS से मोबिलाइज किए गए थे।
-
July 23, 2026 6:45 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस पर पथराव
दिल्ली में जंतर मंतर के पास बुधवार की शाम प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव की घटना में कम से कम दो सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) और चार कर्मी घायल हो गए हैं।