A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. DK शिवकुमार का शपथ ग्रहण क्यों है खास, कैसी रहेगी बेंगलुरु की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था, जानिए

DK शिवकुमार का शपथ ग्रहण क्यों है खास, कैसी रहेगी बेंगलुरु की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था, जानिए

कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार आज कर्नाटक के सीएम पद की शपथ लेंगे। उनके शपथ ग्रहण में क्या है खास बात, कैसी होगी शपथ ग्रहण समारोह की सुरक्षा व्यवस्था और बेंगलुरु में कैसी रहेगी ट्रैफिक की व्यवस्था? जानें सबकुछ...

डीके शिवकुमार का शपथ...- India TV Hindi
डीके शिवकुमार का शपथ ग्रहण आज

कांग्रेस नेता डी.के. शिवकुमार आज (3 जून 2026) कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शिवकुमार का शपथ ग्रहण समारोह आज शाम 4:05 बजे है। इससे पहले बेंगलुरु शहर की सुरक्षा व्यसवस्था सख्त कर दी गई है और लोगों को परेशानी ना हो इसके लिए ट्रैफिक एडवायजरी भी जारी की गई। बेंगलुरु के लोक भवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है, जहां विधान सौधा और लोक भवन परिसर के आसपास कांग्रेस के झंडे और सोनिया गांधी, राहुल गांधी, शिवकुमार, कर्नाटक के प्रभारी एआईसीसी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला और निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सहित नेताओं की तस्वीरों वाले बड़े बैनर लगाए गए हैं।

Image Source : indiatvशपथ ग्रहण की खास बातें

शपथ ग्रहण से संबंधित खास जानकारी

  • डीके शिवकुमार शाम 4 बजकर 5 मिनिट पर CM पद की शपथ लेंगे।
     
  • लोकभवन में एक सादे समारोह में राज्यपाल थावरचंद गहलोत शिवकुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
     
  • डीके शिवकुमार के साथ 14 मंत्री ले सकते हैं शपथ।
     
  •  इसे लेकर शिवकुमार ने कहा मंत्रियों की लिस्ट अभी फाइनल नहीं हुई है दोपहर तक दिल्ली से आएगी। शिवकुमार की कैबिनेट में सिर्फ दलित नेता Dr G परमेश्वर अकेले डेप्युटी CM हो सकते हैं।
     
  • ज्योतिष की सलाह पर लोकभवन के ग्लास हाउस में ईस्ट फेसिंग मंच बनाया गया है।
     
  • नई दिल्ली से लौटने के बाद D K शिवकुमार ने कल देर रात अपने श्रद्धेय संत अज्जय्या के मठ का दौरा किया और परिवार के साथ विशेष पूजा की करीब 2 घंटे तक वे मठ में रहे।
     
  • आज शपथ ग्रहण से पहले वे बेंगलुरु के पास अपने गांव कनकपुरा जाएंगे वहां अपनी मां गौरम्मा का आशीर्वाद लेंगे और उसके बाद कुछ मंदिरों में दर्शन करेंगे।
     
  • राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ साथ दिल्ली से कई सीनियर नेता, कांग्रेस शासित राज्यों के CM, MP और अलग अलग क्षेत्रों के प्रमुख मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
     
  • शपथ ग्रहण के बाद D K शिवकुमार विधानसभा में कैबिनेट की बैठक करेंगे और उसके बाद KPCC ऑफिस जाकर सभी पदाधिकारियों को सम्बोधित करेंगे।

सरकारी कार्यालय में आज आधे दिन की है छुट्टी

कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष शिवकुमार बुधवार को शाम 4:05 बजे लोक भवन परिसर में मंत्रिपरिषद के कुछ सदस्यों के साथ शपथ लेंगे। उन्हें 30 मई को कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल का आधिकारिक नेता चुना गया था। लोक भवन के आसपास भारी जनसमूह और यातायात की आशंका को देखते हुए, विधान सौधा, विकास सौधा और बहुमंजिला सरकारी कार्यालय भवन में कार्यरत कर्मचारियों के लिए 3 जून को आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है।

Image Source : indiatvबेंगलुरु की ट्रैफिक व्यवस्था

आज घर से निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था देख लें

  • सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (सीबीडी) क्षेत्र और रेस कोर्स रोड के आसपास भारी भीड़भाड़ की आशंका को देखते हुए, बेंगलुरु यातायात पुलिस ने उस दिन दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था की घोषणा की है।
     
  • कार्यक्रम के लिए आधिकारिक रूप से अधिकृत वाहनों को छोड़कर, सभी वाहनों का आवागमन कुब्बन रोड, केआर सर्कल से डॉ. बी.आर. अंबेडकर रोड, रेस कोर्स रोड और क्वींस जंक्शन और सेंट मार्क रोड से लोक भवन की ओर जाने वाली सड़कों पर प्रतिबंधित रहेगा।
     
  • वाहनों को देरी से बचने के लिए शिवाजीनगर, कनिंघम रोड और अनिल कुंबले जंक्शन होते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
     
  • यातायात पुलिस ने यात्रियों से समारोह के दौरान सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने और अधिकारियों के साथ सहयोग करने का आग्रह किया है।
     
  • विधान सौधा से लोक भवन तक के रास्ते में कांग्रेस के झंडे और बैनर लगाए गए हैं, जबकि समारोह के प्रसारण के लिए कई स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।
     
  • कार्यक्रम स्थल के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ की आशंका को देखते हुए लोक भवन की ओर जाने वाली सड़कों पर बैरिकेड लगाए गए हैं।

बेंगलुरु पुलिस ने दी खास जानकारी

  • बेंगलुरु पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने बताया कि अतिथि सूची, कार्यक्रम स्थल और कार्यक्रम के क्रम को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों और प्रोटोकॉल अधिकारियों के साथ बैठकें की गई हैं। उन्होंने पत्रकारों से कहा, “इन जानकारियों के आधार पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चूंकि यह एक इनडोर कार्यक्रम है और बैठने की क्षमता सीमित है, इसलिए प्रवेश केवल आमंत्रित अतिथियों तक ही सीमित रहेगा।”
     
  • सिंह ने बताया कि केवल अधिकृत वाहन और आगंतुक पास ही मान्य होंगे और राज्य के बाहर से आने वाले वीआईपी और गणमान्य व्यक्तियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने आगे कहा, “साथ ही, कार्यक्रम स्थल के बाहर भी भीड़ की आशंका है, जहां कार्यक्रम देखने के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।”
     
  • आयुक्त ने कहा कि जनता को क्षेत्र में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक उपाय किए गए हैं। उन्होंने आगे बताया कि यातायात योजना तैयार कर ली गई है और कार्यक्रम स्थल के आसपास वाहनों की आवाजाही के संबंध में सलाह जारी कर दी गई है।
     
  • सिंह के अनुसार, इस अभियान की निगरानी विधि एवं व्यवस्था शाखा, यातायात शाखा और वीवीआईपी सुरक्षा शाखा द्वारा की जा रही है, और सुरक्षा कार्यों के लिए बेंगलुरु शहर पुलिस के विभिन्न विभागों के कर्मियों को तैनात किया गया है।
     
  • उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए पास कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग (डीपीएआर) द्वारा समन्वित और जारी किए जा रहे हैं। पुलिस को प्राप्त जानकारी के आधार पर, निर्धारित द्वारों से वाहनों के प्रवेश के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बैठने की व्यवस्था भी की जा रही है।
     
  •  पुलिस कमांड सेंटर पूरी तरह से कार्यरत रहेगा और कार्यक्रम स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी। सिंह ने कहा, “यातायात प्रबंधन केंद्र के माध्यम से यातायात की निगरानी की जाएगी, जबकि एआई-सक्षम कैमरों सहित निगरानी प्रणालियों का उपयोग सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में मदद के लिए किया जाएगा।”

Latest India News