1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी पर हल्द्वानी में FIR, 'शुद्धिकरण' पर सियासी घमासान, SC-ST एक्ट में दर्ज हुआ केस

राहुल गांधी पर हल्द्वानी में FIR, 'शुद्धिकरण' पर सियासी घमासान, SC-ST एक्ट में दर्ज हुआ केस

शुद्धिकरण को जातिगत रंग देने के आरोप में कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज हुई। ये एफआईआर श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास ने दर्ज कराई है।

कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी- India TV Hindi
Image Source : PTI कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी

उत्तराखंड में राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में FIR दर्ज की गई है। अब शुद्धिकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप है कि शुद्धिकरण की घटना को जातिगत रंग देने और सामाजिक माहौल प्रभावित करने की कोशिश की गई।

 श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास ने दर्ज कराई FIR

जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में मामला दर्ज कराया गया है। शिकायत श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास की ओर से दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

बताया जा रहा है कि मामले में SC-ST एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। इसके अलावा BNS की धारा 196 और 299 के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

शुद्धिकरण को जातिगत रंग देने का आरोप

शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि शुद्धिकरण से जुड़े मामले को जातिगत मुद्दा बनाकर पेश किया गया, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। इसी आरोप को लेकर पुलिस से शिकायत की गई और FIR दर्ज कराई गई।

 राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना

FIR दर्ज होने के बाद उत्तराखंड में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और FIR में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।

इस मामले में अभी राहुल गांधी की नहीं आई प्रतिक्रिया

वहीं, राहुल गांधी की ओर से इस FIR और लगाए गए आरोपों पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसके साथ ही न ही किसी बड़े कांग्रेसी नेता का अभी कोई बयान सामने आया है।

मल्लिकार्जुन खरगे से जुड़ा है मामला

बता दें कि 8 अगस्त 2026 को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली को संबोधित किया था। इसके दो दिन बाद वहां कथित तौर पर 'शुद्धिकरण' की रस्म किए जाने का मामला सामने आया था। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि खरगे के दलित होने की वजह से उनके कार्यक्रम के बाद ऐसा किया गया।

राहुल गांधी ने की थी इसकी कड़ी आलोचना

राहुल गांधी ने इस घटना को छुआछूत और दलितों के अपमान से जोड़ते हुए इसकी कड़ी आलोचना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दोषियों के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत FIR दर्ज कराने की मांग की थी।
दूसरी तरफ बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया। बीजेपी की ओर से कहा गया कि यह किसी जातिगत भेदभाव के लिए नहीं, बल्कि मैदान की सफाई से जुड़ी कार्रवाई थी और पार्टी या RSS का इससे संबंध नहीं है।

हल्द्वानी से भूपेंद्र रावत की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

राहुल गांधी पर BJP IT सेल की ‘कारपेट बॉम्बिंग’, सोशल मीडिया पर मीम्स और वीडियो की बौछार

Latest India News