1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. छात्र आंदोलन पर संसद में होगी चर्चा, सरकार तैयार, रिजिजू बोले-'विपक्ष को सुनना होगा, गृह मंत्री देंगे जवाब'

छात्र आंदोलन पर संसद में होगी चर्चा, सरकार तैयार, रिजिजू बोले-'विपक्ष को सुनना होगा, गृह मंत्री देंगे जवाब'

दिल्ली में छात्र प्रदर्शनकारियों के मुद्दे पर सरकार सदन में चर्चा कराने के लिए तैयार है। इसकी जानकारी आज संसदीय कार्यमंत्री किरन रिजिजू ने दी। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री चर्चा का जवाब देंगे लेकिन विपक्ष को उन्हें सुनना होगा। ऐसा न हो कि विपक्ष हंगामा करने लगे और सदन छोड़कर भाग जाए।

किरन रिजिजू - India TV Hindi
Image Source : ANI किरन रिजिजू

नई दिल्ली: मानसून सत्र के दौरान विपक्ष की ओर से छात्र आंदोलन को लेकर सदन में चर्चा कराने की मांग पर सरकार तैयार हो गई है। संसदीय कार्यमंत्री किरन रिजिजू ने आज संसद में संसद के बाहर भी मीडिया को दिए बयान में कहा कि सरकार इस पर डिटेल में चर्चा कराएगी, एक-एक बात का जवाब दिया जाएगा। गृह मंत्री सदन में जवाब देंगे। लेकिन रिजिजू ने कहा कि सरकार की ओर से जो जवाब दिया जाएगा, उसे विपक्ष को सुनना होगा। ऐसा नहीं कि जब सरकार के गृह मंत्री की ओर से जवाब दिया जाने लगे तो विपक्ष के लोग हो-हल्ला और फिर हंगामा करने लगें या फिर सदन से भाग जाएं। उन्हें सरकार का जवाब सुनना चाहिए।

अमित शाह के बयान की मांग को लेकर आज भी हंगामा

दरअसल, राम मंदिर चढ़ावा चोरी और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही बाधित हुई और प्रश्नकाल तथा शून्यकाल नहीं चल सके। 

लोकसभा की कार्यवाही 11 बजे शुरू होते ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों के सदस्य अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के विरोध में और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर शोर-शराबा करने लगे।

कांग्रेस और सपा अपने मतभेद सुलझाए-रिजिजू

संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने कहा, " नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मांग की थी कि गृह मंत्री अमित शाह छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बारे में पार्लियामेंट में बयान दें। हमने साफ़ कर दिया है कि गृह मंत्री अमित शाह न सिर्फ़ बयान देंगे, बल्कि पूरी बहस और चर्चा का जवाब भी देंगे। हमने बिज़नेस एडवाइज़री कमेटी की बैठक में पहले ही कह दिया है कि सरकार छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर विस्तृत चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है और हर एक मुद्दे पर बात करने को तैयार है; विपक्ष को हंगामा नहीं करना चाहिए और कार्यवाही में बाधा नहीं डालनी चाहिए। हमने अपना प्रस्ताव रख दिया है। अब, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच कुछ मतभेद दिख रहे हैं, जिन्हें उन्हें सुलझाना होगा। जहां तक छात्रों के मुद्दे की बात है, हम चर्चा के लिए तैयार हैं। हमने अपना पक्ष रख दिया है। अब, यह समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर है कि वे अपने बीच के मतभेदों को सुलझाएं।"

विपक्ष को गुमराह करने की कोशिश-गौरव गोगोई

वहीं कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि छात्र आंदोलन के समय बच्चों पर जो अत्याचार हुआ, जो पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ, पुलिस द्वारा लड़कियों पर जो प्रहार हुआ, बिहार में AK-47 का जो इस्तेमाल हुआ, ये सब गृह मंत्री अमित शाह के संज्ञान में हुआ या उनके संज्ञान में नहीं हुआ इसको लेकर गृह मंत्री सदन में अपनी बात रखें  साथ ही विपक्ष  की दूसरी मांग है राम मंदिर ट्रस्ट में जो घोटाला हुआ उसको लेकर सदन में चर्चा हो लेकिन सरकार के तरफ से ना गृह मंत्री के लिए कोई स्पष्टीकरण है, क्या वे राम मंदिर पर चर्चा में भाग लेंगे? इस पर भी स्पष्टीकरण नहीं मिला है विपक्ष को गुमराह करने की कोशिश सरकार की तरफ से देख रहे हैं।

ये भी पढ़ें:

PM मोदी से मिले सुप्रिया सुले समेत NCP के 8 सांसद, परिसीमन बिल पर सियासी अटकलें तेज

Latest India News