A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'इस्तीफे की धमकी देकर ब्लैकमेल नहीं करूंगा', डी के शिवकुमार ने तमाम अटकलों पर दिया बड़ा बयान

'इस्तीफे की धमकी देकर ब्लैकमेल नहीं करूंगा', डी के शिवकुमार ने तमाम अटकलों पर दिया बड़ा बयान

सत्ता परिवर्तन की तमाम अटकलों के बीच कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने कहा है कि वह इस्तीफे की धमकी देकर ब्लैकमेल नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, "मैं कांग्रेस को ब्लैकमेल करने वाला नहीं हूं। मैंने इस पार्टी को खड़ा किया है।"

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार। - India TV Hindi
Image Source : X/DKSHIVAKUMAR कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार।

बेंगलुरु: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने तमाम राजनीतिक बयानबाजियों के बीच एक नया बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की अफवाहों को खारिज कर दिया है। रविवार को डी के शिवकुमार ने कहा कि वह पार्टी के एक अनुशासित सिपाही हैं। उनकी यह टिप्पणी कर्नाटक में संभावित नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच आई है। बता दें कि ये अटकलें शनिवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद लगाई जा रही हैं।

'फेरबदल का निर्णय सिद्धरमैया का विशेषाधिकार'

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने इस बात पर जोर दिया कि फेरबदल का निर्णय पूरी तरह सिद्धरमैया का विशेषाधिकार है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी आलाकमान के साथ विचार-विमर्श के बाद किया जाएगा। डी के शिवकुमार ने बताया कि वह कर्नाटक में 100 नए कांग्रेस कार्यालयों के शिलान्यास समारोह के वास्ते राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को आमंत्रित करने के लिए दिल्ली आए थे। इसके अलावा सिद्धारमैया भी दिल्ली में ही हैं। 

'कांग्रेस को ब्लैकमेल करने वाला नहीं हूं'

डी के शिवकुमार ने नई दिल्ली में कहा, ‘‘शिलान्यास समारोह और कई अन्य कार्यक्रम होने वाले हैं। यह सब कौन संभालेगा? मुझे ही करना है। मैं (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से) इस्तीफा देने की बात क्यों कहूंगा? अभी ऐसी स्थिति नहीं आई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं एक अनुशासित सिपाही की तरह पार्टी की सेवा के लिए समर्पित हूं और मुझे जो भी ज़िम्मेदारी सौंपी जाती है, मैं उसे पूरा करता हूं।’’ शिवकुमार ने इन अटकलों को मीडिया की उपज बताया और कहा, ‘‘मैं कांग्रेस को ब्लैकमेल करने वाला नहीं हूं। मैंने इस पार्टी को खड़ा किया है और इसके लिए दिन-रात अथक परिश्रम किया है। मैं आगे भी ऐसा करता रहूंगा। हमारी पार्टी 2028 में (कर्नाटक में) सत्ता में वापसी करेगी।’’

यह भी पढ़ें-

बिहार में नीतीश कैबिनेट की आज आखिरी बैठक, नई सरकार के गठन पर होगी चर्चा, पारित किए जाएंगे ये प्रस्ताव

दिल्ली ब्लास्ट: आत्मघाती हमलावर के साथ आतंकी साजिश रचने वाला 'आमिर राशिद' गिरफ्तार, NIA को मिली बड़ी सफलता

Latest India News