1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में नीतीश कैबिनेट की आज आखिरी बैठक, नई सरकार के गठन पर होगी चर्चा, पारित किए जाएंगे ये प्रस्ताव

बिहार में नीतीश कैबिनेट की आज आखिरी बैठक, नई सरकार के गठन पर होगी चर्चा, पारित किए जाएंगे ये प्रस्ताव

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Nov 16, 2025 11:52 pm IST,  Updated : Nov 17, 2025 12:01 am IST

बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम में एनडीए ने अभूतपूर्व सीटें जीती हैं। एक बार फिर से बिहार में एनडीए की सरकार बनने वाली है। मुख्यमंत्री के शपथ समारोह की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार- India TV Hindi
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार Image Source : PTI

बिहार में विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में सोमवार को निवर्तमान मंत्रिमंडल की अंतिम बैठक होगी, जिसमें निश्चित रूप से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस दिशा में जरूरी कदम उठाने के लिए अधिकृत किया जाएगा। 

विधानसभा को भंग करने का प्रस्ताव होगा पारित

कैबिनेट सचिवालय विभाग की अधिसूचना के अनुसार, मंत्रिपरिषद की बैठक सोमवार को होगी। जेडीयू के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि इस बैठक में निवर्तमान विधानसभा को भंग करने और नीतीश कुमार को राज्यपाल से मिलने के लिए अधिकृत करने के लिए प्रस्ताव पारित किए जायेंगे। बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने विधानसभा चुनाव में निर्वाचित हुए सदस्यों की सूची के साथ राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की थी। 

एनडीए ने जीतीं 200 से ज्यादा सीटें

चुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 243 सदस्यीय विधानसभा में 200 से अधिक सीट पर जीत हासिल की। बीजेपी ने सबसे अधिक 89, जेडीयू ने 85, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 19, हिंदुस्ताव अवाम मोर्चा सेक्युलर (HAM) ने 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्च (RLM) ने 4 सीट जीतीं। 

कुछ ही दिन में बन जाएगी नई सरकार-JDU

इस बीच, राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत करने के बाद दिल्ली से लौटे जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पटना मुख्यमंत्री से मुलाकात की। बाद में उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'कुछ ही दिन में नई सरकार बन जाएगी। समय आने पर आपको इसकी विस्तृत जानकारी मिल जाएगी। हम एनडीए के घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।' 

पीएम मोदी आएंगे शपथ समारोह

जेडीयू के एक नेता ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर कहा, 'यह लगभग तय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शपथ ग्रहण समारोह के लिए आएंगे। यह संभवतः ऐतिहासिक गांधी मैदान में एक भव्य समारोह होगा, जहां बड़ी संख्या में लोग आ सकते हैं।' 

नए मंत्रिमंडल में JDU को ज्यादा मंत्रियों की उम्मीद

जेडीयू नेता ने यह भी कहा, 'हम नए मंत्रिमंडल में पिछली बार की तुलना में अधिक प्रतिनिधित्व की उम्मीद कर रहे हैं। पिछली सरकार में हमारी पार्टी के सिर्फ 12 मंत्री थे। इस चुनाव में हमारी सीट काफी बढ़ी हैं, इसलिए हम मंत्रिमंडल में ज्यादा जगह चाहते हैं।'इसके साथ ही उन्होंने लोजपा (राम विलास) और आरएलएम का जिक्र करते हुए स्वीकार किया कि विभिन्न गठबंधन सहयोगियों की मांगों को पूरा करना एक चुनौतीपूर्ण काम होगा। (भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

पटना के गांधी मैदान में 20 नवंबर को हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह, पीएम मोदी के आने की संभावना- सूत्र

बिहार चुनाव में एनडीए की बंपर जीत पर आया सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत का बयान, जानिए क्या कहा?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।