1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Karnataka Budget: कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों के लिए किए बड़े ऐलान, BJP बोली- 'ये आधुनिक मुस्लिम लीग...'

Karnataka Budget: कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों के लिए किए बड़े ऐलान, BJP बोली- 'ये आधुनिक मुस्लिम लीग...'

Karnataka Budget: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सीएम सिद्धारमैया ने राज्य का बजट पेश कर दिया है। कांग्रेस सरकार ने इस बजट में अल्पसंख्यकों के लिए कई बड़े ऐलान किए है।

कर्नाटक बजट।- India TV Hindi
Image Source : ANI कर्नाटक बजट।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को राज्य का बजट पेश कर दिया है। इस बजट में राज्य के अल्पसंख्य समुदाय के लिए कई बड़े ऐलान किए गए हैं। हालांकि, इस बजट पर भाजपा ने कड़ा रिएक्शन दिया है। भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने तो इसे आधुनिक मुस्लिम लीग बजट कह दिया है। आइए जानते हैं कि बजट में अल्पसंख्यकों के लिए कौन सी बड़ी बाते हैं।

अल्पसंख्यक कल्याण:

  • वक्फ जमीन के संरक्षण रखरखाव और कब्रिस्तान के लिए 150 करोड़ का आवंटन।
  • CM अल्पसंख्यक कॉलोनी डेवलेपमेंट प्रोग्राम के तहत 1000 करोड़ का एक्शन प्लान वित्तीय वर्ष 25-26 में लागू होगा।
  • आर्थिक रूप से कमजोर अल्पसंख्यकों की शादी के लिए हर जोडे को 50 हजार की सहायता।
  • हज भवन परिसर में एक और इमारत बनाई जाएगी।

सरकार के अन्य बड़े ऐलान

  • कर्नाटक पब्लिक स्कूलों की तर्ज पर 250 मौलाना आज़ाद मॉडल इंग्लिश मीडियम स्कूलों में चरणबद्ध तरीके से प्री-प्राइमरी से लेकर पीयू तक की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इस उद्देश्य के लिए 500 करोड़ रुपये की कुल लागत वाला एक कार्यक्रम तैयार किया जाएगा। वर्तमान वर्ष में इस उद्देश्य के लिए 100 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है और यह कार्यक्रम स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से लागू किया जाएगा।"
  • मदरसों में धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ औपचारिक शिक्षा प्रदान करने के लिए, छात्रों को एनआईओएस के माध्यम से एसएसएलसी परीक्षा लिखने के लिए तैयार करने के लिए कंप्यूटर, स्मार्ट बोर्ड और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। 
  • कर्नाटक अल्पसंख्यक विकास निगम के माध्यम से अल्पसंख्यक युवाओं को नए स्टार्ट-अप शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कॉलोनी विकास कार्यक्रम के तहत 1,000 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। वित्त वर्ष 2025-26 में कार्य क्रियान्वित किए जाएंगे।
  • जैन पुजारियों, सिखों के मुख्य ग्रंथी और मस्जिदों के पेश-इमामों को दिया जाने वाला मानदेय बढ़ाकर 6,000 रुपये प्रति माह किया जाएगा। सहायक ग्रंथी और मुअज्जिन को दिया जाने वाला मानदेय बढ़ाकर 5,000 रुपये प्रति माह किया जाएगा।
  • अल्पसंख्यक समुदायों के सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के आयोजन के लिए राज्य भर में बहुउद्देश्यीय हॉल बनाए जाएंगे। हॉल का निर्माण होबली और तालुक स्तर पर 50 लाख रुपये और जिला मुख्यालयों और नगर निगम क्षेत्रों में 1 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
  • कलबुर्गी जिले के चित्तपुरा तालुका में प्राचीन बौद्ध केंद्र सन्नति में सन्नति विकास प्राधिकरण की स्थापना की जाएगी।
  • सरकार की 5 गारंटी को जारी रखने के लिए 51034 करोड़ रुपये का आवंटन।

भाजपा क्या बोली?

कर्नाटक के बजट को लेकर भाजपा के के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा- "कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी ने आधुनिक मुस्लिम लीग बजट पारित किया है। इस आधुनिक मुस्लिम लीग बजट में कांग्रेस पार्टी इमामों का मानदेय बढ़ाकर 6000 रुपये कर रही है। वक्फ को 150 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए पैसा केवल अल्पसंख्यक लड़कियों को दिया जा रहा है। अल्पसंख्यकों के लाभ के लिए 1000 करोड़ रुपये से अधिक का उपयोग किया जा रहा है। कल कर्नाटक सरकार ने हुबली दंगाइयों के खिलाफ मामले वापस लेने की बात कही। इसलिए, कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी ठीक उसी तरह सरकार चला रही है जैसे मोहम्मद अली जिन्ना ने पाकिस्तान में सरकार चलाई थी। यह संवैधानिक मूल्यों को वापस ले रही है और यह केवल उन बयानों, नीतियों को लागू कर रही है जो अल्पसंख्यक समुदायों के हित में हैं।"

ये भी पढ़ें- दिल्ली में BJP सांसदों ने तुगलक लेन का नाम बदला, नेम प्लेट पर लिखा ये नया पता

'मुफ्त अनाज देकर गरीबों को बनाया भिखारी, आर्थिक नीतियों पर भी फेल', सरकार पर खूब बरसीं मायावती

Latest India News