1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कर्नाटक विधान परिषद चुनाव में क्रॉस वोटिंग से BJP चीफ नितिन नवीन नाराज, प्रदेश अध्यक्ष समेत कई नेताओं को किया तलब

कर्नाटक विधान परिषद चुनाव में क्रॉस वोटिंग से BJP चीफ नितिन नवीन नाराज, प्रदेश अध्यक्ष समेत कई नेताओं को किया तलब

Karnataka MLC Election 2026 Results: कर्नाटक में कांग्रेस के पक्ष में क्रॉस वोटिंग के बाद BJP आलाकमान नाराज है और वहां के प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा समेत अन्य नेताओं को तलब किया गया है।

नितिन नवीन ने कर्नाटक...- India TV Hindi
Image Source : ANI (फाइल फोटो) नितिन नवीन ने कर्नाटक में BJP अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा को दिल्ली बुलाया है।

नई दिल्ली: कर्नाटक MLC चुनाव की 7 सीटों के नतीजे आने के बाद कर्नाटक की पॉलिटिक्स में क्रॉस वोटिंग को लेकर हलचल तेज हो गई है। चुनाव नतीजों के बीच BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कर्नाटक में BJP के अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा सहित अन्य कई लीडर्स को दिल्ली तलब किया है। माना जा रहा है कि पार्टी चुनाव के दौरान हुई संभावित क्रॉस वोटिंग और उसके प्रभाव की समीक्षा करेगी।

MLC चुनाव में कांग्रेस ने जीतीं 7 में से 5 सीटें

बता दें कि शुक्रवार को घोषित हुए परिणाम में कांग्रेस ने शानदार परफॉर्मेंस करते हुए 7 में से 5 सीटों पर जीत हासिल कर ली। कर्नाटक MLC चुनाव में कांग्रेस के बीके हरिप्रसाद, पीवी मोहन, शिवन्ना बीएस (मालवल्ली), थिप्पन्नप्पा कामकनूर और विनय कार्तिक जीत गए हैं। साथ ही, BJP के लिंगराज पाटिल और रघु आर ने भी विजय पाई। इसके अलावा, जनता दल (सेक्युलर) के कैंडिडेट गोविंदराजू को हार का मुंह देखना पड़ा।

कांग्रेस के 5वां और JDS के तीसरा प्रत्याशी उतारने से करानी पड़ी वोटिंग

कर्नाटक MLC चुनाव में 7 सीटों के लिए 8 प्रत्याशी मैदान में होने की वजह से वोटिंग कराई गई थी। कांग्रेस के 4 और BJP के दो कैंडिडेट्स की जीत तय थी। लेकिन मुकाबला दिलचस्प कांग्रेस के 5वें प्रत्याशी विनय कार्तिक और JDS उम्मीदवार गोविंदराजू के बीच था। आखिरकार विनय कार्तिक को दूसरे वरीयता वोटों का फायदा मिला और उन्होंने जीत हासिल की।

वोटिंग से 1 दिन पहले कांग्रेस ने कराई थी मॉक पोलिंग

गौरतलब है कि क्रॉस वोटिंग के संदेह के मद्देनजर कांग्रेस ने खास रणनीति बनाई थी। कांग्रेस ने अपने सभी 135 MLAs को एक रिसॉर्ट में रुकवाया था और वोटिंग से ठीक 1 दिन पहले उनसे मॉक पोलिंग करवाई थी। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी इस मॉक वोटिंग में शामिल रहे थे। यह मॉक पोल खासतौर पर पहली बार निर्वाचित हुए लगभग 40 विधायकों को वरीयता आधारित मतदान प्रणाली समझाने के लिए रखा गया था।

क्रॉस वोटिंग को लेकर BJP में होगा मंथन

एक प्रत्याशी की जीत के लिए कर्नाटक MLC चुनाव में 28 विधायकों के सपोर्ट की जरूरत थी। कांग्रेस को शक था कि जेडीएस उसके कुछ MLAs को प्रभावित कर सकता है, इसलिए कांग्रेस ने वोटिंग तक अपने विधायकों को एकजुट रखा। चुनाव नतीजे आने के बाद अब BJP के अंदर क्रॉस वोटिंग को लेकर मंथन शुरू हो गया है।

क्रॉस वोटिंग पर क्या बोले विजयेंद्र येदियुरप्पा?

कर्नाटक BJP प्रमुख विजयेंद्र येदियुरप्पा ने कहा कि आठ-दस दिन पहले, पूर्व सीएम और हमारे मौजूदा केंद्रीय मंत्री H.D. कुमारस्वामी ने मुझे फोन किया था। उन्होंने कहा था कि विजयेंद्र, अपने आलाकमान के नेताओं से बात करो। या तो आप तीसरा प्रत्याशी उतारो, या फिर हम MLC चुनाव में एक कैंडिडेट उतारेंगे। चलो उनका मुकाबला करते हैं। सच कहूं तो, हमें इतनी आसानी से हार नहीं माननी चाहिए।

विजयेंद्र येदियुरप्पा ने JD(S) को उम्मीदवार उतारने के लिए मनाया

विजयेंद्र येदियुरप्पा ने आगे कहा कि उन्होंने अच्छी नीयत से मुझे यह बात कही थी। उनसे मैंने भी कहा था कि नहीं, आप ही कैंडिडेट उतारिए। चलिए साथ में मिलकर इलेक्शन लड़ते हैं। मैंने उन्हें हमारी नेशनल लीडरशिप की राय के आधार पर यह बात बताई थी। मैंने उनको इस बारे में सूचना दी थी। BJP और JD(S) दोनों की नीयत यही थी कि हमें मुकाबला करना चाहिए, आसानी से हार नहीं माननी चाहिए और तीसरे कैंडिडेट को जिताने का पूरा प्रयास करना चाहिए। यह सच है कि दोनों दलों ने मिलकर प्रयास किया। लेकिन कल वोटिंग के दौरान, JD(S) की ओर से भी 6-7 क्रॉस वोट हुए। BJP की ओर से भी कम से कम 4-5 क्रॉस वोट हुए हैं। इसकी जानकारी हमें भी मिली है।

क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर होगी कार्रवाई

कर्नाटक BJP प्रमुख विजयेंद्र येदियुरप्पा बोले कि हमारी पार्टी में जिन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है, उन्हें माफ करने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता। उन्हें क्षमा नहीं किया जाएगा। हमारे पास इसको लेकर कुछ जानकारी भी है कि किसने यह खेल खेला हो सकता है। मैंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने का वक्त मांगा है। मैंने कर्नाटक में मौजूदा सियासी घटनाक्रम और विधान परिषद में हुई क्रॉस वोटिंग के बारे में उन्हें बताने का अनुरोध किया है। पूरी संभावना है कि वे आज या सोमवार को वक्त देंगे। मैं उनसे मिलूंगा, राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलूंगा और पूरी बात को समझाऊंगा। लेकिन एक बात पक्की है कि जिन MLAs ने पार्टी लाइन तोड़ी है, उन्हें पार्टी निश्चित तौर पर गंभीरता से लेगी। उनके खिलाफ जो भी जरूरी कार्रवाई होगी, हम वह करेंगे।

ये भी पढ़ें- 27 सीटों पर चुनाव के बाद कितना बदला राज्यसभा का गणित? दो-तिहाई बहुमत के कितने करीब पहुंचा BJP का NDA गठबंधन

Latest India News