LIVE: भारत मंडपम में होगा PM मोदी का संबोधन, लगातार सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के मौके पर NDA के नेताओं से करेंगे संवाद
नरेंद्र मोदी ने लगातार सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया है। इस मौके पर PM मोदी थोड़ी देर में NDA के घटक दलों को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम नई दिल्ली के भारत मंडपम में हो रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। उन्होंने आजाद भारत में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने के पंडित नेहरू के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। वह देश के सबसे लंबे कार्यकाल तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। 9 जून 2024 को नरेंद्र मोदी ने NDA के तीसरे कार्यकाल में पीएम पद की शपथ ली थी। इसी के साथ उनके सत्ता में रहने के 12 साल भी पूरे हो गए हैं। इस मौके पर आज (बुधवार को) PM मोदी, NDA के सभी दलों को संबोधित करेंगे।
नेहरू से आगे हुए PM नरेंद्र मोदी
नरेंद्र मोदी ने 26 मई, 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और आज 10 जून, 2026 तक उनके कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो गए हैं। अब वो सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। देश में पहले चुनाव 1952 में हुए थे। पंडित जवाहर लाल नेहरू मई, 1952 में पहली बार चुने हुए प्रधानमंत्री बने थे। उसके बाद वह 27 मई, 1964 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। पंडित नेहरू ने चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर 4 हजार 398 दिन काम किया लेकिन आज पीएम मोदी देश के पहले पीएम पंडित नेहरू से भी आगे निकल गए हैं।
BJP नेताओं की विशेष पूजा-अर्चना
इस मौके पर आज देशभर में कई धार्मिक कार्यक्रम हुए। साथ ही बीजेपी नेता ने पीएम मोदी के लिए मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की। पीएम मोदी की इस कामयाबी पर दिल्ली के सड़कों पर पीएम मोदी के बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए।
Live updates : Narendra Modi 12 years tenure LIVE Updates
-
June 10, 2026 7:21 PM (IST) Posted by Malaika Imam
एन. चंद्रबाबू नायडू ने दी बधाई
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने NDA की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक से पहले, मुख्यमंत्री नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें प्रधानमंत्री के तौर पर 12 साल पूरे करने पर बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं भी दीं।
-
June 10, 2026 6:33 PM (IST) Posted by Malaika Imam
PM मोदी ने उपराष्ट्रपति के संदेश पर आभार जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के शुभकामना संदेश पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहां कि भारत के लोगों का विश्वास और आशीर्वाद उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि उनका पूरा प्रयास “विकसित भारत” के निर्माण की दिशा में केंद्रित है, जो समृद्ध हो और अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करे। उन्होंने यह भी कहा कि देशवासियों की आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
-
June 10, 2026 6:27 PM (IST) Posted by Malaika Imam
राष्ट्रपति के संदेश पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के शुभकामना संदेश के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा, "आपकी शुभकामनाओं और स्नेहपूर्ण शब्दों के लिए मैं आपका आभारी हूं। इन वर्षों में जो कुछ भी हासिल हुआ है, वह भारत के लोगों के सामूहिक प्रयासों और आकांक्षाओं का परिणाम है। 140 करोड़ भारतीयों का स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत और प्रेरणा है। मुझे विशेष रूप से खुशी है कि आपने PM-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख किया। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि 'अंत्योदय' की सच्ची भावना के साथ विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।"
-
June 10, 2026 5:48 PM (IST) Posted by Malaika Imam
EU कमीशन की प्रेसिडेंट ने पीएम मोदी को दी बधाई
EU कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा, "प्रिय नरेंद्र मोदी, आज आप भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बन रहे हैं। आपको हार्दिक बधाई। आपके नेतृत्व में भारत ने न केवल चंद्रमा पर कदम रखा है, बल्कि अब सितारों तक पहुंचने का लक्ष्य भी तय कर लिया है। इसी तरह हमारी मित्रता भी नई ऊंचाइयों को छू रही है। प्रौद्योगिकी, गतिशीलता, सुरक्षा और रक्षा से लेकर अब तक के सबसे बड़े व्यापार समझौते तक, हमने साथ मिलकर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। हमने जो कुछ भी साथ मिलकर हासिल किया है, उसके लिए आपका धन्यवाद।"
-
June 10, 2026 5:28 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
PM मोदी ने भारत मंडपम में खाई झालमुरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली के भारत मंडपम में NDA की बैठक में साथी NDA नेताओं के साथ झालमुरी का आनंद लिया।
-
June 10, 2026 5:26 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
PM मोदी ने NDA नेताओं संग की बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के भारत मंडपम में देश भर के NDA नेताओं के साथ बैठक की।
-
June 10, 2026 4:57 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
भारत मंडपम पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नई दिल्ली के भारत मंडपम में NDA की मीटिंग में भाग लेने के लिए पहुंच गए हैं। उनके अलावा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गोवा के सीएम प्रमोद सावंत और बिहार के सीएम सम्राट चौधरी भी पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में पीएम मोदी, NDa के नेताओं को संबोधित करेंगे।
-
June 10, 2026 4:39 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
ओडिशा के गवर्नर ने PM मोदी को दी शुभकामना
ओडिशा के गवर्नर डॉ. हरि बाबू कम्भमपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री के तौर पर 12 साल पूरे होने पर कहा, "मैं भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने पर हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देना चाहता हूँ। अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने शासन में कई प्रगतिशील और जन-हितैषी कदम उठाए हैं। उदाहरण के लिए, GST सुधार उनके द्वारा किए गए प्रमुख सुधारों में से एक है। साथ ही 'स्वच्छ भारत अभियान', जिसके तहत आम लोगों के लिए करोड़ों शौचालय बनाए गए। इसी तरह, कई सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ शुरू की गईं, जैसे प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना, उज्ज्वला योजना और मुद्रा योजना।''
-
June 10, 2026 4:24 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने PM मोदी को दी बधाई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भारत के सबसे लंबे वक्त तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले नरेंद्र मोदी के बारे में कहा कि आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। हम महाराष्ट्र की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं व बधाई देना चाहते हैं। वे आज भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले पीएम बन गए हैं।
-
June 10, 2026 4:04 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
भारत मंडपम पहुंचे CM योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ NDA नेताओं की बैठक के लिए दिल्ली के भारत मंडपम पहुंच गए हैं। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, PMK अध्यक्ष अंबुमणि रामदास, केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी NDA नेताओं की बैठक के लिए दिल्ली के भारत मंडपम पहुंच गए हैं।
-
June 10, 2026 2:05 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने PM मोदी को लिखा पत्र
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने PM मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने पीएम मोदी को लिखे पत्र में कहा कि यह उपलब्धि उस भरोसे को दिखाती है जो भारत के लोगों ने लगातार चुनावों में आपके नेतृत्व पर जताया है। साधारण शुरुआत से लेकर भारत के सबसे लंबे समय तक चुने गए प्रधानमंत्री बनने तक का सफर भारतीय लोकतंत्र की सबसे प्रेरणादायक खूबी को फिर से साबित करता है।
-
June 10, 2026 12:59 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
इटली की PM मेलोनी ने क्या कहा?
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अपने X अकाउंट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक तस्वीर पोस्ट करते हुए उन्हें बधाई दी है। मेलोनी ने लिखा, ''नरेंद्र मोदी को बधाई, जो आज भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं। हाल के हफ़्तों में रोम में फिर से मिलना और साथ मिलकर एक स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप शुरू करना खुशी की बात रही है, जो हमारे देशों और हमारे लोगों के लिए नए मौके बनाने के लिए भविष्य की ओर देखती है।''
-
June 10, 2026 12:22 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
पीयूष गोयल ने विशेष पूजा और आरती की
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने और उनके भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने के उपलक्ष्य में विशेष पूजा और आरती की।
-
June 10, 2026 12:20 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
दोपहर 3 बजे भारत मंडपम में NDA की बैठक
आज प्रधानमंत्री मोदी NDA के दलों को संबोधित करेंगे। दोपहर 3 बजे दिल्ली के भारत मंडपम में NDA की बैठक है जिसमें प्रधानमंत्री मोदी के अलावा एनडीए के सभी दलों के मुखिया शामिल होंगे। बीजेपी शासित राज्यों से सीएम और डिप्टी सीएम भी मौजूद रहेंगे।
-
June 10, 2026 12:19 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
कैबिनेट बैठक में PM मोदी का अभिनंदन
बीजेपी आज पूरे देश में महाजश्न मना रही हैं। मोदी के मंत्री मंदिर मंदिर पूजा पाठ और हवन कर रहे हैं। इस बीच नरेंद्र मोदी आज भी ऑन ड्यूटी हैं। इस वक्त वह कैबिनेट की अहम बैठक ले रहे हैं। मीटिंग में कई अहम मुद्दों समेत 12 साल पूरे होने पर चर्चा हो रही है। कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाने पर प्रस्ताव पारित कर अभिनंदन किया गया। चाहे गरीब कल्याण का विषय हो या देश की सुरक्षा का, गरीबों के लिए खाद्यान्न सुरक्षा हो या इन्फ़्रास्ट्रक्चर या विदेश नीति और कृषि नीति। सभी मोर्चों पर पीएम मोदी के विजन और सरकार की उपलब्धियों का जिक्र प्रस्ताव में किया गया।
-
June 10, 2026 10:23 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
12 साल पूरे होने पर PM मोदी ने क्या पोस्ट किया?
अपने कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने कहा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। उन्होंने X पर वीडियो पोस्ट कर लिखा है,''जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है। सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः। विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥''
-
June 10, 2026 9:27 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
देश-दुनिया से मिल रही बधाई
मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए X पर लिखा, ''माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई। मालदीव आपसी सम्मान, संप्रभु समानता और साझा हितों के आधार पर भारत के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए तत्पर है।''
-
June 10, 2026 9:17 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
लोकसभा अध्यक्ष ने पीएम को लिखी चिट्ठी
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखकर बधाई दी है। उन्होंने लिखा है, ''आज जब आप प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों की निरंतर सेवा का यह महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर रहे हैं, तब स्वाभाविक रूप से यह उस प्रभाव का मूल्यांकन करने का भी अवसर है जो इस अवधि ने भारत की शासन व्यवस्था, लोकतांत्रिक संस्थाओं, विकास की दिशा और राष्ट्रीय मानस पर छोड़ा है। वर्तमान वैश्विक भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं एवं चुनौतियों के दौर में सशक्त और स्थिर राष्ट्रीय नेतृत्व के महत्व को किसी भी प्रकार से कम करके नहीं आंका जा सकता। इतिहास में कुछ उपलब्धियाँ आँकड़ों से बड़ी होती हैं, वे एक युग की पहचान बन जाती हैं। मुझे विश्वास है कि यह अवसर भी भारतीय लोकतंत्र के ऐसे ही महत्वपूर्ण पड़ावों में स्मरण किया जाएगा।''
-
June 10, 2026 8:56 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
PM मोदी की उपलब्धि पर मलेशिया के प्रधानमंत्री ने क्या कहा?
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिल से बधाई दी है। उन्होंने X पर लिखा, "भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर पीएम मोदी को हार्दिक बधाई। यह उपलब्धि उनके वर्षों की समर्पित जनसेवा और भारत के विकास, समृद्धि और वैश्विक मंच पर उसकी स्थिति को आगे बढ़ाने में उनके नेतृत्व का प्रमाण है। मलेशिया भारत के साथ अपनी करीबी और पुरानी दोस्ती को महत्व देता है और मैं द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने व हमारे लोगों के लिए अवसर बढ़ाने में हमारे सहयोग को जारी रखने के लिए उत्सुक हूं। मैं पीएम मोदी की निरंतर सफलता और भारत के लोगों के लिए निरंतर शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना करता हूं।"
-
June 10, 2026 8:54 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
CM योगी दी बधाई
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए X पर लिखा है, 145 करोड़ भारत वासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सतत समर्पित, अमृतकाल के सारथी आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता बनने पर हार्दिक बधाई। भारतीय लोकतंत्र का यह अभूतपूर्व कीर्तिमान संपूर्ण देश वासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है।
आगे उन्होंने लिखा है, ''इतिहास में ऐसे अवसर विरले ही दिखते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार का नहीं, बल्कि एक युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है। यह सम्मान उसी तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का अभिनंदन है, जिसने करोड़ों देश वासियों को 'विकसित भारत' के स्वप्न से जोड़ा है। राष्ट्रसेवा को समर्पित आपकी यह अविराम साधना भारत की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखती रहे, यही मंगलकामना है।''
-
June 10, 2026 8:26 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
13 साल CM, फिर बने PM
नरेंद्र मोदी 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने और लगभग 13 वर्षों तक इस पद पर रहे। इसके बाद 2014 में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव जीतकर पहली बार प्रधानमंत्री बने। 2019 और 2024 में भी उन्होंने लगातार चुनावी जीत हासिल की और प्रधानमंत्री पद पर बने रहे। मोदी सरकार के 12 वर्षों के दौरान कई बड़े राजनीतिक और नीतिगत फैसले लिए गए। इनमें जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाना, डिजिटल भुगतान व्यवस्था का विस्तार, बुनियादी ढांचे का विकास और आत्मनिर्भर भारत अभियान आदि प्रमुख रहे हैं।
-
June 10, 2026 8:21 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
PM मोदी को मिले 31 देश के सर्वोच्च सम्मान
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी को अब तक 31 देशों का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुका है। सबसे पहले उन्हें 3 अप्रैल 2016 को सऊदी अरब ने 'ऑर्डर ऑफ किंग अब्दुलअजीज' सम्मान से नवाजा था। फिर इसी साल मई में नॉर्वे के दौरे के दौरान पीएम मोदी को वहां के राजा ने हेराल्ड पंचम ने ‘ग्रांड क्रॉस ऑफ रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया था। इसके अलावा साल 2016 में संयुक्त राष्ट्र से यूएन चैंपियन ऑफ द अर्थ अवॉर्ड भी मिल चुका है। पीएम मोदी ने अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, समेत दुनिया के 15 देशों की संसद को संबोधित किया है।
-
June 10, 2026 7:25 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
साधारण परिवार से देश के सर्वोच्च पद तक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजनीतिक सफर भारतीय राजनीति की सबसे चर्चित यात्राओं में गिना जाता है। उनका जन्म एक साधारण परिवार में हुआ। उनके पिता रेलवे स्टेशन पर चाय बेचते थे और परिवार आर्थिक रूप से सीमित संसाधनों में जीवन व्यतीत करता था। राजनीति में आने से पहले मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में लंबे समय तक काम किया। उन्होंने विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाईं और बाद में भारतीय जनता पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिकाएं संभालीं।
-
June 10, 2026 7:23 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
कैबिनेट मीटिंग में PM मोदी का सम्मान
आज पीएम मोदी की अध्यक्षता में होगी केंद्रीय कैबिनेट की भी अहम बैठक होगी। कई मुद्दों के साथ बैठक में सरकार के 12 साल पूरे होने पर भी चर्चा होगी। कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी का किया जाएगा सम्मान किया जाएगा।
-
June 10, 2026 7:21 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
भारत मंडपम में NDA की बड़ी बैठक
केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर आज NDA की एक बड़ी बैठक होने जा रही है। दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाली इस बैठक में NDA के सभी प्रमुख सहयोगी दल शामिल होंगे। बैठक में 22 NDA शासित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रियों और गठबंधन के प्रमुख नेताओं की भी मौजूदगी रहेगी। बताया जा रहा है कि करीब 35 सहयोगी दलों के 75 से ज्यादा वरिष्ठ नेता इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और सरकार की उपलब्धियों को लेकर विशेष चर्चा होगी।