A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'संसद में कल PM मोदी पर हमला होने वाला था', स्पीकर ने किया बड़ा दावा

'संसद में कल PM मोदी पर हमला होने वाला था', स्पीकर ने किया बड़ा दावा

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने दावा किया है कि सदन में PM मोदी पर अटैक होने वाला था। पार्लियामेंट में अप्रत्याशित घटना होने की आशंका थी। इसी वजह से उन्होंने प्रधानमंत्री से सदन में नहीं आने का आग्रह किया था।

लोकसभा स्पीकर ओम...- India TV Hindi
Image Source : PTI लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने दावा किया कि कल संसद में PM मोदी के साथ अप्रत्याशित घटना हो सकती थी।

नई दिल्ली: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदन में PM मोदी का भाषण टाले जाने को लेकर बड़ा दावा किया है। दरअसल, बुधवार को शाम 5 बजे लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण होने वाला था, लेकिन आखिरी वक्त में इस टाल दिया गया था। इसकी वजह आज (गुरुवार को) सामने आई है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने खुद चेयर से बताया कि PM मोदी के साथ अप्रत्याशित घटना होने की आशंका थी, इसीलिए उन्होंने PM मोदी से सदन में ना आने का आग्रह किया।

PM के साथ अप्रत्याशित घटना की आशंका- स्पीकर

लोकसभा की कार्यवाही के दौरान स्पीकर ओम बिरला ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि कल PM मोदी पर सदन में हमला होने वाला था। संसद में अप्रत्याशित घटना हो सकती थी। हालात को देखते हुए मैंने PM मोदी से सदन में नहीं आने का आग्रह किया और उन्होंने इसे मान भी लिया। स्पीकर ने कांग्रेस के सांसदों को चेतावनी देते हुए कहा कि पोस्टर लेकर आओगे तो संसद में कार्यवाही नहीं चलेगी।

विपक्षी सांसदों के हंगामे की वजह से कार्यवाही स्थगित

गौरतलब है कि बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी की वजह से बार-बार बाधित हुई। इसी बीच, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की तरफ से ध्वनि मत का आग्रह किया गया, जिसके बाद PM मोदी के भाषण के बिना ही प्रस्ताव पास हो गया। PM मोदी को बुधवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का उत्तर देना था, लेकिन विपक्षी सदस्यों के बार-बार व्यवधान डालने और नारेबाजी के कारण स्पीकर ने लोकसभा स्थगित कर दी थी।

सरकार चर्चा नहीं होने देना चाहती- प्रियंका गांधी

इसको लेकर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'प्रधानमंत्री स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं। सदन में आने की हिम्मत कल उनमें नहीं हुई क्योंकि 3 महिलाएं अध्यक्ष के सामने खड़ी थीं। कोई चर्चा नहीं हो रही क्योंकि सरकार चर्चा नहीं होने देना चाहती।'

राहुल गांधी का भाषण पूरा कराने पर अड़ी कांग्रेस

जान लें कि प्रधानमंत्री मोदी आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर भाषण देने वाले हैं। इसको लेकर, निलंबित कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर बोले कि जब तक लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को अपने विचार रखने की इजाजत नहीं दी जाती, तब तक विपक्ष PM मोदी सदन में बोलने नहीं देगा। साथ ही, टैगोर ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पास करने के लिए आलोचना भी की।

संसद में कार्यवाही का हर लेटेस्ट अपडेट यहां जानें

Latest India News