Parliament Special Session: 'दक्षिण के राज्यों से भेदभाव की बात गलत है', लोकसभा में अमित शाह ने कहा
Priyanka Gandhi Speech Live: प्रियंका गांधी वाड्रा ने संसद में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस का समर्थन दोहराते हुए कहा कि महिलाओं को समान अधिकार की मांग 1931 के कराची अधिवेशन से शुरू हुई। प्रियंका ने बीजेपी पर विरोध का आरोप लगाते हुए बिल को राजनीति से प्रेरित बताया।

Women Reservation Bill Live: मोदी सरकार आज देश की आधी आबादी को सबसे बड़ा तोहफा देने जा रही है। सरकार ने आज लोकसभा में तीन अहम बिल पेश किए इनमें महिला आरक्षण से जुड़ा संशोधन विधेयक 2026, दूसरा परिसीमन विधेयक 2026 और तीसरा केंद्र शासित प्रदेश संशोधन विधेयक, 2026 शामिल है। इन विधेयकों का मकसद 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को पूरी तरह ऑपरेशनलाइज करना है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इन तीनों बिलों को आज लोकसभा में पेश किया। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि ये बिल साथ मिलकर पास कराएंगे तो सभी का फायदा होगा।
विपक्ष क्यों कर रहा विरोध?
लोकसभा में बिल पर चर्चा के लिए 18 घंटे का समय तय किया गया है। पीएम मोदी दोपहर 3 बजे इस पर भाषण देंगे। 17 अप्रैल को लोकसभा में चर्चा के बाद तीनों बिलों पर वोटिंग होगी। वहीं, राज्यसभा में तीनों बिल 18 अप्रैल को पेश किए जाएंगे जहां चर्चा के लिए 10 घंटे का समय तय किया गया है। 18 अप्रैल को ही राज्यसभा में चर्चा के बाद वोटिंग कराई जाएगी। मोदी सरकार ने बिल को लेकर पूरी तैयारी की है वहीं, विपक्ष भी बिल के विरोध में उतर आया है। विपक्ष का कहना है कि वो महिला आरक्षण बिल के विरोध में नहीं है लेकिन इससे जुड़े परिसीमन को लेकर उसका विरोध है।
Live updates : Parliament Special Session LIVE
-
April 16, 2026 9:33 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
परिसीमन को लेकर बहाने बना रहे हैं: कंगना रनौत
विपक्ष द्वारा परिसीमन के विरोध पर भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा, 'परिसीमन को लेकर बहाने बना रहे हैं। उसका भी पूरी तरह से खंडन किया गया है। देश देख रहा है कि इनकी मंशा क्या है और बेटियों के लिए इनकी धारणा सामने आ रही है।'
-
April 16, 2026 6:13 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
3 विधेयकों पर भ्रांति फैलाई जा रही है: अमित शाह
महिला आरक्षण बिल के तहत परिसीमन पर जवाब देते हुए अमित शाह ने कहा, '3 विधेयकों पर भ्रांति फैलाई जा रही है। दक्षिण के राज्यों से भेदभाव की बात गलत है। केरल की सीटें 20 से बढ़कर 30 हो जाएंगी। तमिलनाडु की सीटें 39 से 59 हो जाएंगी। आंध्र प्रदेश की सीटें बढ़कर 38 हो जाएंगी। कर्नाटक की सीटें 28 से बढ़कर 42 हो जाएंगी। दक्षिण के राज्यों की सीटें 129 से बढ़कर 195 हो जाएंगी।'
-
April 16, 2026 6:06 PM (IST) Posted by Malaika Imam
"महिला आरक्षण बिल से राजनीति की बू आती है"
महिला आरक्षण बिल पर सदन में चर्चा के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि महिला आरक्षण बिल से राजनीति की बू आती है।
-
April 16, 2026 6:03 PM (IST) Posted by Malaika Imam
"महिला बिल का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही सरकार"
प्रियंका गांधी ने कहा, महिला आरक्षण बिल पर सरकार ईमानदारी से कदम नहीं उठा रही है। सरकार महिला बिल का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।
-
April 16, 2026 6:01 PM (IST) Posted by Malaika Imam
देश की अखंडता पर हमला कर रही बीजेपी: प्रियंका
प्रियंका गांधी ने कहा, सत्ता के लिए देश के नाम पर फैसला लेना गलत है। बीजेपी लोकतंत्र पर खुला वार रह रही है। बीजेपी देश की अखंडता पर हमला कर रही है।
-
April 16, 2026 5:57 PM (IST) Posted by Malaika Imam
अमित शाह पर प्रियंका का तंज
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तंज करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि चाणक्य आज जिंदा होते तो वो भी चौंक जाते।
-
April 16, 2026 5:55 PM (IST) Posted by Malaika Imam
ओबीसी का हक छीनना चाहती है बीजेपी: प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस किसी का हक नहीं छीनने देगी। ओबीसी का हक बीजेपी छीनना चाहती है।
-
April 16, 2026 5:50 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
कांग्रेस महिला आरक्षण के साथ डटकर खड़ी है: प्रियंका
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'कांग्रेस महिला आरक्षण के साथ डटकर खड़ी है। महिला आरक्षण का विरोध बीजेपी ने ही किया था। राहुल गांधी ने 2019 तक महिला आरक्षण लागू कराने की बात लिखी थी। महिला आरक्षण बिल से राजनीति की बू आती है।'
-
April 16, 2026 5:44 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
महिला आरक्षण बिल पर संसद में बोल रही हैं प्रियंका
महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, '1931 में सरदार पटेल की अध्यक्षता में कराची में अधिवेशन हुआ था। वहीं से महिलाओं को समान अधिकार देने की बात शुरू हुई थी।'
-
April 16, 2026 4:53 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
पीएम मोदी के भाषण पर आई डिंपल यादव की प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर कहा, 'जो भूमिका बांधी जा रही है कि विपक्ष विरोधी है तो जब 2023 में यह सर्वसम्मति से पारित हो गया था तो विरोध का तो सवाल ही नहीं उठता है। जिस रूप में यह पारित हुआ था, पहले जनगणना, फिर परिसीमन और फिर यह लागू होता। सारी पार्टियां इस बिल को लेकर एकमत है लेकिन बार-बार इसका स्वरूप क्यों बदला जा रहा है? आप 2029 की बात कर रहे हैं तो हम तैयार हैं आप 543 सीटों पर 33% महिला आरक्षण कर दीजिए, समाजवादी पार्टी इसके लिए तैयार है।'
-
April 16, 2026 4:49 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
महिला आरक्षण की आड़ में नीयत कुछ और है: धर्मेंद्र यादव
समाजवादी पार्टी सांसद धर्मेंद्र यादव ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर कहा, 'मैंने जब आपत्ति जताई थी तब भी कहा था कि महिला आरक्षण की आड़ में नीयत कुछ और है। इनकी नीयत पूरे देश को असम, कश्मीर बनाने की है, जिस तरह वहां परिसीमन हुआ। महिला आरक्षण बिल पर देश की सभी पार्टियां साथ थी, 2023 में सर्वसम्मति से यह पारित हुआ। आखिर परिसीमन की नई बात क्यों निकलकर आ रही है? सरकार खुद महिलाओं की आड़ में पूरे देश की व्यवस्था को अपनी तरह से चलाना चाहती है जिसका विपक्ष विरोध कर रहा है।'
-
April 16, 2026 4:47 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
पीएम मोदी के भाषण पर हेमा मालिनी ने कही ये बात
भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर कहा, 'हर जगह जो महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है वह समाप्त होगा, जो महिलाएं चुनकर आएंगी वह बाकी महिलाओं के लिए प्रेरणा बनेंगी। प्रधानमंत्री मोदी यही चाहते हैं कि राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो।'
-
April 16, 2026 4:46 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
प्रधानमंत्री ने बहुत स्पष्टता से सारी बातें कही: चिराग पासवान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर कहा, 'प्रधानमंत्री ने बहुत स्पष्टता से सारी बातें कही। हम किसी लाभ, नुकसान के लिए बात नहीं कर रहे हैं। जो चीज दशकों पहले हो जानी चाहिए थी उसका आज तक नहीं होना दर्शाता है कि नीयत में कोई कमी है। विपक्ष ने हर बार किसी न किसी विषय को बहाना बनाकर महिला आरक्षण को रोकने का काम किया। यह देश की आधी आबादी के साथ अन्याय है। मैं भी सबसे आग्रह करता हूं कि सबको एकजुट होकर बड़े लक्ष्य की ओर अग्रसर होना चाहिए। यहां हम जाति, धर्म की राजनीति करने नहीं आए हैं। हमें सभी के हितों का ध्यान रखने की जरूरत है।'
-
April 16, 2026 4:43 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'25-30 सालों से इन लोगों ने इसे नहीं किया'
भारतीय जनता पार्टी के सांसद रवि किशन ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर कहा, '25-30 सालों से इन लोगों ने इसे नहीं किया। महिलाओं की आवाज को दबाकर रखा, हमेशा लेकिन, किंतु, परंतु ढूंढा। महिलाओं के साथ अत्याचार हुआ है। वे हर क्षेत्र में आगे हैं। प्रधानमंत्री ने साफ कहा कि अगर आपको क्रेडिट चाहिए तो ले लें। इसका समर्थन करें नहीं तो बुरी तरह हारेंगे, 2027 में उत्तर प्रदेश चुनाव, बंगाल चुनाव। महिलाओं को आना चाहिए, वे काबिल हैं। विपक्ष को महिलाएं माफ नहीं करेंगी।'
-
April 16, 2026 4:40 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
महिला आरक्षण बिल पर आया राजीव शुक्ला का बयान
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने दिल्ली में कहा, 'महिला आरक्षण बिल का कौन विरोध कर रहा है, सब चाहते हैं कि महिला आरक्षण हो। सवाल यह है कि जो परिसीमन कर रहे हैं, उसमें अपने लोगों को लगाकर वे सीटों को इस तरह करेंगे कि दूसरे दलों के लिए मुसीबत खड़ी करेंगे।'
-
April 16, 2026 4:21 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'महिला आरक्षण के लिए कभी किसी ने मना नहीं किया'
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा, 'महिला आरक्षण के लिए कभी किसी ने मना नहीं किया। इसे सर्वसम्मति से पारित किया गया था। इसे दोबारा दोहराने का कोई मतलब नहीं है। असली सवाल है कि आप इसे दोबारा किस मकसद से लाए हैं? इसे इतनी जल्दी लाने और इसे परिसीमन से जोड़ने का क्या मकसद है, जब नई जनगणना आने वाली है, तो आपको पहले इसे देख लेना चाहिए था। लोगों की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश मत करें, यह जनता है, यह सब देखती है।'
-
April 16, 2026 4:09 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
पंचायत से अर्बन लोकल बॉडीज तक बहनें निभा रहीं जिम्मेदारी- PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि देश में करीब 650 से ज्यादा जिला पंचायतें हैं। करीब पौने तीन सौ महिलाएं उसका नेतृत्व करती हैं। एक कैबिनेट मिनिस्टर से ज्यादा जिम्मेदारी होती है उन पर, काम करती हैं वो। करीब 6,700 ब्लॉक पंचायतों में से करीब 2700 से अधिक ब्लॉक पंचायतें ऐसी हैं, जिनका नेतृत्व महिलाओं के हाथ में हैं। आज देश में 900 से ज्यादा शहरों में अर्बन लोकल बॉडीज की हेड के रूप में बहनें कार्यरत हैं। मैं मानता हूं, आज देश जो प्रगति कर रहा है, इनका भी महत्वपूर्ण योगदान है, इस ऋण को हमें स्वीकार करना चाहिए।
-
April 16, 2026 3:40 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
आधी आबादी का भी हक बनता है- PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि जो देश का आधा जिम्मा उठा रहीं, उनका भी हक बनता है। 2023 में जब हम इस पर चर्चा कर रहे थे, तब लोग कह रहे थे, जल्दी करो। 2024 में संभव नहीं हो पाया, क्योंकि इतने कम समय में नहीं हो पाता। अब 2029 में हमारे पास समय है, अगर 2029 में भी नहीं करेंगे तो स्थिति क्या बनेगी हम कल्पना कर सकते हैं। समय की मांग है कि अब हम ज्यादा विलंब न करें।
-
April 16, 2026 3:37 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
नारी शक्ति में सामर्थ्य की कोई कमी नहीं- PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नारी शक्ति में सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। सदन में महिलाओं की आवाज नई सोच बनेगी। आज से 25—30 साल पहले, जिन्होंने महिला आरक्षण का विरोध किया वो विरोध राजनीतिक सतह से नीचे नहीं गया था। आज ऐसा समझने की गलती मत करना। पिछले 25—30 साल में ग्रास रूट लेवल पर पंचायती चुनाव व्यवस्थाओं में जीत कर आईं बहनों में एक पॉलिटिकल कॉन्शियसनेस है। पहले वो शांत रहती थीं, समझती थीं लेकिन बोलती नहीं थीं। आज वो वोकल हैं। इसलिए आज जो भी पक्ष विपक्ष होगा, वो लाखों बहनें जो पंचायत में प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, लोगों के सुख-दुख को गहराई से देखा है, वो आंदोलित हैं।
-
April 16, 2026 3:35 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
बिल पास होने के बाद क्रेडिट ले ले विपक्ष- प्रधानमंत्री
महिला आरक्षण बिल का विरोध करने वालों से PM मोदी ने कहा कि जैसे ही बिल पारित होगा, हम विज्ञापन करके सभी को क्रेडिट देंगे। विपक्ष चाहे तो क्रेडिट ले ले। मैं ब्लैंक चेक दे रहा हूं। आपको विज्ञापन में जिसका फोटो छपवाना हो, उसका फोटो छपवा लेना। महिलाओं को ये भारत का कमिटमेंट है।
-
April 16, 2026 3:31 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
शासन व्यवस्था में संवेदनशीलता भरने का सार्थक प्रयास- PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि हम सभी सांसद इस महत्वपूर्ण अवसर को जाने न दें। हम भारतीय मिलकर देश को नई दिशा देने जा रहे हैं। हमारी शासन व्यवस्था को एक संवेदनशीलता से भरने का एक सार्थक प्रयास करने जा रहे हैं। मुझे विश्वास है कि इस मंथन से जो अमृत निकलेगा, वह देश की राजनीति के रूप-स्वरूप को तय करने के साथ देश की दिशा और दशा भी तय करेगा।
-
April 16, 2026 3:29 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
सबका साथ सबका विकास का मंत्र समाहित हो- प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं मानता हूं कि विकसित भारत का मतलब, सिर्फ उत्तम प्रकार की रेल, कुछ इंफ्रास्ट्रक्चर, रास्ते या कुछ आर्थिक प्रगति के आंकड़े... सिर्फ इतने से विकसित भारत की सीमित कल्पना वाले हम नहीं हैं। हम चाहते हैं कि विकसित भारत के नीति निर्धारण में सबका साथ सबका विकास का मंत्र समाहित हो। देश की 50 प्रतिशत जनसंख्या देश की नीति निर्धारण का हिस्सा बने, ये समय की मांग है। हम पहले ही देरी कर चुके हैं, कारण कुछ भी हो, जिम्मेदार कोई भी हो। इसे हमें स्वीकार करना होगा।
-
April 16, 2026 3:28 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
2024 के चुनाव में विषय नहीं रह गया था महिला आरक्षण- PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि हमारे देश में जब से महिला आरक्षण को लेकर चर्चा हुई और उसके बाद जब-जब चुनाव आया है, महिलाओं को मिलने वाले इस अधिकार का जिस-जिसने विरोध किया है, महिलाओं ने उसे माफ नहीं किया है। 2024 के चुनाव में ऐसा नहीं हुआ, ऐसा इसलिए नहीं हुआ क्योंकि तब सबने सर्वसम्मति से इसे पारित किया तो यह विषय ही नहीं रहा।
-
April 16, 2026 3:25 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
ये देश के लोकतंत्र के पक्ष में जाएगा- PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अगर हम सब साथ आ जाते हैं, तो इतिहास गवाह है, ये किसी एक के राजनीतिक पक्ष में नहीं जाएगा। ये देश के लोकतंत्र के पक्ष में जाएगा, देश की सामूहिक निर्णय शक्ति के पक्ष में जाएगा और हम सब उस यश के हकदार होंगे। न ट्रेजरी बैंक उसका हकदार होगा और न ही मोदी उसका हकदार होगा। इसलिए जिन किसी को भी इससे राजनीति की बू आ रही है, वो पिछले 30 साल के खुद के परिणामों को देख लें। फायदा उनका भी इसी में है। जो नुकसान हो रहा है उससे बच जाआगे। इसलिए इसे राजनीतिक रंग देने की जरूरत नहीं है।
-
April 16, 2026 3:22 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
महिला आरक्षण बिल को राजनीति के तराजू से मत तोलिए- प्रधानमंत्री
पीएम मोदी ने कहा कि सभी समाज की महिलाओं को संसद में आने दें। मेरी जिम्मेदारी समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की है। महिला आरक्षण बिल पर विपक्षी सांसदों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि ये राष्ट्रहित का निर्णय, इसे राजनीति के तराजू से मत तोलिए।
-
April 16, 2026 3:19 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
पंचायत से पार्लियामेंट आना चाहती हैं महिलाएं- PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महिलाएं अब पंचायत से पार्लियामेंट आना चाहती हैं। आज जो इसका विरोध करेगा वह लंबे समय तक इसकी कीमत चुकाएगा। कुछ लोग अपनी सीट खोने की वजह से बिल का विरोध कर रहे हैं। मैं अति पिछड़े समाज से आता हूं। मेरे लिए संविधान ही सर्वोपरि है। इसकी वजह से मैं अति पिछड़े समाज का व्यक्ति प्रधानमंत्री बन पाया।
-
April 16, 2026 3:15 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
बिल का विरोध करने वाले हारेंगे चुनाव- प्रधानमंत्री मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष को सलाह देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जो इस बिल का विरोध करेगा वह चुनाव हारेगा। बिल का समर्थन करेंगे तो नुकसान से बच जाएंगे। राजनीति करने वालों को मेरी यह दोस्त के नाते सलाह है। साथ मिलकर बिल को पास कराएंगे तो सभी का फायदा होगा।
-
April 16, 2026 3:09 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
हम देश को नई देश देने जा रहे- PM मोदी
महिला आरक्षण बिल पर पीएम मोदी ने कहा कि हम देश को नई दिशा देने जा रहे हैं। ये बिल देश की दिशा तय करने वाला है। ये बिल 25-30 साल पहले पास हो जाना चाहिए था। ये हमारे लिए सौभाग्य है कि हमें ये बिल पेश करने का मौका मिल रहा है।
-
April 16, 2026 2:43 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
भाजपा की चुनावी घपलेबाजी का भंडाफोड़ हो गया है- अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा की चुनावी घपलेबाजी का भंडाफोड़ हो गया है। SIR कहने को तो SIR था लेकिन सच्चाई में वो NRC का रूप था। SIR के मामले में वोट काटने का काम शुरू हुआ तो हमारे PDA प्रहरियों ने वोट बचा लिया। जब हम वोट बचाने में कामयाब हो गए तो भाजपा फॉर्म 7 लेकर आई। भाजपा निराशा के इस दौर से उबरने के लिए बिल लेकर आ रही है। भाजपा का वोट कम हो रहा है इसलिए आरक्षण लेकर आए हैं।
-
April 16, 2026 2:37 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'हम महिला आरक्षण के साथ लेकिन भाजपाई साजिश के खिलाफ'
बीजेपी जानती नहीं है कि उनसे सबसे ज्यादा दुखी महिलाएं ही हैं। जब हम महिला आरक्षण पर बहस कर रहे हैं तो हमारे बिलकुल बगल में 40 हजार लोग सड़कों पर हैं। वहां महिलाएं धरने पर बैठी हैं। वे इसलिए हैं कि उन्हें न्याय नहीं मिला रहा है। हम महिला आरक्षण के साथ हैं लेकिन भाजपाई साजिश के खिलाफ हैं। देश की सबसे बड़ी आबादी को लेकर ये चुप्पी साधे हैं- अखिलेश यादव
-
April 16, 2026 2:15 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
BJP ने नारी को नारा बना दिया- अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा, समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष हैं। हमारा इतिहास रहा है कि हमने महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है। डॉ. लोहिया हमेशा जेंडर जस्टिस और सोशल जस्टिस के पक्ष में रहे। हम भी उसी राह पर हैं। ये लड़ाई हमारी लगातार चल रही है। अब भाजपा नारी को नारा बनाने की कोशिश कर रही है। जिन्होंने नारी को अपने संगठन में नहीं रखा वे उसके मान सम्मान को कैसे रखेंगे। मैं सुन रहा था मंत्री जी ने कई योजनओं की जानकारी दी। लेकिन हम दुनिया के आंकड़े देखें तो हम जेंडर इक्वालिटी में कहां खड़े हैं। इनकी खुद की सरकार को देखें तो इनकी 21 जगह सरकार है। बीजेपी का लक्ष्य बिल नहीं वोट है। सरकार इस बिल को लेकर इतनी हड़बड़ी में क्यों है?
-
April 16, 2026 2:12 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
बिल का विरोध करना महिला विरोधी स्टैंड है- रामदास अठावले
महिला आरक्षण बिल पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, "मुझे लगता है कि परिसीमन का विरोध करना ठीक नहीं है। परिसीमन के बाद ही सीटें बढ़ने वाली है। परिसीमन से ही महिलाओं को आरक्षण मिलने वाला है...सभी सांसदों को काम करने के लिए अच्छा मौका मिलेगा। विधानसभा में भी सीटें बढ़ने वाली है। सुझाव रखने का सभी का अधिकार है लेकिन बिल का विरोध करना महिला विरोधी स्टैंड है।"
-
April 16, 2026 2:09 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
समाजवादियों ने हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाया- अखिलेश
सपा सांसद अखिलेश यादव ने कहा, बीजेपी नारी को नारा बनाने की कोशिश कर रही है। समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है। समाजवादियों ने हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाया है। यूपी पंचायत में सबसे पहले हमने महिला आरक्षण दिया।
-
April 16, 2026 1:45 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
महिला आरक्षण बिल पर मैथिली ठाकुर ने क्या कहा?
भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा, "मैं सभी महिलाओं को बधाई देती हूं। हमारे देश के प्रधानमंत्री एक ऐतिहासिक कदम लेने जा रहे हैं। सभी लोगों के लिए अच्छी बात है। आने वाले समय में लोकसभा के चुनाव में इसका सकारात्मक असर देखने को मिलेगा। महिलाओं की बातें सदन में उठेगी, महिलाओं के मुद्दे सदन में उठेंगे। महिला जब नेतृत्व करती है तो समाज के हर एक वर्ग को वो ध्यान में रखते हुए काम करती हैं।"
-
April 16, 2026 1:36 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
हम परिसीमन के खिलाफ हैं, इसका तरीका बहुत गलत है- सिसोदिया
परिसीमन के मुद्दे पर AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, ''महिला आरक्षण बिल अच्छी सोच है हम सब उसके साथ हैं। आधी आबादी को अधिकार पूर्वक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। किसी एक व्यक्ति का एकाधिकार नहीं होना चाहिए। लेकिन इसके नाम पर जो ये सीटों की पूरी संरचना छेड़ी जा रही है वो भारत की जनसांख्यिकी के हिसाब से बहुत गलत है। पीएम मोदी का ट्रेंड बन गया है कि अगर वे किसी इलाके से चुनाव नहीं जीत पाते हैं तो वहां से वोट कटवा देते हैं। अब ये नया विधान ला रहे हैं कि जिस जगह हम चुनाव नहीं जीत पा रहे हैं वहां लोकसभा की सीटें कम कर दो और जिस जगह हम चुनाव जीतते हैं वहां सीटें बढ़ा दो। हम परिसीमन के खिलाफ हैं, इसका तरीका बहुत गलत है।''
-
April 16, 2026 1:32 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
यह महिलाओं के लिए एक ऐतिहासिक बिल है- गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कहा, "महिलाओं के लिए ऐतिहासिक बिल है। मुझे लगता है कि ये देश के इतिहास में क्रांतिकारी बिल है। महिलाओं को लोकतंत्र में बराबरी का मौका मिलेगा।"
-
April 16, 2026 1:14 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'आपने 2023 में बात मानी होती तो 2024 में ही महिला आरक्षण लागू हो गया होता'
आप बार-बार महिला आरक्षण की राह में मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं। अगर आपने 2023 में हमारी बात मानी होती तो महिला आरक्षण 2024 में ही लागू हो गया होता। यह बिल महिला आरक्षण के लिए नहीं, बल्कि यह चोर दरवाजे से परिसीमन के लिए है। हम आग्रह कर रहे हैं कि महिला आरक्षण को परिसीमन से न जोड़ा जाए। अगर आप ऐसा करते हैं, तो हम निश्चित रूप से इसका समर्थन करेंगे- कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई
-
April 16, 2026 1:10 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
सरकार राजनीतिक फायदे के लिए डिलिमिटेशन बिल लाई- गौरव गोगोई
सरकार महिला आरक्षण के नाम पर राजनीति कर रही है। डिलिमिटेशन के लिए अलग-अलग पैमाने क्यों। सरकार राजनीतिक फायदे के लिए डिलिमिटेशन बिल लाई है। सरकार जाति गनगणना नहीं करना चाहती- गौरव गोगोई
-
April 16, 2026 1:00 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'महिला आरक्षण को परिसीमन के साथ न जोड़ें'
हमने कानून मंत्री की बात सुनी, उनकी बातों से लग रहा था कि पहली बार सदन के अंदर महिला आरक्षण पर चर्चा हो रही है। ऐसा उन्होंने ढांचा बनाने की कोशिश की। आज से ही 3 साल पहले गृह मंत्री ने ऐसी ही बातें की थीं।अगर दोनों की बातें सुनेंगे तो 90% वही बातें हैं, जो आज कानून मंत्री ने कहीं। उस समय भी ऐसी ही बातें थीं। तब भी हमने यही कहा था कि हमारी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में हैं, लेकिन इसे सरल कीजिए, ताकि जब पारित हो तभी लागू हो जाए। इसे परिसीमन के साथ न जोड़ें- कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई
-
April 16, 2026 12:56 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
वर्तमान 543 सीटों में ही आरक्षण मिले- गौरव गोगोई
महिला आरक्षण बिल पर लोकसभा में कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई बोल रहे हैं। गौरव गोगोई ने कहा, कांग्रेस महिला आरक्षण के पक्ष में है। वर्तमान 543 सीटों में ही आरक्षण मिले।
-
April 16, 2026 12:48 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
महिला आरक्षण बिल पर बोलेंगे कांग्रेस के ये 7 नेता
आज 7 कांग्रेस नेता लोकसभा में परिसीमन और महिला आरक्षण बिल के मुद्दे पर बोलेंगे। इन नेताओं में गौरव गोगोई, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, मनीष तिवारी, प्रणिती शिंदे, के. सुरेश और मोहम्मद जावेद शामिल हैं। राहुल गांधी इस मुद्दे पर शुक्रवार को बोलेंगे।
-
April 16, 2026 12:34 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
महिला अधिकारों के लिए काम कर रही है मोदी सरकार- अर्जुनराम मेघवाल
वोटिंग के बाद महिला आरक्षण बिल पर बीजेपी की तरफ से चर्चा की शुरुआत करते हुए अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, हमारे संविधान निर्माताओं ने संविधान को यह शक्ति दी है कि संशोधन करके लोकहित के फैसले ले सकते हैं। ये तीनों बिल, महिलाओं के लिए हैं। मोदी सरकार महिला अधिकारों के लिए काम कर रही है। महिलाओं के लिए जनधन खाते खोले गए। महिलाओं को स्टार्टअप के लिए बढ़ावा दिया गया। पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम ने कहा था कि एक दिन महिला आरक्षण बिल पास होगा।
-
April 16, 2026 12:30 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
दिल्ली के जंतर मंतर पर कांग्रेस का प्रदर्शन
दिल्ली के जंतर मंतर पर कांग्रेस महिला आरक्षण को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस की OBC..SC-ST विंग की महिला कार्यकर्ता प्रोटेस्ट कर रही हैं। महिला आरक्षण बिल में OBC कोटे की मांग की जा रही है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार महिला आरक्षण बिल के जरिए OBC, आदिवासी महिलाओं के हक से अन्याय कर रही है।
-
April 16, 2026 12:26 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
लोकसभा में तीनों बिलों पर कल शाम 4 बजे फाइनल वोटिंग
प्रस्ताव स्वीकार होने के बाद लोकसभा में चर्चा जारी है। स्पीकर ओम बिरला ने कहा, गृह मंत्री ने इस बिल को पारित करने का प्रस्ताव रखा है। इसलिए दोनों बिल पर चर्चा हो सकती है। उन्होंने बताया कि महिला आरक्षण बिल से जुड़े तीनों बिलों पर कल शाम 4 बजे फाइनल वोटिंग होगी। आज और कल इस पर चर्चा होगी। सदन में चर्चा के लिए घंटों को निर्धारित करने पर बात हो रही है। सरकार ने 12 घंटे चर्चा का समय तय किया है।
-
April 16, 2026 12:25 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
विपक्ष ने मीटिंग में तय किया कि वे विरोध करेंगे इसीलिए हंगामा कर रहे- शाह
संविधान संशोधन बिल पर वोटिंग के बाद अमित शाह ने कहा, ये दो कानून जरूरी थे, इसलिए साथ में लाए गए। संविधान संशोधन के बाद जो जरूरत उत्पन्न होती है, इसलिए इन्हें लाया गया। अभी हम चर्चा करेंगे। विपक्ष ने बस कल मीटिंग में तय किया कि वे विरोध करेंगे इसीलिए हंगामा कर रहे हैं। विपक्ष विरोध की मंशा से ही आया है।
-
April 16, 2026 12:17 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
बिल के पक्ष और विरोध में वोटिंग
सरकार का संविधान संशोधन बिल लाने का प्रस्ताव पास हुआ। बिल पर चर्चा के लिए 251 वोट पड़े जबकि विरोध में 185 वोट पड़े।
- संविधान संशोधन बिल के पक्ष में 251 वोट पड़े
- पेश करने के विरोध में 185 वोट पड़े
-
April 16, 2026 12:15 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
महिलाओं के लिए कितनी सीटें आरक्षित होंगी?
संशोधन बिल में लोकसभा सांसदों की संख्या 850 करने का प्रस्ताव है। मौजूदा संख्या 543 है। राज्यों में 815 और केंद्र शासित प्रदेशों में 35 तक सीटें होंगी। सीटों की सटीक संख्या तय करने के लिए परिसीमन भी किया जाएगा। 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।
-
April 16, 2026 12:14 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
विपक्षी महिला सांसदों ने उठाए सवाल
छत्तीसगढ़ से कांग्रेस सांसद ज्योत्सना चरणदास ने बंगाल, तमिलनाडु में चुनाव के बीच बिल लाने पर सवाल उठाया। ज्योत्सना चरणदास ने कहा कि 2029 में 2011 के सेंसस के हिसाब से डिलिमिटेशन लागू करना गलत है। कांग्रेस सांसद डॉ. कडियाम काव्या ने भी सरकार की नीयत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ये बिल साउथ के राज्यों पर थोपने की कोशिश हो रही है। देश की जीडीपी में 30 परसेंट योगदान देने वाले राज्यों के साथ अन्याय स्वीकार नहीं करेंगे।
-
April 16, 2026 12:12 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
विपक्षी सांसद कर रहे बिल का विरोध
लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने संविधान (131वां संशोधन) बिल, 2026 पेश करने के कदम के खिलाफ वोटिंग पर जोर दिया है। DMK सांसद टीआर बालू, AIMIM सांसद ओवैसी उन विपक्षी सांसदों में शामिल हैं जो बिल पेश करने का विरोध कर रहे हैं। TMC और CPI-M बिल का विरोध कर रहे हैं।
-
April 16, 2026 12:05 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
लोकसभा में बिल के प्रस्ताव पर वोटिंग
संविधान संशोधन बिल लाने के प्रस्ताव पर लोकसभा में वोटिंग हुई। प्रस्ताव के पास होने के बाद इस पर चर्चा होगी। लोकसभा में अभी तक 333 वोट पड़े हैं। लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने बिल पेश करने के कदम के खिलाफ मतविभाजन पर जोर दिया था।
- प्रस्ताव के पक्ष में अब तक 207 वोट पड़े
- पेश करने के विरोध में विपक्ष के 126 वोट
- अभी तक 333 वोट पड़े
-
April 16, 2026 11:54 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
मैं संविधान संशोधन बिल का विरोध करता हूं- ओवैसी
बिल पर चर्चा करते हुए AIMIM के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, मैं संविधान संशोधन बिल का विरोध करता हूं। ये बिल सिर्फ महिला आरक्षण के लिए नहीं है। ये संघवाद के विरोधी हैं।
तीनों बिलों को पुर्नस्थापित करने के लिए ध्वनि मत से पास कराने की कोशिश की गई। विपक्ष ने मत विभाजन मांगा, इसके बाद स्पीकर ने इसके लिए वोटिंग की अनुमति दी।
-
April 16, 2026 11:47 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
'आप पूरी टिकटें मुस्लिम महिलाओं को दे दे, हमें कहां आपत्ति है', शाह का अखिलेश को जवाब
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण बिल पर कहा, ये खुफिया लोगों की गुप्त योजना है। हम महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं हैं लेकिन जिस जल्दबाजी में इसे लाया जा रहा है हम उसके खिलाफ हैं। जनगणना होगी तो देश जातिगत जनगणना मांगेगा और जातिगत जनगणना होगी तो देश आरक्षण मांगेगा लेकिन वे इन सबसे बचना चाहते हैं। अखिलेश ने कहा कि जनगणना क्यों नहीं करा रहे। आप धोखा देकर ये बिल लाना चाहते हैं। इस पर अमित शाह ने कहा- अखिलेश पूछ रहे हैं जनगणना क्यों नहीं हो रही है। मैं देश को बताना चाहता हूं जनगणना जारी है। उन्होंने कहा कि हम जातीय जनगणना की मांग करेंगे। मैं बताना चाहता हूं कि सरकार इसका भी फैसला ले चुकी है। मुस्लिमों को धर्म के आधार पर आरक्षण गैर संवैधानिक है, इसका सवाल ही पैदा नहीं होता।
अखिलेश यादव बोले- अनडेमोक्रेटिक बात कही है। धर्म की बात कही होगी। पूरा देश आधी आबादी को आरक्षण चाहता है। मैं जानना चाहता हूं कि मुस्लिम महिलाओं के लिए क्या।
अमित शाह ने कहा- समाजवादी पार्टी पूरी टिकटें मुस्लिम महिलाओं को दे दे, हमें कहां आपत्ति है। -
April 16, 2026 11:33 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
धर्म के आधार पर आरक्षण का सवाल ही नहीं उठता- अमित शाह
अमित शाह ने समाजवादी पार्टी के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि जनगणना का काम जारी है, सरकार जातिगत जनगणना का फैसला ले चुकी है। पूरा देश संसद की कार्यवाही देख रहा है। सपा का बस चले तो वो घरों की जाति भी तय कर ले। उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण गैर संवैधानिक है। धर्म के आधार पर आरक्षण का सवाल ही नहीं उठता।
-
April 16, 2026 11:29 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता- रिजिजू
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा, महिला बिल की चासनी के नाम पर जो हाल कश्मीर और असम का हुआ है, वही पूरे देश के साथ करने का प्रयास है। हम विपक्ष की ओर से इसका विरोध करेंगे। जब तक पिछड़े वर्ग और मुस्लिम वर्ग की महिलाएं शामिल नहीं की जाएंगी, तब तक इसका विरोध करेंगे। सपा द्वारा की गई मुस्लिम महिलाओं के आरक्षण की बात पर किरेन रिजिजू ने विरोध जताया। उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता, पूरे देश के महिलाओं के हक की बात हो।
-
April 16, 2026 11:25 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
कांग्रेस ने सरकार की नीयत पर उठाए सवाल, सपा ने भी किया विरोध
तीनों बिल पेश होते ही लोकसभा में हंगामा शुरू हो गया है। कांग्रेस ने सरकार की नीयत पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने पूछा कि बिना जनगणना से पहले परिसीमन बिल क्यों? सरकार संविधान को हाइजैक करना चाहती है। उन्होंने बिल को वापस लेने की मांग की। वहीं, विपक्ष के आरोपों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि विपक्ष के सवालों का जवाब दिया जाएगा। समाजवादी पार्टी ने भी बिल का विरोध किया है। धर्मेंद्र यादव ने अपनी बात रखते हुए कहा कि सरकार संविधान को तोड़ना-मरोड़ना चाहती है।
-
April 16, 2026 11:22 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
DMK नेताओं ने परिसीमन बिल की कॉपी जलाई
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और उसके गठबंधन के साथियों ने चेन्नई में पार्टी के हेडक्वार्टर में संविधान (131वां संशोधन) बिल, 2026 और प्रस्तावित डिलिमिटेशन बिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। काले कपड़े पहनकर नेताओं ने प्रस्तावित डिलिमिटेशन बिल की एक कॉपी भी जलाई।
-
April 16, 2026 11:17 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पेश
लोकसभा में सरकार ने महिला आरक्षण बिल पेश किया। कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने महिलाओं को संसद में 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए तीन बिल पेश किए। लेकिन विपक्ष बिल के खिलाफ खुलकर सामने आ गया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल अपनी बात रख रहे हैं।
-
April 16, 2026 11:11 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
बिल पेश होने के पहले किरेन रिजिजू का बड़ा बयान
विपक्ष ने पहले ही साफ कर दिया है कि वो परिसीमन के लिए लाए जा रहे बिल का विरोध करेगा। इसके बाद संसदीय कार्यमंत्री किरन रिजिजू ने विपक्ष की नसीहत दी है। रिजिजू ने कहा कि विपक्ष परिसीमन के बहाने महिला आरक्षण बिल को न गिराए। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
-
April 16, 2026 11:06 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
महिला आरक्षण बिल पर चर्चा शुरू, दोपहर 3 बजे के बाद पीएम मोदी का संबोधन
लोकसभा की कार्यवाही जारी है। महिला आरक्षण बिल पर चर्चा शुरू हो गई है। आज लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी बात रखेंगे। दोपहर 3 बजे के बाद पीएम मोदी का संबोधन होगा।
-
April 16, 2026 10:49 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
परिसीमन के बाद कैसी होगी नई संसद?
- लोकसभा सीट- 850
- राज्यों की सीट- 815
- केंद्र शासित राज्यों की सीट- 35
-
April 16, 2026 10:41 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
महिला आरक्षण बिल पर बांसुरी स्वराज, रक्षा खडसे और कंगना रनौत रखेंगीं अपनी बात
इस बिल पर सरकार की तरफ से कौन बोलेगा, इसकी लिस्ट आ गई है। बिल पर कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बोलेंगे। इनके अलावा बीजेपी ने अपने महिला सांसदों को बोलने की जिम्मेदारी सौंपी है।
महिला आरक्षण बिल पर लोकसभा में बोलने वाले सांसदों के नाम-
- कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल
- बांसुरी स्वराज
- रक्षा खडसे
- अपराजिता सारंगी
- कंगना रनौत
-
April 16, 2026 10:05 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
संविधान संशोधन पर क्या है सरकार का पक्ष?
सरकार ने विरोधी दलों की आशंकाओं को दूर करने की कोशिश कर रही है और बार बार भरोसा दिला रही है कि किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा। हर राज्य में लोकसभा की सीटें 50 परसेंट बढ़ाई जाएंगी यानी अगर तमिलनाडु की 39 सीटें हैं तो वो बढ़कर 59 हो जाएंगी। केरल की 50 परसेंट सीटें बढ़ीं, तो लोकसभा सीटों की संख्या 20 से बढ़कर 30 हो जाएंगी। सरकार इस बात को सदन में भी स्पष्ट करेगी। आज संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सभी दल, सरकार के साथ आकर देश की महिलाओं को उनका हक देंगे।
-
April 16, 2026 9:22 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
विपक्ष बिल के विरोध की कीमत चुकाएगा- मोहन यादव
बीजेपी शासित राज्यों में मोदी सरकार के इस कदम को लेकर जश्न है। महिला आरक्षण संशोधन बिल के मुद्दे पर विपक्ष के विरोध पर मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने निशाना साधा है। मोहन यादव ने कहा कि विपक्ष बिल के विरोध की कीमत चुकाएगा। इस वक्त कांग्रेस की टाइमिंग खराब चल रही है। विपक्ष को अपनी बात संसद में कहनी चाहिए लेकिन विपक्ष बस हंगामा कर रहा है।
-
April 16, 2026 9:21 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
अखिलेश यादव ने बुलाई सांसदों की मीटिंग
समाजवादी पार्टी ने भी संसद में महिला आरक्षण बिल का विरोध करने की तैयारी की है। आज सुबह संसद भवन में सपा सांसदों की एक अहम बैठक होगी जिसकी अध्यक्षता खुद पार्टी मुखिया अखिलेश यादव करेंगे। पार्टी ने इस बैठक में शामिल होने का सभी सांसदों को आदेश दिया है। समाजवादी पार्टी की मांग है कि सरकार संसद में मौजूदा संख्याबल के आधार पर महिला आरक्षण बिल लेकर आए।
-
April 16, 2026 9:20 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
तमिलनाडु के CM स्टालिन ने पार्टी कार्यालय में फहराया काला झंडा
महिला आरक्षण संशोधन बिल के विरोध में दक्षिण भारत की कई पार्टियां उतर आई हैं। तमिलनाडु महिला आरक्षण संशोधन बिल के खिलाफ जबरदस्त विरोध दिख रहा है। सीएम स्टालिन के ऐलान के बाद लोगों ने घरों के बाहर काले झंडे लगा दिए हैं। वहीं सीएम स्टालिन ने भी पार्टी नेताओं के साथ मिलकर काला झंडा फहराया। इतना ही नहीं डीएमके नेताओं ने काले कपड़े पहनकर बिल का विरोध किया। डीएमके नेता एम के स्टालिन का कहना है कि मोदी सरकार दक्षिण भारत के राज्यों के साथ भेदभाव कर रही है, उनके हक को मारा जा रहा है।
-
April 16, 2026 9:04 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
संसद के विशेष सत्र से पहले PM मोदी का पोस्ट
बिल पेश होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है। पीएम मोदी ने लिखा है कि आज से शुरू हो रही संसद की विशेष बैठक में हमारा देश नारी सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहा है। हमारी माताओं-बहनों का सम्मान राष्ट्र का सम्मान है और यही भावना लेकर हम इस दिशा में दृढ़ता से आगे बढ़ रहे हैं।
-
April 16, 2026 8:28 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
खरगे के कार्यालय में रणनीति बनाएंगे विपक्षी दलों के नेता
विपक्षी दलों के नेता आज राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में मिलेंगे, ताकि विशेष सत्र के दौरान सदन के पटल पर अपनाई जाने वाली रणनीति तैयार की जा सके। बता दें कि विपक्ष बिल के विरोध में उतर आया है। विपक्ष का कहना है कि वो महिला आरक्षण बिल के विरोध में नहीं है लेकिन इससे जुड़े परिसीमन को लेकर उसका विरोध है।
-
April 16, 2026 6:50 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
850 सीटें और 33% का सपना
इन तीनों बिल के पास होने पर लोकसभा की 543 सीटें बढ़कर करीब 850 हो सकती हैं इनमें करीब 273 सीटें महिलाओं के लिए रिजर्व हो सकती हैं। सरकार कह रही है कि ये आधी आबादी को उनका हक देने का ऐतिहासिक मौका है जबकि विपक्ष टाइमिंग पर सवाल उठा रहा है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महिला आरक्षण बिल में नया सियासी सिरा निकाल लिया है। राहुल गांधी का आरोप है कि सरकार 2011 की जनगणना के आधार पर महिला आरक्षण बिल लाकर ओबीसी महिलाओं का हक मार रही है। साथ ही छोटे राज्यों का संसद ने नेतृत्व कम करने की तैयारी हो रही है।
-
April 16, 2026 6:48 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
विपक्ष की क्या है मांगें?
विपक्ष ने साफ कर दिया है कि वो लोकसभा और राज्यसभा की बहस में हिस्सा लेगा लेकिन बिल का विरोध करेंगे। विपक्ष की मांग है कि-
- 1- महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण दिया जाए
- 2- महिला आरक्षण मौजूदा लोकसभा के आधार पर 2029 में लागू किया जाए
- 3-परिसीमन 2026 की जनगणना के आंकड़े सामने आने के बाद किया जाए
- 3- विपक्षी पार्टियां परिसीमन के मौजूदा प्रावधानों के खिलाफ है
-
April 16, 2026 6:47 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
विपक्ष क्यों कर रहा विरोध?
विपक्ष मोदी सरकार के इन बिलों का विरोध कर रहा है। विपक्ष कहना है कि सरकार ने बड़ी चालाकी से महिला आरक्षण को डिलिमिटेशन से जोड़ दिया है। इससे सरकार के इरादों पर यकीन नहीं किया जा सकता। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, हम सभी महिला आरक्षण बिल के समर्थन में हैं। परिसीमन के मुद्दे पर वो चाल चल रहे हैं इसलिए सभी विपक्षी पार्टियों ने फैसला किया है कि हम सब मिलकर एक साथ संसद में इसका विरोध करेंगे।
-
April 16, 2026 6:46 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
बदल जाएगा सीटों का गणित
इन बिलों के संसद में पास होने से देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में चार अहम बदलाव होने जा रहे हैं।
- पहला- लोकसभा में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का रास्ता साफ होगा।
- दूसरा- नए बदलाव में लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 तक करने का प्रस्ताव है।
- तीसरा- लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों का पुनर्गठन करना है।
- चौथा- एक बिल में परिसीमन आयोग बनाए जाने का भी प्रपोजल है।
-
April 16, 2026 6:44 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
मोदी सरकार की सौगात
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल पहले दो बिल पेश करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीसरा बिल पेश करेंगे।
लोकसभा बिल पर चर्चा के लिए 18 घंटे का समय तय किया गया है।
17 अप्रैल को लोकसभा में चर्चा के बाद तीनों बिलों पर वोटिंग होगी।
वहीं राज्यसभा में तीनों बिल 18 अप्रैल को पेश किए जाएंगे, जहां चर्चा के लिए 10 घंटे का समय तय किया गया।
18 अप्रैल को ही राज्यसभा में चर्चा के बाद वोटिंग कराई जाएगी। -
April 16, 2026 6:42 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
आज संसद में तीन बिल पेश करेगी सरकार
मोदी सरकार संसद में आज तीन अहम विधेयक पेश करने जा रही है...16 से 18 अप्रैल तक चलने वाला ये विशेष सत्र संसद से लेकर देश की राजनीतिक दिशा तक के लिए काफी अहम है। मोदी सरकार संसद में जो तीन बिल लाने जा रही है उनमें-
- पहला- संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026
- दूसरा- परिसीमन विधेयक, 2026
- तीसरा- केंद्र शासित प्रदेश संशोधन विधेयक, 2026
इन बिल का मकसद 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को पूरी तरह ऑपरेशनलाइज करना है। इन तीनों बिलों को आज लोकसभा में पेश किया जाएगा।