प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (रविवार को) भुवनेश्वर में 169 करोड़ रुपये की लागत से बने RBI के नवनिर्मित डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया। इस दौरान, पीएम मोदी ने कहा कि विकास हमारी प्राथमिकता है। पीएम मोदी ने इसे अधिक सुरक्षित वित्तीय प्रणाली की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। भुवनेश्वर में RBI की नई सुविधाएं डिजिटल बुनियादी ढांचे और साइबर सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करेंगी।
देश का बड़ा हिस्सा बुनियादी सुविधाओं के लिए इंतजार करता रहा
PM मोदी ने कहा कि आजादी के बाद देश में बड़े-बड़े शहरों का विकास हुआ, बड़े संस्थान बने, बड़े अस्पताल बने, बड़े एयरपोर्ट बने। लेकिन देश का एक बहुत बड़ा हिस्सा, बुनियादी सुविधाओं के लिए इंतजार करता रहा। दिल्ली में बड़े अस्पताल थे, लेकिन छोटे शहरों और दूर-दराज के क्षेत्रों में बेहतर इलाज के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। बड़े शहरों में हवाई यात्रा की सुविधा थी, लेकिन छोटे शहरों को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने पर उतना फोकस नहीं था।
हमने सोच को बदलने का प्रयास किया है
उन्होंने कहा कि बड़े शहरों में कुछ सुविधाएं थीं, लेकिन अनेक गांवों में सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी जरूरतें भी एक बहुत बड़ी चुनौतीपूर्ण थीं। रेलवे स्टेशन, आम नागरिक की यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा थे, लेकिन रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाओं का अभाव था। यानी विकास का लाभ देश के हर क्षेत्र और हर नागरिक तक समान रूप से पहुंचाना एक बड़ी चुनौती बना रहा। हमने इसी सोच को बदलने का एक प्रयास किया है।
प्रो-पीपल, प्रो-एक्टिव, गुड गवर्नेंस का मॉडल लेकर चल रही सरकार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'हम प्रो-पीपल, प्रो-एक्टिव, गुड गवर्नेंस का मॉडल लेकर चले। हमारे लिए विकास का मतलब है- भारत का संतुलित विकास, गांवों को भी अवसर, छोटे शहरों को भी अवसर। हमारा लक्ष्य है दूर-दराज के क्षेत्रों को भी बेहतर कनेक्टिविटी देना, गरीब परिवारों को भी सम्मान के साथ जीवन जीने की सुविधाएं देना, और हर नागरिक को निरंतर यह विश्वास देना कि विकास की यात्रा में वह पीछे नहीं छूटेगा।'
छोटे शहरों को भी जोड़ रहे देश के एक्सप्रेसवे
आज देश के एक्सप्रेसवे छोटे शहरों को भी जोड़ रहे हैं। एम्स जैसे संस्थानों का विस्तार अनेक राज्यों तक हुआ है। छोटे-छोटे शहरों में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। गांव में करीब पौने दो लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले गए हैं। इससे पहले, आज पीएम मोदी ने वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो देखा। इस दौरान, वह नमो घाट पर मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- ‘दुनिया को मत्स्य न्याय से बचाने की जरूरत’, पीएम मोदी ने बताया क्या है भारत का विजन
Latest India News