A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. तमिलनाडु में सियासी हलचल तेज, सीएम विजय की अग्नि परीक्षा कल, आज AIADMK के 'बागी' नेताओं से मिले

तमिलनाडु में सियासी हलचल तेज, सीएम विजय की अग्नि परीक्षा कल, आज AIADMK के 'बागी' नेताओं से मिले

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय कल बहुमत साबित करने वाले हैं। इससे पहले राज्य में सियासत तेज है। सदन परीक्षण से पहले, मुख्यमंत्री विजय ने मंगलवार को बागी एआईएडीएमके नेताओं से मुलाकात की। जानें आगे क्या होगा?

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय- India TV Hindi
Image Source : PTI तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय

तमिलनाडु में कल होने वाले महत्वपूर्ण सदन परीक्षण से पहले, मुख्यमंत्री और टीवीके सुप्रीमो सी. जोसेफ विजय ने  मंगलवार को बागी एआईएडीएमके नेताओं एसपी वेलुमणि और सीवी शनमुगम से मुलाकात की। इस मुलाकात का राजनीतिक महत्व और भी बढ़ जाता है, क्योंकि वेलुमणि-शनमुगम खेमे को एआईएडीएमके के 47 विधायकों में से 30 का समर्थन प्राप्त है, जो कल सदन में शक्ति प्रदर्शन के दौरान टीवीके को अपना समर्थन दे सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक इस गुट के नेता सीवी षणमुगम और एसपी वेलूमणी ने विजय को आश्वस्त किया कि उनके पास 30 से ज्यादा विधायकों का समर्थन है और वे सभी बुधवार को प्रस्तावित विश्वास मत के दौरान विजय की टीवीके को समर्थन देंगे। गौरतलब है कि इस गुट के नेता सीवी षणमुगम ने आज सुबह ही ये एलान कर दिया था कि उन्होंने एनडीए से नाता तोड़ लिया है। इस गुट ने प्रोटेम स्पीकर को भी लेटर लिखकर एसपी वेलूमणी को विधायक दल का नेता घोषित करने की अपील की।

विजय ने कई नेताओं से मुलाकात की

आज चुने गए नए स्पीकर जेसीडी प्रभाकर को अब इस पर फैसला करना है, AIADMK के महासचिव एडप्पाडी पालनीस्वामी ने विधानसभा सचिवालय में पत्र देकर दावा किया है कि वहीं विधायक दल के असली नेता हैं। सीएम विजय और उनकी पार्टी टीवीके ने एलान किया है कि एनडीए के साथ रहने वाले किसी भी दल के साथ कोई गठजोड़ नहीं किया जाएगा। इसीलिए AIADMK के बागी विधायकों के गुट ने सबसे पहले खुद को एनडीए से अलग करने का एलान किया फिर विजय की पार्टी टीवीके को समर्थन देने का एलान किया, जिसके बाद विजय ने इन नेताओं ने मुलाकात की। सीएम जोसेफ विजय ने आज टीवीके के नेता तिरुमावलन और IUML के नेताओं से भी मुलाकात कर उनकी सरकार को समर्थन देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

Latest India News