लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को अपने घर पर INDIA ब्लॉक के सांसदों को 'हाई टी' के लिए बुलाया है। सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान "वोट चोरी" के खिलाफ संयुक्त विरोध-प्रदर्शन की रणनीति और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर चर्चा होने की उम्मीद है। सूत्रों ने कहा कि 'हाई टी' के बाद विरोध-प्रदर्शन या संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी हो सकती है, लेकिन इस योजना की जानकारी अभी गुप्त रखी गई है।
सोमवार को राहुल गांधी का सुप्रीम कोर्ट मार्च
राहुल गांधी के 5, सुनहरी बाग रोड स्थित घर पर होने वाली यह 'हाई टी' उस घटनाक्रम के एक दिन बाद होगी, जब वोट चोरी के आरोपों को लेकर हो रहे जोरदार विरोध-प्रदर्शन सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गए थे। विपक्ष के दिग्गज नेताओं ने कार्यकर्ताओं और नागरिक समाज के सदस्यों के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजधानी में अपनी ताकत दिखाते हुए भारी बैरिकेडिंग वाले रास्ते पर "लोकतंत्र के लिए मार्च" (मार्च फॉर डेमोक्रेसी) निकाला और कथित चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ संयुक्त याचिका दायर की।
इस मार्च में ये बड़े नेता हुए शामिल
झंडे और पोस्टर लिए लोगों की भारी भीड़ मध्य दिल्ली के कनॉट प्लेस में जमा हुई। इस मार्च में लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के नेता (LoP) राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, TMC प्रमुख ममता बनर्जी, CPI के डी. राजा, CPI-M नेता एम.ए. बेबी, RJD के तेजस्वी यादव और NCP-SCP नेता सुप्रिया सुले समेत कई नेता शामिल हुए।
सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई याचिका
प्रदर्शनकारियों ने भगवान दास रोड पर एक बैरिकेड तो पार कर लिया, लेकिन उन्हें सड़क पर दूसरे बैरिकेड पर रोक दिया गया। बाद में, INDIA ब्लॉक के शीर्ष नेता अपनी याचिका दायर करने के लिए सुप्रीम कोर्ट गए। इस दौरान राहुल गांधी ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। इस याचिका में भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और अन्य चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी को मामले में पक्षकार बनाया गया है। यह घटनाक्रम भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत द्वारा इस मुद्दे पर विपक्ष के नेताओं (LoP) के साथ बैठक के अनुरोध को अस्वीकार करने के एक दिन बाद हुआ है। उन्होंने कहा था कि मामला अभी अदालत के विचाराधीन (sub judice) है। (PTI के इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें:
'ज्ञानेश कुमार को प्रोटेक्ट कर रही है सरकार, हम नहीं रुकने वाले', सुप्रीम कोर्ट मार्च से पहले बोले राहुल गांधी
Latest India News