A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'सबसे अच्छा काम किया है', नितिन गडकरी की तारीफ करते नजर आए अखिलेश के करीबी सपा नेता

'सबसे अच्छा काम किया है', नितिन गडकरी की तारीफ करते नजर आए अखिलेश के करीबी सपा नेता

सपा नेता ने कहा कि नितिन गडकरी के विभाग को छोड़कर जनता के विकास के लिए कोई काम कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। मोदी सरकार में उन्होंने सबसे अच्छा काम किया है। वह सबसे अच्छा बोलते भी हैं।

nitin gadkari- India TV Hindi
Image Source : PTI केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी।

बलिया: समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सराहना करते हुए कहा कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार में गडकरी ने ‘‘सबसे अच्छा काम किया है’’ और वह सबसे अच्छा वक्ता भी हैं। चौधरी ने यह भी दावा किया कि देश में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की लोकप्रियता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में राहुल गांधी की लोकप्रियता भी बढ़ी है, लेकिन देश में लोग अखिलेश यादव को पसंद कर रहे हैं।

'सबसे अच्छा बोलते हैं गडकरी'

उत्तर प्रदेश की मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव सरकारों में कैबिनेट मंत्री रहे चौधरी ने कहा, ''गडकरी के विभाग को छोड़कर जनता के विकास के लिए कोई काम कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। रोजगार और विकास केवल अखबारों, चैनल और होर्डिंग में ही दिखाए जा रहे हैं। मोदी सरकार में नितिन गडकरी ने सबसे अच्छा काम किया है। वह सबसे अच्छा बोलते भी हैं। वह किसी के प्रति द्वेषपूर्ण बातें नहीं करते हैं, इसीलिए उन्हें दरकिनार किया गया है।''

गडकरी नहीं होंगे तो सरकार गिर जाएगी- सपा नेता

नागपुर से तीन बार के लोकसभा सांसद गडकरी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री हैं। चौधरी ने यह भी कहा कि भाजपा में जो सही लोग हैं, वे हाशिये पर हैं, जबकि जो गलत हैं वे मुख्य धारा में हैं। चौधरी ने कहा, "गडकरी को मंत्री बनाना मजबूरी है, वरना मंत्रिमंडल काम नहीं करेगा। जादू का असर होता है। अगर गडकरी नहीं होंगे तो सरकार गिर जाएगी। वह इतना साफ बोलते हैं, उन्हें अब तक क्यों नहीं हटाया गया।''

'जनता अखिलेश यादव को पसंद कर रही'

सपा के वरिष्ठ नेता ने यह भी कहा कि देश में लोग अखिलेश यादव को पसंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में अखिलेश यादव की लोकप्रियता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में राहुल गांधी की लोकप्रियता भी बढ़ी है लेकिन देश में लोग अखिलेश यादव को पसंद कर रहे हैं। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

वेकेशन पर मलेशिया में राहुल गांधी, बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद बोले- सार्वजनिक जीवन में कोई ब्रेक नहीं होता

कांग्रेस अध्यक्ष मलिल्कार्जुन खरगे पर क्यों लगा किसान के अपमान का आरोप? भाजपा भड़की

Latest India News