बेंगलुरुः कर्नाटक में आंगनवाड़ी की स्थापना के 50 साल पूरे होने अवसर पर आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार शुक्रवार को दोनों एक साथ नज़र आये। दोनों नेताओं के हाव-भाव को देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि दोनों के बीच मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर घमासान मचा हुआ है।
इशारों-इशारों में CM को दिया ये जवाब
कल तक मुख्यमंत्री पर परोक्ष रूप से वादा खिलाफी को लेकर कटाक्ष करने वाले डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार आज थोड़े सॉफ्ट नज़र आये। हालांकि इशारों-इशारों में उन्होंने सीएम की बात का जवाब दिया। डिप्टी सीएम ने कहा कि महिलाओं के लिए राज्य में लायी गयी गारंटी स्कीम दोनों की साझा कोशिशों के नतीजा है। मुख्यमंत्री ने डिप्टी सीएम शिवकुमार के ट्वीट के जवाब में कल सोशल मीडिया पर गारंटी स्कीम लागू करने का श्रेय खुद को ही दिया था। अपने भाषण में डीके शिवकुमार ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कर्नाटक में फिर से पार्टी को सेवा करने का मौका मिलेगा और सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर जनता का आर्शीवाद बना रहेगा।
महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति मजबूत
शिवकुमार ने कहा कि जब मुझे सोनिया गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया,उस समय हम दोनों ने मिलकर जनता से कई वादे किए। हमें युवाओं और महिलाओं पर बहुत भरोसा है। उसी भरोसे के मुताबिक हमने 5 गारंटी जारी की। इनमें से तीन कार्यक्रम खासकर महिलाओं के लिए थे। इन कार्यक्रमों से महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। इस तरीके से हमने इन सभी कार्यक्रमों की रूप रेखा बनाई है।
Image Source : X@DKShivakumarCM सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार
शिवकुमार ने कहा कि आपका आशीर्वाद हमारे साथ रहे आप हमें एक बार फिर आपकी सेवा करने का मौका दें। आप सब मिलकर हमें आशीर्वाद दें। आपका आशीर्वादसिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर बना रहे। कांग्रेस आप लोगों की जिंदगी में रोशनी लाने का हर सम्भव प्रयास करेगी।
दिल्ली हमारे लिए मंंदिर की तरह
डिप्टी सीएम शिवकुमार ने संकेत दिए कि वो कुछ सीनियर मंत्रियों और मुख्यमंत्री के साथ जल्द ही दिल्ली जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली उनके लिए मंदिर की तरह है। कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है, भले ही हम यहां रूल कर रहे हों, लेकिन हमारी पॉलिसी दिल्ली में ही बनती है। वोक्कालिगा समुदाय के दबाव पर DK शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस की उनकी कम्युनिटी है और वे सभी समुदायों के लिए काम करने वाले नेता हैं।
Latest India News