1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. SIR विवाद, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, INDIA ब्लॉक की अहम बैठक आज, कौन होगा शामिल

SIR विवाद, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, INDIA ब्लॉक की अहम बैठक आज, कौन होगा शामिल

इंडिया गठबंधन की अहम बैठक आज होने वाली है, जिसमें एसआईआर विवाद, सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग सहित कई प्रस्तावों में मुहर लगाई जाएगी। जानिए इस बैठक में कौन कौन शामिल होगा?

इंडिया गठबंधन की अहम बैठक - India TV Hindi
इंडिया गठबंधन की अहम बैठक

दिल्ली में आज INDIA गठबंधन की अहम बैठक होने वाली है, जिसमें गठबंधन के बड़े नेता बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर संयुक्त आंदोलन की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जाएगी। विपक्षी समूह चुनाव आयोग के फैसलों को लेकर चल रहे विवाद के बीच एकजुट होने की कोशिश कर रहा है। सूत्रों ने बताया कि CEC (मुख्य चुनाव आयुक्त) ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए लोकसभा और राज्यसभा में प्रस्ताव लाने की नई कोशिश के लिए ड्राफ्ट नोटिस तैयार है और बैठक में इसे मंजूरी देने पर चर्चा की जाएगी।

बैठक में कौन कौन होगा शामिल
आज होने वाली अहम बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी, AICC महासचिव जयराम रमेश और के.सी. वेणुगोपाल, TMC की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, और SP, CPI, CPI(M), NCP(SP) और शिवसेना (UBT) जैसी पार्टियों के नेता शामिल होंगे। जहां DMK और AAP ने साफ कर दिया है कि वे बैठक का हिस्सा नहीं बनेंगे, वहीं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी UP में राज्यसभा चुनाव के नामांकन के कारण बैठक में शामिल नहीं होंगे और अपने प्रतिनिधि भेजेंगे।

बैठक का क्या है एजेंडा
बैठक के बारे में बात करते हुए वेणुगोपाल ने बताया था, "कल INDIA ब्लॉक की बैठक है। कांग्रेस सभी राजनीतिक दलों की मदद से देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए एक बड़ा आंदोलन करना चाहती है। कल INDIA ब्लॉक के नेताओं से महत्वपूर्ण सुझाव मिलेंगे; उसके बाद हम बैठकर भविष्य के आंदोलन के लिए स्पष्ट कार्ययोजना को अंतिम रूप देंगे। उन्होंने पत्रकारों से कहा, हम INDIA ब्लॉक के आंदोलन कार्यक्रम और कांग्रेस के कार्यक्रम के बीच तालमेल बिठाएंगे।"

अखिलेश और डीएमके क्यों नहीं होंगे शामिल
अखिलेश यादव के बैठक में ना आने के बारे में पूछे जाने पर वेणुगोपाल ने कहा, "मैंने अखिलेश यादव से बात की, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी उनसे बात की। उन्हें राज्यसभा चुनाव के नामांकन का काम देखना है, लेकिन उनकी पार्टी के नेता बैठक में शामिल हो रहे हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या DMK और AAP जैसी पार्टियों को साथ लाने की कोशिश की जाएगी, तो वेणुगोपाल ने कहा कि इन मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा, "DMK, INDIA ब्लॉक का अहम हिस्सा रही है। फिर भी हमारा मानना ​​है कि वे सभी लोकतंत्र पर इस तरह के हमले के खिलाफ हैं। हमारी यही सोच है, देखते हैं क्या होता है।"

डीएमके ने क्या कहा
INDIA ब्लॉक की बैठक पर DMK के प्रवक्ता TKS एलंगोवन ने कहा, "वैचारिक रूप से हम सब साथ हैं। हो सकता है कि हम INDIA गठबंधन का हिस्सा न हों। वह अलग बात है। लेकिन संसद में, जो कोई भी ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव लाएगा, हम उसका समर्थन करेंगे... हमारे नेता ने इस बारे में बयान दिया था। कई मुद्दों पर जहाँ विपक्षी पार्टियाँ BJP का विरोध करती हैं, हम भी उनके साथ खड़े होंगे। इसका मतलब यह नहीं है कि हम साथ हैं। हम INDIA ब्लॉक में नहीं हैं।"

क्यों बुलाई गई बैठक
विपक्षी INDIA ब्लॉक, SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिविजन) में कथित अनियमितताओं के मुद्दे को एकजुट होने और सरकार को घेरने के मौके के तौर पर देख रहा है। यह बैठक 'द इंडियन एक्सप्रेस' की उस रिपोर्ट के कुछ दिनों बाद हो रही है जिसमें बताया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में SIR से जुड़े फैसलों और आदेशों पर कम से कम 14 बार आधिकारिक तौर पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि ये फैसले उनकी जानकारी या सिफारिश के बिना लिए गए थे।

SIR प्रक्रिया को लेकर अपने दो आयुक्तों द्वारा जताई गई आपत्तियों के कारण आलोचनाओं का सामना कर रहे चुनाव आयोग (EC) ने कहा है कि किसी भी संस्था में चर्चा के दौरान अलग-अलग राय और टिप्पणियां होना सामान्य बात है। आयोग ने यह भी कहा कि उसके सभी आदेशों को पूरी कानूनी मान्यता प्राप्त है और वे तय कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार जारी किए जाते हैं।

ये भी पढ़ें:

इंडिया गठबंधन में दरार, AAP नेता संजय सिंह के बयान पर भड़की कांग्रेस, नेता ने सुना दी खरी खोटी
 

Latest India News