1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर AAP-कांग्रेस में छिड़ी जंग! एक-दूसरे पर ही बरस पड़े दोनों के नेता

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर AAP-कांग्रेस में छिड़ी जंग! एक-दूसरे पर ही बरस पड़े दोनों के नेता

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ तमाम विपक्षी पार्टियां विरोध प्रदर्शन कर रही हैं और इस बीच AAP और कांग्रेस में क्रेडिट को लेकर जंग भी छिड़ गई है। जानें ये पूरा मामला क्या है।

congress vs aap- India TV Hindi
Image Source : PTI (फाइल फोटो) कांग्रेस और AAP में छिड़ी क्रेडिट की जंग!

SIR को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच विपक्ष के दलों में अपना ही कंपटीशन चल रहा है। एक तरफ, राहुल गांधी जंतर-मंतर जाने के लिए पुलिस से भिड़ रहे थे तो दूसरी तरफ, आम आदमी पार्टी के नेता कश्मीरी गेट इलाके में दिल्ली चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर 'ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो' के नारे लगा रहे थे। आम आदमी पार्टी के प्रोटेस्ट को सौरभ भारद्वाज ने लीड किया। सौरव भारद्वाज ने बताया कि आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने का न्योता इंडी अलायंस की दूसरी पार्टियों को भी दिया गया था लेकिन कोई नहीं आया। ये गलत है। ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सबको मिलकर प्रोटेस्ट करना चाहिए।

AAP ने की दोबारा चुनाव कराने की मांग

आज आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि चुनाव आयोग की बेईमानी का शिकार उनकी पार्टी भी हुई है। वो दिल्ली का चुनाव हारे नहीं थे। SIR का खेल करके, वोटर्स का नाम काटकर और चुनाव आयोग के समर्थन से अरविंद केजरीवाल को हराया गया। सौरभ भारद्वाज ने सारे चुनाव रद्द करके दोबारा चुनाव कराने की मांग की।

एक ही जगह पर हुए तीन अलग-अलग प्रदर्शन

लेकिन जैसे ही आम आदमी पार्टी का प्रोटेस्ट खत्म हुआ तो उसी जगह पर लेफ्ट फ्रंट के कार्यकर्ता पहुंच गए। उन्होंने भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। लेफ्ट का प्रोटेस्ट खत्म हुआ तो कांग्रेस की स्टूडेंट विंग NSUI के कार्यकर्ता दिल्ली चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर प्रोटेस्ट करने पहुंच गए। कांग्रेस के वर्कर्स ने भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए। कांग्रेस और लेफ्ट का ये रुख आम आदमी पार्टी के नेताओं को अखर गया।

AAP Vs कांग्रेस की जुबानी जंग

आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने कहा कि कांग्रेस बीजेपी के बजाय आम आदमी पार्टी से लड़ने में ताकत लगा रही है। इससे साफ है कि वोट चोरी जैसे बड़े मुद्दे पर भी कांग्रेस गंभीर नहीं है। आम आदमी पार्टी को कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि जो बीजेपी से लड़ना चाहता है, उसे राहुल के साथ आना होगा। जो पार्टियां अपनी अलग-अलग ढपली बजा रही हैं, उनका कोई भविष्य नहीं है।

CJP ने किया जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट का ऐलान

अभी ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच क्रेडिट की जंग चल रही है। इसी बीच एक तीसरा मोर्चा भी खुल गया। अब CJP ने 10 अक्टूबर से जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट की कॉल दे दी है। आज CJP के लीडर्स ने दिल्ली पुलिस को अपने प्रोटेस्ट की लिखित जानकारी दी है और ऐलान कर दिया कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे, तब तक जंतर-मंतर पर मजमा लगा रहेगा। CJP के प्रोटेस्ट को AISA, SFI, AISF, PSU और AISB जैसे स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशंस ने समर्थन देने का ऐलान किया है।

प्रोटेस्ट के लिए इजाजत की जरूरत नहीं- सौरभ दास

संसद मार्ग थाने में पुलिस अफसरों से मुलाकात के बाद CJP के फाउंडर मेंबर सौरभ दास ने कहा कि किसी भी डेमोक्रेसी में प्रोटेस्ट के लिए परमिशन की जरूरत नहीं होती है। CJP ने अपने प्रदर्शन की जानकारी पुलिस को दी है ताकि पुलिस ट्रैफिक डायवर्जन से लेकर सिक्योरिटी अरेंजमेंट्स को दुरुस्त कर ले। सौरव दास ने कहा कि जंतर-मंतर पर होने वाला आंदोलन CJP का नहीं, देश के नौजवानों का है और युवा तभी जंतर-मंतर से उठेंगे। जब उनकी मांगें पूरी हो जाएंगी। उधर, प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी ने सड़क पर लेटे रहने की बहुत कोशिश की, लेकिन दिल्ली पुलिस ने राहुल संग हिरासत में ले लिया।

ये भी पढ़ें- 'कसाई के श्राप से गाय नहीं मरती...', गिरिराज सिंह ने राहुल-तेजस्वी पर बोला हमला, कहा- ये बांग्लादेशियों को वोटबैंक बनाना चाहते हैं

Latest India News