1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'धारियों की नकल करने से लोमड़ी बाघ नहीं बन जाती', तेलंगाना CM का KTR पर विवादास्पद बयान

'धारियों की नकल करने से लोमड़ी बाघ नहीं बन जाती', तेलंगाना CM का KTR पर विवादास्पद बयान

सीएम रेवंत रेड्डी ने BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव पर निशाना साधा है। रेवंत रेड्डी बोले कि सिर्फ दाढ़ी बढ़ा लेने से कोई रेवंत रेड्डी नहीं बन जाता है।

तेलंगाना सीएम रेवंत...- India TV Hindi
Image Source : TELANGANA CMO/X तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी ने केटी रामा राव पर बोला जुबानी हमला।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव पर तीखा हमला बोला है। रेवंत रेड्डी ने कहा कि महज दाढ़ी बढ़ा लेने से कोई रेवंत रेड्डी नहीं बन जाता। इसके बाद, उन्होंने बिना किसी ठोस आधार के किए जा रहे सियासी दिखावे की तुलना एक ऐसी लोमड़ी से की, जो बाघ जैसा दिखने का प्रयास कर रही हो। विकाराबाद में एक जनसभा में भाषण देते हुए, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने KTR के सियासी बर्ताव का मजाक उड़ाया और कहा कि सिर्फ नकल करने से वह तेलंगाना के मतदाताओं का भरोसा नहीं हासिल कर सकते हैं।

दाढ़ी बढ़ा लेने से कोई रेवंत रेड्डी नहीं बन जाता- सीएम

तेलंगाना CMO की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा, 'जिस प्रकार कोई लोमड़ी बाघ की धारियों की नकल करके बाघ नहीं बन सकती, उसी प्रकार आप भी किसी की नकल करके बाघ नहीं बन सकते। महज दाढ़ी बढ़ा लेने से कोई रेवंत रेड्डी नहीं बन जाता। उन्हें दाढ़ी बढ़ाने में 50 साल लग गए। पता नहीं, उन्हें थोड़ा समझदार होने में और कितने साल लगेंगे?'

सोच बदले बिना नहीं बनेंगे तेलंगाना के मतदाताओं के भरोसेमंद

सीएम रेवंत रेड्डी ने इस बात पर जोर दिया कि सियासी रवैये में बदलाव के बिना पब्लिक का समर्थन फिर से हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, 'जब तक नेता अपनी सोच नहीं बदलते, तब तक तेलंगाना के लोग उन पर कभी भरोसा नहीं करेंगे।'

RARE इंडस्ट्रियल हब के विकास से पैदा होंगे रोजगार के मौके

गौरतलब है कि तेलंगाना में सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी दल BRS के बीच अलग-अलग क्षेत्रीय और विकास के मुद्दों को लेकर खींचतान तेज हो गई है। दोनों राजनीतिक पार्टियों के नेता लगातार शासन और लीडरशिप को लेकर एक-दूसरे पर तीखे प्रहार कर रहे हैं। इस बीच, तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा कि कोडांगल में रूरल एग्री-रीजन इकॉनमी यानी RARE इंडस्ट्रियल हब के विकास से इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के मौके पैदा होंगे। सीएमओ की तरफ से जारी एक स्टेटमेंट में यह जानकारी दी गई।

एयरपोर्ट्स के आस-पास इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट की बेहतरीन संभावनाएं

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने ऐलान किया कि शमशाबाद को कोडांगल से जोड़ने वाली रेडियल सड़क का काम दिसंबर 2027 तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एयरपोर्ट्स के आस-पास के इलाकों में इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट की बेहतरीन संभावनाएं मौजूद हैं। इससे पहले, हाल में तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी ने विवादास्पद बयान देते हुए कहा था कि शिव गरीबों के भगवान हैं और राम अमीरों के।

(इनपुट- ANI)

ये भी पढ़ें- रेवंत रेड्डी ने इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स पर की ऐसी टिप्पणी, निशिकांत दुबे को बोलना पड़ा- 'गलती उनकी नहीं, राहुल गांधी जो कहते हैं वही वो करते हैं'

Latest India News