1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. रेवंत रेड्डी ने इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स पर की ऐसी टिप्पणी, निशिकांत दुबे को बोलना पड़ा- 'गलती उनकी नहीं, राहुल गांधी जो कहते हैं वही वो करते हैं'

रेवंत रेड्डी ने इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स पर की ऐसी टिप्पणी, निशिकांत दुबे को बोलना पड़ा- 'गलती उनकी नहीं, राहुल गांधी जो कहते हैं वही वो करते हैं'

 Written By: Vinay Trivedi @JournoVinay
 Published : Jul 31, 2026 07:11 pm IST,  Updated : Jul 31, 2026 07:15 pm IST

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स को 'क्रिमिनल वेस्ट' कहने पर बवाल मच गया है। इसको लेकर अब BJP सांसद निशिकांत दुबे को बोलना पड़ा कि गलती रेवंत रेड्डी की नहीं, राहुल गांधी जो कहते हैं वही वो करते हैं। जाने ये पूरा मामला क्या है।

Telangana CM on Engineering students- India TV Hindi
निशिकांत दुबे ने रेवंत रेड्डी से जुड़े विवाद पर चुटकी ली। Image Source : PTI (फाइल फोटो)

BJP सांसद निशिकांत दुबे ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के 'क्रिमिनल वेस्ट' वाले बयान पर चुटकी ली है। निशिकांत दुबे ने पहले सीएम रेवंत रेड्डी की तारीफ की और फिर दावा किया राहुल गांधी के कहने पर चलने के कारण उन्होंने ऐसा बयान दिया है। दरअसल, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने बीते गुरुवार को इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स की नौकरी पाने की काबिलियत पर चिंता जताई थी, लेकिन यह बात कहते समय उनके "क्रिमिनल वेस्ट" शब्द के इस्तेमाल से तीखा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया, जिसमें विपक्षी BRS और BJP ने उन पर स्टूडेंट्स की बेइज्ज़ती करने का आरोप लगाया।

इंजीनियरिंग पढ़ने वाले आवेदन फॉर्म भी ढंग से नहीं भर पाते

हैदराबाद में एक इवेंट में बोलते हुए, रेवंत रेड्डी ने कहा कि एजुकेशन और स्किल डेवलपमेंट उनके लिए दो आंखों की तरह हैं। हर साल बड़ी संख्या में इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स के पास होने का जिक्र करते हुए, उन्होंने कहा कि राज्य में 1.10 लाख इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अपना कोर्स पूरा करते हैं, लेकिन उनमें से कई नौकरी के लिए बने आवेदन फॉर्म को भी ठीक से नहीं भर पाते हैं।

आप खुद भरवाकर देख लीजिए एक फॉर्म- रेड्डी

सीएम रेंवत रेड्डी ने कहा, "हर साल 1 लाख 10 हजार लोग इंजीनियरिंग प्रमाणपत्र लेकर स्नातक होते हैं। बस उन बच्चों को एक आवेदन पत्र दीजिए और उन्हें नौकरी के लिए आवेदन भरने को कहिए देखिए क्या होता है! मैं नहीं, मैं आप शिक्षकों से कह रहा हूं, आप इसे आजमाकर देखिए। उन्हें उनकी इंजीनियरिंग डिग्री के साथ बुलाइए, अपने गांव के उन बच्चों को बुलाइए जहां आप पढ़ाते हैं, उन्हें एक सादा कागज दीजिए और उनसे नौकरी के लिए आवेदन पत्र भरने को कहिए।''

यह पूरी तरह क्रिमिनल वेस्ट है, क्योंकि उसने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है, इसलिए वह छोटी-मोटी नौकरी नहीं करेगा। वह कौशल भी नहीं सीखेगा। और माता-पिता लगातार कहते हैं, हमारे बेटे ने इंजीनियरिंग पूरी कर ली है, उसे नौकरी दिलवाइए। मेरे निर्वाचन क्षेत्र के लोग मेरे पास आकर कहते रहते हैं, हमारे बेटे ने बड़ी-बड़ी डिग्रियां हासिल की हैं। दरअसल, माता-पिता को वास्तविकता का पता ही नहीं है: सीएम रेवंत रेड्डी

निशिकांत दुबे ने रेवंत रेड्डी के जरिए राहुल गांधी पर कसा तंज

वहीं, तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी के बयान पर BJP सांसद निशिकांत दुबे ने चुटकी लेते हुए कहा, "तेलंगाना के मुख्यमंत्री अच्छे इंसान हैं; वे मेरे बहुत पुराने मित्र हैं। हम दोनों ने संघ परिवार और विद्यार्थी परिषद के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। असल में, चूंकि वे विद्यार्थी परिषद से निकले हैं, इसलिए उनकी सोच सही है। लेकिन, उन्हें राहुल गांधी की हर बात को मानना पड़ता है। वे परेशान हैं और राहुल गांधी के निर्देशों के मुताबिक ही बोलते हैं, ठीक वही कहते हैं जो राहुल गांधी उनसे कहते हैं। इसमें रेवंत रेड्डी की कोई गलती नहीं है।"

महिला आरक्षण पर भी रेवंत का बयान चर्चा में रहा था

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पहले भी कई ऐसे बयान दे चुके हैं जो चर्चा में रहे। इससे पहले रेवंत रेड्डी ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कहा था कि हम पहले से ही घायल हैं, हमें घातक मत बनाओ

ये भी पढ़ें- नितिन नवीन के बयान पर रेवंत रेड्डी का पलटवार, तेलंगाना में हो गया 2028 की जंग का आगाज!

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत