भारत और न्यूजीलैंड के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जा रहा है, जिसमें न्यूजीलैंड टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। भारतीय टीम इस सीरीज में पहली बार मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरेगी। वहीं दोनों टीमों ने अपनी प्लेइंग 11 में बदलाव भी किया है, जिसमें टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में भुवनेश्वर कुमार और वरुण चक्रवर्ती को मयंक यादव और अक्षर पटेल की जगह पर शामिल किया गया है। वहीं न्यूजीलैंड ने भी अपनी प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया है। टीम इंडिया ने इस सीरीज के शुरुआत तीन मुकाबलों को लगातार अपने नाम करने के साथ सीरीज में पहले ही अजेय बढ़त हासिल कर ली थी। वहीं मेजबान न्यूजीलैंड की टीम ने ऑकलैंड में खेले गए चौथे मुकाबले को 87 रनों से अपने नाम करने के साथ टीम इंडिया के विजयी अभियान को रोक दिया।
आखिरी मुकाबले में गेंदबाजों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
अभी तक इस टी20 सीरीज के चारों मुकाबलों में भारतीय टीम के गेंदबाजों का प्रदर्शन काफी खराब देखने को मिला है, जिसमें चौथे मैच में न्यूजीलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड 259 रनों का स्कोर बना दिया था। ऐसे में 5वें मुकाबले में सभी की नजरें टीम इंडिया के गेंदबाजों के प्रदर्शन को लेकर लगी रहने वाली हैं। वहीं बल्लेबाजी में चौथे मैच में उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन देखने को नहीं मिला था, जिसमें कप्तान श्रेयस अय्यर का बल्ला अब तक इस सीरीज में खामोश ही देखने को मिला है और उनके लिए भी यह मुकाबला काफी अहम रहने वाला है, ताकि वनडे सीरीज से पहले अपने फॉर्म को जारी रखा जा सके।
हैमिल्टन की पिच पर बल्लेबाजों का फिर दिख सकता है दबदबा
हैमिल्टन के सेडन पार्क की पिच को लेकर बात की जाए तो यहां पर अब तक खेले गए 14 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में से 8 मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर 180 या उससे ज्यादा का बनते हुए देखने को मिला है। सेडन पार्क में अब तक खेले गए 14 टी20 मुकाबलों में से 9 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीत हासिल करने में कामयाब रही तो वहीं 5 बार टारगेट का पीछा करने वाली टीम ने मुकाबला अपने नाम किया है। भारतीय टीम ने हैमिल्टन के सेडन पार्क में अब तक 2 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें एक में उनको हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक को वह जीतने में कामयाब रहे।
यहां पर देखिए 5वें टी20 मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत - संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वरुण चक्रवर्ती।
न्यूजीलैंड - टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, एडम मिल्ने, जैकब डफी, ब्लेयर टिकनर।