भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में 4 नवंबर से पांच मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होगा, जिसमें सबसे ज्यादा नजरें टीम इंडिया के धाकड़ खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर रहने वाली हैं। अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम के लिए यह वनडे सीरीज काफी अहम रहने वाली है तो वहीं इसी बीच न्यूजीलैंड के स्क्वॉड का हिस्सा तेज गेंदबाज जैकब डफी का विराट कोहली को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। डफी आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्क्वॉड का हिस्सा हैं जिसमें उन्होंने विराट कोहली के खिलाफ पहली बार खेलने को लेकर बयान दिया है साथ उनके साथ आरसीबी ड्रेसिंग रूम में बिताए अपने अनुभव को भी साझा किया।
कोहली काफी डाउन-टू-अर्थ इंसान हैं
जैकब डफी ने आईपीएल 2026 सीजन के दौरान विराट कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम को शेयर किया था, जिसमें उन्होंने उनके साथ काफी समय बिताया। डफी ने ऑकलैंड में जहां पहला वनडे मैच खेला जाएगा वहां पर मीडिया से बात करते हुए कोहली को लेकर बताया कि वह भारत में एक 'भगवान' जैसी हस्ती होने के बावजूद कितने डाउन-टू-अर्थ इंसान हैं। कल मेरी कोहली से मुलाकात हुई। वह जिम में थे और वहां उनसे मिलना काफी अच्छा रहा। उनका बर्ताव मेरे प्रति बहुत शानदार था। भारत में कोहली एक बहुत बड़ी हस्ती हैं, वह वहां एक मेगास्टार हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका इतना जमीन से जुड़ा होना और RCB में हम जैसे विदेशी खिलाड़ियों का स्वागत करना, वाकई बहुत अच्छी बात है। इसके लिए मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। अब जब मैंने उनके साथ ड्रेसिंग रूम शेयर किया है, तो उनके खिलाफ खेलना बहुत शानदार अनुभव होगा।
कोहली का वर्क एथिक काफी शानदार है
विराट कोहली के वर्क एथिक भी जैकब डफी ने तारीफ करने के साथ कहा कि उनका काम के प्रति समर्पण बहुत शानदार है। नेट्स में मैंने उन्हें काफी गेंदबाजी की, क्योंकि वह हमेशा पहले बल्लेबाज होते थे और मैं हमेशा पहला गेंदबाज। हमने नेट्स में एक-दूसरे के खिलाफ काफी समय बिताया है, जो कि बहुत बढ़िया है। लेकिन साथ ही, उन्होंने मुझे काफी करीब से देखा भी है, इसलिए उनकी तैयारी भी अच्छी होगी। मुझे लगता है कि हम छोटी-छोटी बारीकियों पर काफी बात करते हैं। हम भारत की कुछ खास पिचों के बारे में बात करते हैं। कुछ पिचें काफी अलग होती हैं, इसलिए उन्होंने उन पिचों पर अलग-अलग लाइन और लेंथ के बारे में काफी बात की। उन्होंने बताया कि वे खुद कैसे एडजस्ट करते हैं और मुझे भी उन पिचों पर कैसे एडजस्ट करना चाहिए। उनकी तरफ से मिली ऐसी छोटी-छोटी बातें काफी अहम थीं।
मेरी कोशिश वर्ल्ड कप स्क्वॉड में अपनी जगह पक्की करने पर
अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को लेकर दोनों टीमों के लिए तैयारियों के नजरिए से यह सीरीज काफी अहम होने वाली है, जिसको लेकर जैकब डफी ने कहा कि मैंने साल 2015 और 2019 के वर्ल्ड कप देखकर अपना बचपन बिताया है। ऐसे में मेरे लिए ये हमारे खेल के सबसे बड़े मुकाम हैं और यह वो बड़े टूर्नामेंट हैं जिन्हें देखकर मैं बड़ा हुआ हूं, जिनके लिए मैंने मेहनत की है और जिनका हिस्सा बनने की हमेशा चाहत रही है। जाहिर है, वर्ल्ड कप में अभी एक साल का समय है और मुझे लगता है कि ये मैच उसमें काफी अहम भूमिका निभाते हैं। हम अपनी टीम बनाने और वर्ल्ड कप स्क्वॉड में मैं अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करूंगा। मुझे वनडे क्रिकेट काफी पसंद है और इसमें यह अच्छा लगता है कि शुरुआत में आपको स्विंग होती गेंद के साथ थोड़ी हार्ड लेंथ पर गेंदबाजी करने का मौका मिलता है। फिर पारी के आखिरी के ओवर्स में थोड़ा आक्रामक खेल देखने को मिलता है।
ये भी पढ़ें
टेस्ट सीरीज हारने के बाद कप्तान पैट कमिंस का बड़ा बयान, भारत दौरे से पहले दिए बदलाव के संकेत
टेम्बा बावुमा ने बनाया नया रिकॉर्ड, पैट कमिंस के लिए बने काल, रोहित शर्मा को छोड़ा पीछे