1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टेस्ट सीरीज हारने के बाद कप्तान पैट कमिंस का बड़ा बयान, भारत दौरे से पहले दिए बदलाव के संकेत

टेस्ट सीरीज हारने के बाद कप्तान पैट कमिंस का बड़ा बयान, भारत दौरे से पहले दिए बदलाव के संकेत

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Nov 01, 2026 08:09 am IST,  Updated : Nov 01, 2026 08:09 am IST

साउथ अफ्रीका से टेस्ट सीरीज 2-1 से हारने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान पैट कमिंस ने टीम में बड़े बदलाव होने के संकेत दिए हैं। मार्नस लाबुशेन टीम से बाहर होने की कगार पर हैं, क्योंकि उनका प्रदर्शन हाल ही में बहुत खराब रहा है।

Pat Cummins- India TV Hindi
पैट कमिंस Image Source : PTI

पैट कमिंस की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। पहला मैच बड़े अंतर से जीतने के बाद कंगारू टीम मजबूत लग रही थी, लेकिन इसके बाद साउथ अफ्रीका ने शानदार वापसी करते हुए अगले दोनों मैच जीत लिए। इस सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में कई कमियां नजर आईं। कप्तान कमिंस को 50 ओवर फेंकने के बाद भी एक भी विकेट नहीं मिला। ओपनिंग जोड़ी फ्लॉप रही। मार्नस लाबुशेन का प्रदर्शन भी काफी खराब रहा। इन सब के बाद अब कप्तान पैट कमिंस ने टीम में बड़े बदलाव होने के संकेत दिए हैं।

टेस्ट सीरीज हारने के बाद पैट कमिंस ने क्या कहा?

जनवरी के अंत में भारत के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की बॉर्डर-गावस्कर सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ भी टेस्ट सीरीज खेलनी है। इस सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद, भारत आने से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कप्तान पैट कमिंस ने हार के बाद कहा कि सीरीज हारने के बाद टीम में बदलाव की बातें होना बिल्कुल स्वाभाविक है, क्योंकि वे लगातार दो मैच हार चुके हैं। उन्होंने माना कि वे एक बहुत अच्छी टीम हैं, लेकिन अगर उन्हें फिर से नंबर 1 बनना है, तो उन्हें अपने खेल में सुधार करने की जरूरत है। इसके लिए टीम की खेलने के स्टाइल या फिर कुछ खिलाड़ियों में बदलाव भी किया जा सकता है।

WTC पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर पहुंची ऑस्ट्रेलिया की टीम

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस का मानना है कि पहले ही दिन साउथ अफ्रीका को 329 रन पर ऑल आउट करने के बाद उनकी टीम मैच में काफी आगे निकल गई थी। लेकिन इसके बाद साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत करते हुए लंच तक बिना कोई विकेट खोए 140 रन बना दिए। ऑस्ट्रेलिया की टीम लगातार दो हार से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर खिसक गई है। वहीं साउथ अफ्रीका के जीतने से न्यूजीलैंड को फायदा हुआ है। WTC रैंकिंग में न्यूजीलैंड की टीम पहले नंबर पर है। वहीं साउथ अफ्रीका दूसरे पायदान पर है।

यह भी पढ़ें

ग्लेन फिलिप्स पांचवें टी20 में रच सकते हैं इतिहास, वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से सिर्फ 56 रन दूर

फखर जमां ने शतक लगाकर की कुमार संगकारा की बराबरी, लिस्ट में विराट कोहली नंबर 1 पर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।