भारतीय टीम अभी न्यूजीलैंड के दौरे पर है जहां श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पांच मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है, जिसके दो मुकाबलों में जीत हासिल कर चुकी है। इस सीरीज के खत्म होने के बाद टीम इंडिया को मेजबान के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज भी खेलनी है, जिसको लेकर बीसीसीआई की तरफ से स्क्वॉड का ऐलान पहले ही किया जा चुका है, जिसमें विराट कोहली का नाम भी शामिल है, जिनका यह उनके करियर का आखिरी न्यूजीलैंड का दौरा भी लगभग है। ऐसे में कोहली ने वनडे सीरीज से पहले अपनी तैयारियों को पुख्ता करने के लिए अभी से अभ्यास शुरू कर दिया है, जिसमें उनकी बल्लेबाजी का वीडियो भी नेट्स में बैटिंग करते हुए सामने आया है।
मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम में प्रैक्टिस कर रहे कोहली
न्यूजीलैंड में खेली जाने वाली 5 मैचों की वनडे सीरीज टीम इंडिया के लिए काफी अहम रहने वाली है, क्योंकि इससे साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड की तैयारी को लेकर काफी तस्वीर भी साफ हो जाएगी। ऐसे में सभी की नजरें विराट कोहली के फॉर्म पर भी रहने वाली हैं, जिनका पिछले महीने के आखिर में खेली गई घर पर वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में बल्ले से शानदार फॉर्म देखने को मिला था। कोहली अभी न्यूजीलैंड के रवाना होने से पहले मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम में प्रैक्टिस कर रहे हैं, जहां पर नेट्स में उन्होंने बैटिंग करते हुए उनका जो वीडियो सामने आया है उसमें वह तेज गेंदबाजों के साथ-साथ बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजों का भी सामने करते हुए दिखाई दिए।
कोहली के पास सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ने का मौका
विराट कोहली के पास आगामी न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का शानदार मौका रहने वाला है, जिसमें वह सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ सकते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके घर में वनडे फॉर्मेट में अभी भारतीय खिलाड़ी के रूप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम पर है जिन्होंने 18 मैचों में 652 रन बनाए हैं। वहीं विराट कोहली इस लिस्ट में 514 रनों के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद हैं। ऐसे में कोहली यदि आगामी वनडे सीरीज में 139 रन और बना लेते हैं तो सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा कर लेंगे।
ये भी पढ़ें
न्यूजीलैंड में भारतीय ओपनर्स की खुली पोल, उपकप्तान केएल राहुल का बुरा हाल, जायसवाल फिर हुए फ्लॉप