भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान केएल राहुल के लिए न्यूजीलैंड ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट मैच किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। पहली पारी में खाता खोले बिना आउट होने के बाद राहुल दूसरी पारी में भी कुछ खास नहीं कर सके और महज 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। पहली पारी में 17 रन बनाने वाले जायसवाल दूसरी पारी में सिर्फ 5 रन ही बना सके। दोनों सलामी बल्लेबाजों की नाकामी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच तीन मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में खेला जा रहा है। रविवार को मुकाबले के तीसरे दिन भारतीय पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल दोनों ही जल्दी आउट हो गए और टीम को शुरुआती झटके लगे।
दूसरी पारी में हिट विकेट हुए केएल राहुल
केएल राहुल पहली पारी में आठ गेंदों का सामना करने के बाद बिना खाता खोले आउट हो गए थे। दूसरी पारी में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन वह 15 गेंदों पर केवल 4 रन ही बना सके। फ्रेजर शीट की गेंद पर राहुल हिट विकेट होकर अपना विकेट गंवा बैठे। भारत ए की पारी के पांचवें ओवर में यह घटना हुई।
राहुल भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिहाज से उनका फॉर्म काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि, इस मुकाबले की दोनों पारियों में वह पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए। पहली पारी में शून्य और दूसरी पारी में चार रन बनाने के बाद उनकी बल्लेबाजी पर सवाल उठने लगे हैं। राहुल अब भारत ए के अगले दो अनौपचारिक टेस्ट मैचों में भी नहीं खेलेंगे, क्योंकि उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में हिस्सा लेना है।
जायसवाल भी नहीं दिखा सके दम
केएल राहुल से पहले यशस्वी जायसवाल भी दूसरी पारी में सस्ते में आउट हो गए। पारी के चौथे ओवर की पहली गेंद पर साइमन कीन की गेंद पर मिशेल हे ने उनका कैच लपका। जायसवाल नौ गेंदों पर सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इससे पहले पहली पारी में उन्होंने 45 गेंदों का सामना करते हुए 17 रन बनाए थे। इस तरह दोनों पारियों को मिलाकर जायसवाल भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। राहुल और जायसवाल दोनों ही किसी भी पारी में 50 गेंदों का सामना नहीं कर सके।
न्यूजीलैंड ए ने पहली पारी में बनाए 317 रन
मुकाबले में न्यूजीलैंड ए ने अपनी पहली पारी में 89.3 ओवर बल्लेबाजी करते हुए 317 रन बनाए और भारत ए के खिलाफ 204 रन की बड़ी बढ़त हासिल की। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज राइस मारियू ने 137 गेंदों पर 76 रन बनाए, जबकि डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने 79 गेंदों पर 51 रन की पारी खेली।
क्रिस्टियन क्लार्क ने 67 गेंदों पर 42 रन बनाकर टीम का स्कोर मजबूत किया। उन्होंने जाक गिब्सन के साथ दसवें विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी की। इससे पहले क्लार्क ने फ्रेजर शीट के साथ 9वें विकेट के लिए 34 रन और फॉक्सक्रॉफ्ट के साथ 8वें विकेट के लिए 33 रन जोड़े। भारत ए की ओर से अंशुल कंबोज और औकिब नबी डार ने 3-3 विकेट हासिल किए। आकाश दीप को दो सफलताएं मिलीं, जबकि मुकेश चौधरी और वॉशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट लिया।
यह भी पढ़ें: