1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हरमनप्रीत कौर ने मिताली राज को छोड़ा पीछे, वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बनी दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी

हरमनप्रीत कौर ने मिताली राज को छोड़ा पीछे, वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बनी दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Oct 25, 2026 05:28 pm IST,  Updated : Oct 25, 2026 05:28 pm IST

भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के बल्ले से जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में शानदार शतकीय पारी देखने को मिली है, जिसके दम पर वह मिताली राज को पीछे छोड़ने में कामयाब रहीं।

Harmanpreet Kaur- India TV Hindi
हरमनप्रीत कौर Image Source : AFP

भारतीय महिला क्रिकेट टीम घर पर अभी जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है, जिसके दूसरे मुकाबले में टॉस जीतने के बाद कप्तान स्मृति मंधाना ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। इस मैच में टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें 19 के स्कोर तक 2 विकेट गंवा दिए थे, यहां से बल्लेबाजी करने उतरी पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक छोर से पारी को न सिर्फ संभाला बल्कि शानदार शतकीय पारी भी खेली और इसके दम पर वह पूर्व कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ने के साथ अब महिला वनडे फॉर्मेट में भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है।

अब सिर्फ स्मृति मंधाना से पीछे हैं हरमनप्रीत

जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ पहले वनडे मैच में हरमनप्रीत कौर को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था, लेकिन दूसरे मैच में उन्होंने पूरी कसर निकाल दी और 101 गेंदों में अपने वनडे करियर का 8वां शतक जड़ दिया। हरमनप्रीत कौर के बल्ले से इस मुकाबले में 121 गेंदों में 15 चौके के दम पर 126 रनों की शानदार पारी देखने को मिली। हरमनप्रीत कौर अब महिला वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सिर्फ मौजूदा कप्तान स्मृति मंधाना से पीछे हैं, जो अब तक 14 शतकीय पारियां खेल चुकी हैं।

महिला वनडे फॉर्मेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली खिलाड़ी

  • स्मृति मंधाना - 14 शतक
  • हरमनप्रीत कौर - 8 शतक
  • मिताली राज - 7 शतक
  • पूनम राउत - 3 शतक
  • जेमिमा रोड्रिग्ज - 3 शतक
  • प्रतिका रावल - 3 शतक

हरमनप्रीत कौर शतक लगाने वाली बनी चौथी उम्रदराज महिला खिलाड़ी

हरमनप्रीत कौर ने जब जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में अपने शतक को पूरा किया तो वह महिला वनडे फॉर्मेट में शतक जड़ने वाली चौथी उम्रदराज खिलाड़ी बन गई। हरमनप्रीत ने अपना 8वां वनडे शतक 37 साल 231 दिन की उम्र में लगाया। इस लिस्ट में पहले नंबर पर न्यूजीलैंड महिला टीम की खिलाड़ी बार्ब बेवेज का नाम है जिन्होंने साल 1982 में 39 साल 48 दिन की उम्र में वनडे फॉर्मेट में शतकीय पारी खेली थी।

महिला वनडे फॉर्मेट में शतक लगाने वाली उम्रदराज खिलाड़ी

  • बार्ब बेवेज (न्यूजीलैंड महिला टीम) - 39 साल 48 दिन उम्र (साल 1982)
  • जेनेट ब्रिटिन (इंग्लैंड महिला टीम) - 38 साल 161 दिन उम्र (साल 1997)
  • डेलेन टेरब्लांच (साउथ अफ्रीका महिला टीम) - 37 साल 289 दिन उम्र (साल 2000)
  • हरमनप्रीत कौर (भारतीय महिला टीम) - 37 साल 231 दिन उम्र (साल 2026)
  • डेबोरा हॉकले (न्यूजीलैंड महिला टीम) - 37 साल 91 दिन उम्र (साल 2000)

ये भी पढ़ें

IND vs NZ T20I सीरीज के बीच आई बुरी खबर, स्टार तेज गेंदबाज अगले 3 मैचों से हुआ बाहर

न्यूजीलैंड में भारतीय ओपनर्स की खुली पोल, उपकप्तान केएल राहुल का बुरा हाल, जायसवाल फिर हुए फ्लॉप

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।