1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. न्यूजीलैंड में देवदत्त पडिक्कल ने संभाली टीम की डूबती नैया, 100 रन के पार पहुंचाया स्कोर

न्यूजीलैंड में देवदत्त पडिक्कल ने संभाली टीम की डूबती नैया, 100 रन के पार पहुंचाया स्कोर

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 25, 2026 12:39 pm IST,  Updated : Oct 25, 2026 12:40 pm IST

न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ चार दिवसीय मुकाबले में देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन ने शानदार साझेदारी कर इंडिया-ए को शुरुआती झटकों से उबारा।

Devdutt Padikkal - India TV Hindi
देवदत्त पडिक्कल Image Source : AFP

लगातार दो पारियों में नाकाम रहने के बाद केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने एक बार फिर निराश किया, लेकिन देवदत्त पडिक्कल ने मुश्किल वक्त में जिम्मेदारी संभालकर इंडिया-ए की उम्मीदों को जिंदा रखा। न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ चार दिवसीय मुकाबले में पडिक्कल और साई सुदर्शन ने तीसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी कर टीम को शुरुआती झटकों से उबारा। हालांकि, दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम मेजबान टीम से 98 रन पीछे थी और न्यूजीलैंड-ए की पकड़ मुकाबले पर बनी हुई थी।

लिंकन में खेले जा रहे इस मुकाबले में न्यूजीलैंड-ए ने पहली पारी में 317 रन बनाए थे। इसके जवाब में इंडिया-ए की पहली पारी महज 113 रन पर सिमट गई थी। इस तरह न्यूजीलैंड-ए को पहली पारी में 204 रन की बड़ी बढ़त मिली। दूसरी पारी में भी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और राहुल तथा जायसवाल जल्दी पवेलियन लौट गए। दिन का खेल समाप्त होने तक इंडिया-ए ने दो विकेट पर 106 रन बना लिए थे। पडिक्कल 56 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि साई सुदर्शन 39 रन पर उनका साथ दे रहे थे।

पडिक्कल ने मुश्किल हालात में दिखाया दम

दूसरी पारी में इंडिया-ए ने महज 10 रन के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। ऐसे दबाव भरे हालात में पडिक्कल और साई सुदर्शन ने संयम के साथ बल्लेबाजी की। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 188 गेंदों पर 96 रन की नाबाद साझेदारी हो चुकी थी, जिसने भारतीय पारी को संभालने में अहम भूमिका निभाई।

पडिक्कल ने अपनी पारी के दौरान 89 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 56 रन बनाए। उनकी बल्लेबाजी में धैर्य और जिम्मेदारी साफ नजर आई। हालांकि, पारी की शुरुआत में उन्हें एक जीवनदान भी मिला। क्रीज पर आने के कुछ ही देर बाद क्रिस्टियन क्लार्क की गेंद पर उनके बल्ले का किनारा लगा, लेकिन दूसरी स्लिप में खड़े राइस मारियू कैच पकड़ने में नाकाम रहे। इसके बाद पडिक्कल ने अपनी पारी को आगे बढ़ाया और अर्धशतक पूरा किया। दूसरी ओर, साई सुदर्शन ने भी बिना कोई गलती किए बल्लेबाजी की। वह 104 गेंदों पर 39 रन बनाकर नाबाद रहे। टेस्ट टीम में तीसरे नंबर के स्थान के लिए दावेदारी पेश कर रहे पडिक्कल और साई सुदर्शन ने इस साझेदारी से चयनकर्ताओं के सामने अपना दावा मजबूत करने की कोशिश की है।

राहुल और जायसवाल ने फिर किया निराश

आगामी टेस्ट सीरीज से पहले अभ्यास के लिए अहम माने जा रहे इस मुकाबले में केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन चिंता बढ़ाने वाला रहा। राहुल पहली पारी में खाता खोले बिना आउट हुए थे, जबकि दूसरी पारी में वह सिर्फ चार रन बना सके। वह अंदरूनी किनारा लगने के बाद गेंद को विकेटों से दूर धकेलने की कोशिश में हिट विकेट हो गए।

जायसवाल भी दोनों पारियों में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने पहली पारी में 17 और दूसरी पारी में सिर्फ पांच रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पूरे मुकाबले में कुल मिलाकर 77 गेंदों का ही सामना किया। नवंबर के तीसरे सप्ताह से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले उनका इस तरह जल्दी आउट होना टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय हो सकता है। इससे पहले न्यूजीलैंड-ए ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 135 रन से की थी। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ उपयोगी साझेदारियां कर टीम को 317 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

यह भी पढ़ें:

भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर रचा इतिहास, 300वें T20I में छुआ बड़ा मुकाम, ऐसा करने वाली बनी दुनिया की पहली टीम

बांग्लादेश को लगा तगड़ा झटका, वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हुए स्टार तेज गेंदबाज नाहिद राणा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।