A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. TVK प्रत्याशी ने 4 बार के विधायक को एक वोट से हराया, सरकार में थे मंत्री; जानें कहां हुआ बड़ा खेला

TVK प्रत्याशी ने 4 बार के विधायक को एक वोट से हराया, सरकार में थे मंत्री; जानें कहां हुआ बड़ा खेला

तमिलनाडु में एक वोट की वजह से चार बार के विधायक को हार का सामना करना पड़ा। टीवीके प्रत्याशी ने डीएमके के मंत्री को इस चुनाव में हरा दिया।

TVK प्रत्याशी ने 4 बार के विधायक को एक वोट से हराया।- India TV Hindi
Image Source : ECI TVK प्रत्याशी ने 4 बार के विधायक को एक वोट से हराया।

एक वोट की ताकत क्या होती है, इसकी मिसाल एक बार फिर देखने को मिली है। यहां तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव में टीवीके पार्टी के प्रत्याशी ने चार बार के विधायक और सरकार में मंत्री को सिर्फ एक वोट से हराकर यह साबित कर दिया है कि एक वोट कितना मायने रखता है। बता दें कि टीवीके ने तमिलनाडु में अपने पहले ही चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है। हालांकि टीवीके बहुमत तक नहीं पहुंच सकी है, लेकिन पार्टी ने डीएमके और एआईएडीएमके को काफी पीछे छोड़ दिया है। टीवीके ने राज्य में 108 सीटों पर जीत हासिल की। 

तिरुपत्तूर सीट पर एक वोट से जीत

दरअसल, एक वोट की लड़ाई तमिलनाडु के तिरुपत्तूर सीट पर देखने को मिली है। यहां टीवीके के प्रत्याशी श्रीनिवास सेतुपति ने डीएम के प्रत्याशी पेरियाकरुप्पन को हराया। तिरुपत्तूर सीट पर तमिलगा वेट्ट्री कज़गम (TVK) के प्रत्याशी श्रीनिवास सेतुपति को 83375 वोट मिले, जबकि डीएमके प्रत्याशी पेरियाकरुप्पन को 83374 वोट मिले। इस तरह से यहां पर सिर्फ एक वोट के अंतर से श्रीनिवास सेतुपति ने जीत हासिल कर ली। इस सीट पर बीजेपी के तिरुमारन के सी तीसरे स्थान पर रहे। 

टीवीके को मिली बड़ी जीत

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे भी सामने आ गए हैं। तमिलनाडु में जोसेफ विजय की टीवीके 108 सीटें जीतकर राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। टीवीके का यह पहला विधानसभा चुनाव था। वहीं दूसरी तरफ डीएमके को 59 जबकि AIADMK को इस चुनाव में 47 सीटों पर ही जीत मिल सकी। राज्य में कांग्रेस को भी पांच सीटों पर जीत मिली है। इस चुनाव में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को भी अपनी सीट पर हार का सामना करना पड़ा। उनकी कोलाथुर सीट पर टीवीके के वीएस बाबू ने 8,795 वोटों से जीत दर्ज की।

दो सीटों पर जीते विजय

वहीं दूसरी तरफ टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय ने भी तमिलनाडु की पेरम्बूर विधानसभा सीट से भारी जीत हासिल की है। विजय को 120365 वोट मिले, जबकि डीएमके प्रत्याशी आरडी शेखर को 66650 वोट मिले। विजय ने पेरम्बूर सीट पर 53,715 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। अभिनेता से राजनेता बने विजय, तिरुचिरापल्ली (पूर्वी) विधानसभा सीट पर भी जीत हासिल कर ली है। यहां उन्होंने डीएमके के नेता एस इरूदयराज को 27416 वोटों के अंतर से हराया। विजय को 91381 वोट मिले, जबकि डीएमके प्रत्याशी को 63965 वोट मिले।

यह भी पढ़ें-

लालू यादव की पार्टी RJD से केरल में कौन जीत गया, कितने वोट मिले जानिए; तीसरे नंबर पर रही बीजेपी

Latest India News