1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर में फिर लौटेंगी खुशियां, दोबारा खोले गए 12 पर्यटन स्थल; देखें खूबसूरत नजारे

जम्मू-कश्मीर में फिर लौटेंगी खुशियां, दोबारा खोले गए 12 पर्यटन स्थल; देखें खूबसूरत नजारे

जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से पर्यटकों को आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। यहां पहलगाम आतंकी हमले के बाद से बंद किए गए 12 पर्यटन स्थलों को दोबारा से खोल दिया गया है।

दोबारा खोले गए...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दोबारा खोले गए जम्मू-कश्मीर के पर्यटन स्थल।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद बंद किए गए जम्मू-कश्मीर के 12 और पर्यटन स्थल आज से पर्यटकों के लिए फिर से खोल दिए गए हैं। इनमें से सात कश्मीर में और पांच पर्यटन स्थल जम्मू में हैं। कश्मीर के सात खूबसूरत स्थलों में से ज्यादातर दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग और पहलगाम में हैं। सरकार के इस फैसले से पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे हैं। इस फैसले का स्वागत करते हुए, होटल व्यवसायी संघ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिवाली के मौके पर कश्मीर आने का न्योता दिया है।

पीएम को दिया कश्मीर का न्योता

इंडिया टीवी से बात करते हुए, होटल व्यवसायी संघ के अध्यक्ष तारिक अहमद गनई ने कहा, "हम सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हैं। हमें उम्मीद है कि पूजा की छुट्टियां और शीतकालीन पर्यटन कश्मीर में नई बहार लाएंगे। हम यह भी चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिवाली पर कश्मीर आएं क्योंकि पहलगाम आतंकी हमले ने पर्यटन उद्योग को बहुत बड़ा झटका दिया है। लेकिन प्रधानमंत्री का कश्मीर दौरा दुनिया को एक सकारात्मक संदेश देगा कि कश्मीर सुरक्षित है।"

Image Source : Reporter Inputपर्यटन स्थलों पर पर्यटकों ने उठाया लुत्फ।

फिर से गुलजार होगा पर्यटन

तारिक अहमद गनई ने आगे कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पर्यटन स्थलों के बंद होने से पर्यटन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा, क्योंकि पर्यटक कश्मीर की खूबसूरती देखना चाहते थे। अब जब सरकार इन स्थलों को फिर से खोल रही है, तो यह एक अच्छा फैसला है, जिससे दुनिया को एक सकारात्मक संदेश गया है कि कश्मीर सुरक्षित है। टूरिज्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि वर्ष 2026 में कश्मीर एक बार फिर पर्यटन से गुलजार हो जाएगा।

Image Source : Reporter Inputपर्यटन स्थलों पर पर्यटकों ने उठाया लुत्फ।

पर्यटकों में भारी उत्साह

तारिक गनई ने कहा कि सरकार के इस फैसले से कश्मीर घूमने आने वाले पर्यटकों में भारी उत्साह है। पर्यटक बिना किसी डर के कश्मीर के विभिन्न खूबसूरत पर्यटन स्थलों की सैर करते नजर आ रहे हैं। उनका मानना है कि कश्मीर सुरक्षित है। यहां की खूबसूरती, लोग और वातावरण धरती पर स्वर्ग का एहसास दिलाते हैं। बिना किसी डर के कश्मीर घूमने आए इन पर्यटकों ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद बंद किए गए पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने के सरकार के फैसले को सही ठहराया।

Image Source : Reporter Inputपर्यटन स्थलों पर पर्यटकों ने उठाया लुत्फ।

पहलगाम हमले के बाद बंद थे पर्यटन स्थल

बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार ने 48 पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया था। पहले चरण में 16 और फिर अब आज 12 पर्यटन स्थलों को आज खोला गया है। इन 12 पर्यटन स्थलों में से पांच जम्मू क्षेत्र में और सात कश्मीर में हैं। इन पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने का निर्णय शुक्रवार (26 सितंबर, 2025) को श्रीनगर स्थित राजभवन में विभिन्न सुरक्षा शाखाओं के एकीकृत मुख्यालय (UHQ) की बैठक में लिया गया। उम्मीद है कि सरकार द्वारा लिया गया यह फैसला कश्मीर के माहौल में खुशी लेकर आएगा।

यह भी पढ़ें- 

PM मोदी के एक ट्वीट से पड़ोसी देश में हाहाकार, पाकिस्तानी गृह मंत्री और रक्षा मंत्री का हिल गया मानसिक संतुलन

पति के साथ गरबा डांस कर रही महिला अचानक जमीन पर गिरी, सामने आया मौत का LIVE VIDEO