खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला की गरबा करते-करते अचानक मौत हो गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि महिला अपने पति के साथ गाने पर गरबा डांस कर रही थी। डांस करते-करते महिला अचानक से जमीन पर गिर गई, जिसके बाद उसे उठाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी सांसे थम गई थीं।
पति के साथ कर रही थी डांस
दरअसल, खरगोन जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र का यह पूरा मामला है। यहां पलासी गांव में दुर्गा पंडाल के सामने गरबा डांस करने के दौरान एक महिला अचानक जमीन पर गिर गई। हार्ट अटैक के चलते महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ "ओ मेरे ढोलना" गाने पर गरबा डांस कर रही थी। महिला के जमीन पर गिरते ही हड़कंप मच गया।
घटना का वीडियो आया सामने
जानकारी के मुताबिक पलासी गांव में सिंगाजी मंदिर पर मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना की गई है। दुर्गा पंडाल में 19 वर्षीय सोनम अपने पति कृष्णलाल के साथ रविवार की रात गरबा डांस कर रही थी। इस दौरान वह अचानक जमीन पर गिर गई। वहीं गरबा के दौरान जमीन पर गिरने का उसका वीडियो अब सामने आया है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
मई में हुई थी शादी
महिला के अचानक जमीन पर गिर जाने के बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी सांस बंद हो गई थी। बताया जा रहा है कि सोनम की शादी इसी साल मई में कृष्ण पाल से हुई थी। वहीं अब सोनम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो वहां मौजूद लोगों ने बनाई है। वीडियो में महिला को अचानक से जमीन पर गिरते हुए देखा जा सकता है। (इनपुट- अजय तिवारी)
यह भी पढ़ें-
आंखों के सामने से 10 सेकेंड में स्कूटी लेकर फरार हुआ चोर, CCTV में कैद हुई घटना
बरेली हिंसा का दूसरा मास्टरमाइंड नदीम गिरफ्तार, तौकीर के राइट हैंड को पुलिस ने दबोचा