1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मां दुर्गा के विसर्जन में दर्दनाक हादसा, बांध में डूबे 2 दोस्त, दो घरों के बुझ गए चिराग, गांव में मचा कोहराम

मां दुर्गा के विसर्जन में दर्दनाक हादसा, बांध में डूबे 2 दोस्त, दो घरों के बुझ गए चिराग, गांव में मचा कोहराम

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Oct 22, 2026 12:07 pm IST,  Updated : Oct 22, 2026 12:07 pm IST

पन्ना जिले के देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए हादसे में पांच दोस्त डूब गए, जिससे खुशियां मातम में बदल गईं। प्रतिमा को पानी में ले जाते समय युवक गहरे पानी में चले गए और डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

mp news- India TV Hindi
देवी विसर्जन के दौरान हादसा। Image Source : INDIA TV

मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के देवेंद्र नगर में मां दुर्गा की विदाई के दौरान ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। बड़ा गांव बांध में प्रतिमा विसर्जन में गए पांच दोस्त नहाते समय गहरे पानी में डूब गए। इनमें तीन युवकों को तो जैसे-तैसे मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मुस्तैदी के चलते बचा लिया गया, जबकि दो युवकों की डूबने से मौत हो गई, जिससे मां के विसर्जन की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और दो परिवारों के चिराग हमेशा के लिए बुझ गए। इस हादसे से पूरे गांव में मातम पसर गया है। इस हादसे के बाद सवाल उठ रहे हैं कि अगर पुलिस और प्रशासन की टीम यहां मौजूद थी तो फिर इतना बड़ा हादसा कैसे हुआ।

माता के विसर्जन के दौरान हुआ हादसा

माता का विसर्जन के दौरान 5 दोस्त तालाब में गहरे पानी में नहाते नहाते पहुंच गए, जिसमें दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 18 वर्षीय आयुष अग्रवाल, पिता शेष अग्रवाल और 25 वर्षीय कृष्णा सोनी, पिता नारायण दास सोनी के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में हाहाकार मच गया है। वहीं हादसे के बाद बचाए गए साहिल तिवारी और करण सोनी को अस्पताल से प्राथमिक उपचार किया जा रहा है वही जबकि हरिओम द्विवेदी को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।

घर में मची चीख-पुकार

जैसे ही दोनों युवकों के शव घर पहुंचे, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे के चलते पहले जिन घरों में त्योहार की रौनक थी, वहां अब मातम पसरा है। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू बड़ा गांव बांध पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर घटनाक्रम की जानकारी ली। मां दुर्गा की विदाई के बीच हुए इस हादसे ने दो परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दिया है। यह घटना जलाशयों में प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा और सावधानी की अहमियत को फिर याद दिलाती है।

मौके पर पहुंचा प्रशासनिक अमला

घटना की जानकारी मिलेत ही पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू और तहसीलदार सुमित तिवारी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और घटना को लेकर चर्चा की। एसपी निवेदिता नायडू ने बताया कि विसर्जन के दौरान पैर फिसलने और गहरे पाने में जाने के चलते ये हादसा हुआ है। मौके पर मौजूद लोगों ने युवकों को बचाने की कोशिश की, जिनमें से तीन को तो बचा लिया गया, लेकिन 2 की जान नहीं बचाई जा सकी।

(पन्ना से अमित सिंह की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर सख्त CM मोहन यादव, कार्बाइड गन और अवैध पटाखों पर रोक के निर्देश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।