खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा एक बार फिर रोक दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या में भी काफी कमी आई है। वहीं, आने वाले दिनों में जम्मू कश्मीर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया। ऐसे में एहतियातन यात्रा रोक दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह भगवती नगर आधार शिविर से किसी भी नए जत्थे को कश्मीर घाटी के लिए जाने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अधिकारियों ने कहा कि अगले कुछ दिन में भारी बारिश के पूर्वानुमान और श्रद्धालुओं की संख्या में आई कमी के कारण जम्मू से अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन हालात पर नजर रख रहा है और मौसम और जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे की हालत के आधार पर श्रद्धालुओं की आवाजाही का रिव्यू करेगा। यह हाईवे कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र ऑल-वेदर रोड है।
4.75 लाख से ज्यादा लोगों ने की अमरनाथ यात्रा
तीन जुलाई से यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 4.75 लाख से ज्यादा श्रद्धालु अमरनाथ की गुफा के दर्शन कर चुके हैं। 57 दिन की यह तीर्थयात्रा 28 अगस्त को रक्षा बंधन के साथ खत्म होने वाली है। स्थानीय मौसम विभाग द्वारा जारी परामर्श के अनुसार, 11 अगस्त तक जम्मू क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अंदेशा है, साथ ही अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई गई है। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार तड़के हल्की से मध्यम बारिश के बावजूद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू रूप से जारी रहा।
बूढ़ा अमरनाथ यात्रा की तैयारी शुरू
राजौरी जिले में सुरक्षा बलों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े दलों ने शुक्रवार को जम्मू-राजौरी-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आतंकवाद रोधी अभ्यास किया। यह अभ्यास 17 अगस्त से शुरू होने वाली वार्षिक श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा से पहले आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों और प्रतिक्रिया तंत्र को परखने तथा मजबूत करने के लिए किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह अभ्यास नौशेरा क्षेत्र के बगनोती राजल में किया गया, जहां राजमार्ग पर आतंकवादी हमले की काल्पनिक स्थिति तैयार कर सुरक्षा बलों और आपातकालीन दलों की प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया गया। (इनपुट-पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
जम्मू-कश्मीर में प्रवासी मजदूरों के लिए एडवाइज़री, दो टारगेटेड आतंकी हमलों के बाद सुरक्षा कड़ी
अमरनाथ यात्रा और 15 अगस्त के दौरान टारगेट किलिंग की प्लानिंग कर रहे हैं आतंकी, कश्मीर में अलर्ट