जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुई टारगेट किलिंग की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। कुछ ही दिनों पहले कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पिछले 10 दिनों में टारगेट किलिंग में एक पुलिसकर्मी और दो बाहरी मजदूर मारे गए। जानकारी के अनुसार, इस हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा का हाथ होने का शक है। इन घटनाओं से जुड़े आतंकियों को ढूंढने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं, अब अमरनाथ यात्रा और 15 अगस्त को लेकर भी टारगेट किलिंग की प्लानिंग की जानकारी सामने आई है।
अमरनाथ यात्रा और 15 अगस्त निशाने पर
श्रीनगर के लाल चौक में सिक्योरिटी हाई अलर्ट पर कर दी गई है। कश्मीर में हो रही टारगेट किलिंग के बाद ये अलर्ट जारी किया गया है। इंटेलिजेंस एजेंसियों को जानकारी मिली है कि आतंकवादी एक बार फिर से कश्मीर में, खासकर अमरनाथ यात्रा और 15 अगस्त के दौरान टारगेट किलिंग की प्लानिंग कर रहे हैं। इस इनपुट के बाद, पूरे कश्मीर में, खासकर साउथ कश्मीर और श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक में सिक्योरिटी हाई अलर्ट पर कर दी गई है।

सर्च और फ्रिस्किंग तेज
स्निफर डॉग्स की मदद से पूरे इलाके में सर्च और फ्रिस्किंग तेज कर दी गई है। आने-जाने वाले हर व्यक्ति की चेकिंग की जा रही है, और उनके आइडेंटिटी कार्ड खास तौर पर चेक किए जा रहे हैं। मोटरसाइकिल और गाड़ियों की तलाशी ली जा रही है। इसका मकसद कश्मीर में चल रही अमरनाथ यात्रा को सफल बनाना और टारगेटेड किलिंग के आरोपी आतंकवादियों का पता लगाना है ताकि अमरनाथ यात्रा और 15 अगस्त का जश्न शांति से हो सके।

दो प्रवासी मजदूरों की हत्या
आपको बता दें कि कश्मीर के कुलगाम जिले में केलम क्षेत्र में मौजूद ईंट-भट्ठे पर शुक्रवार को आतंकियों ने हमला किया था। इस हमले में दो प्रवासी मजदूरों दीपक रात्रे और भूपिंदर की मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान दीपक रात्रे और भूपिंदर के रूप में की गई थी। प्रवासी मजदूरों की हत्या करने वाले आतंकवादियों का पता लगाने के लिए सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। वहीं, दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दोनों मजदूरों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। ये मुआवजा जिला प्रशासन द्वारा घोषित छह-छह लाख रुपये की तत्काल सहायता के अतिरिक्त है।
ये भी पढ़ें- बारामूला में एक आतंकी गिरफ्तार, हथियार और गोला-बारूद भी बरामद, JK पुलिस और CRPF को मिली बड़ी सफलता