1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर में सेना और पुलिस की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा- ‘पिछले 48 घंटों में 6 आतंकवादी मारे गए’

जम्मू-कश्मीर में सेना और पुलिस की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा- ‘पिछले 48 घंटों में 6 आतंकवादी मारे गए’

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सेना और पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में 48 घंटे के अंदर 6 आतंकवादी मारे गए। पहलगाम हमले के बाद जारी कार्रवाई में लश्कर कमांडर शाहिद कुट्टे भी ढेर हुआ है।

Jammu and Kashmir, terrorists killed, anti-terror operations- India TV Hindi
Image Source : ANI प्रेस कॉन्फ्रेंस करते पुलिस एवं सेना के अफसर।

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में छिपे आतंकियों को चुन-चुनकर उनके अंजाम तक पहुंचाया जा रहा है। पहलगाम अटैक के बाद 14 खूंखार टेररिस्ट की लिस्ट के साथ सेना मैदान में है, और इनमें से अब तक 6 आतंकियों का काम तमाम कर दिया गया है। इन आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं। सूबे में चलाए जा रहे आतंकवाद विरोधी अभियानों पर सेना और पुलिस की तरफ से शुक्रवार को एक जॉइंट पुलिस कॉन्फ्रेंस हुई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस एवं सेना के अधिकारियों ने आतंकवाद को जड़ से मिटाने की प्रतिबद्धता जताई।

‘48 घंटों में हमने दो बहुत सफल ऑपरेशन किए’

IGP कश्मीर वी.के. बिरदी ने दोनों ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए कहा, 'कश्मीर घाटी में बढ़ती आतंकी गतिविधियों के मद्देनजर यहां तैनात सभी सुरक्षाबलों ने अपनी रणनीतियों की समीक्षा की। इस समीक्षा के बाद, ऑपरेशनों पर अधिक ध्यान दिया पिछले 48 घंटों में, हमने दो बहुत सफल ऑपरेशन किए हैं। ये 2 ऑपरेशन केरन और त्राल इलाकों में किए गए, जिसके परिणामस्वरूप कुल 6 आतंकवादियों को मार गिराया गया।' इस दौरान मौजूद सेना के अफसर ने दोनों ऑपरेशनों के बारे में डिटेल में बताया।

मारे गए आतंकियों में शाहिद कुट्टे भी शामिल

बिरदी ने कहा कि हम यहां आतंकी पारिस्थितिकी तंत्र को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बता दें कि शोपियां में 13 मई को लश्कर के 3 आतंकी मारे गए जबकि गुरुवार त्राल में जैश के मोहम्मद के 3 आतंकी ढेर कर दिए गए। इन आतंकियों के पास से हथियारों का जखीरा मिला है और 8 आतंकियों की तलाश अभी भी जारी है। लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद, हिज्बुल मुजहदिन और द रेजिस्टेंस फ्रंट से जुड़े इन आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चल रहा है। बता दें कि शोपियां में मारे गए आतंकियों में शाहिद कुट्टे भी शामिल था जो कि लश्कर का टॉप कमांडर था।