1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर में मौसम की मार, 24 घंटे बाद बहाल हुईं फोन और इंटरनेट सेवाएं

जम्मू-कश्मीर में मौसम की मार, 24 घंटे बाद बहाल हुईं फोन और इंटरनेट सेवाएं

जम्मू-कश्मीर में फोन और इंटरनेट सेवाएं 24 घंटे बाद बहाल कर दी गईं। मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण कई जगहों पर ऑप्टिकल फाइबर को भारी नुकसान पहुंचा था।

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के चंदनवाड़ी में पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर की वार्षिक तीर्थयात्रा के दौर- India TV Hindi
Image Source : PTI जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के चंदनवाड़ी में पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर की वार्षिक तीर्थयात्रा के दौरान लोग।

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बाढ़ से बाधित हुई फोन और इंटरनेट सेवाएं 24 घंटे बाद बुधवार को बहाल कर दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू क्षेत्र में ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क को हुए नुकसान को ठीक करने के बाद सभी नेटवर्क पर मोबाइल, लैंडलाइन और इंटरनेट सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं।

सेवाएं बाधित होने के कारण

अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को जम्मू क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण कई जगहों पर ऑप्टिकल फाइबर को भारी नुकसान पहुंचा था। इस वजह से सभी सेवा प्रदाताओं के नेटवर्क में बड़ी रुकावट आ गई थी, जिससे न सिर्फ फोन और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हुईं, बल्कि बैंकिंग सेवाओं में भी बाधा आई।

तेजी से हुआ मरम्मत कार्य

जैसे ही फाइबर को नुकसान पहुंचने की सूचना मिली, तकनीकी टीमों को तुरंत मरम्मत के काम में लगाया गया। उनकी त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर ही फाइबर को फिर से जोड़ दिया गया, जिसके बाद बुधवार को सेवाएं बहाल हो गईं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि अब उपयोगकर्ता सभी नेटवर्क पर 5G स्पीड का आनंद ले सकते हैं।

वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा स्थगित

जम्मू क्षेत्र में मंगलवार को नदियों के उफान पर होने से पानी के वेग से रास्ते में आने वाली हर चीज तहस-नहस हो गई। चट्टान, पेड़ और पत्थर ढलानों से नीचे गिर पड़े। वैष्णो देवी भवन के रास्ते में हुए लैंड स्लाइड में मरने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर 33 हो गई है।

लगातार भारी बारिश ने न केवल जम्मू में तबाही मचाई, जहां अचानक बाढ़ और भूस्खलन के मद्देनजर वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा स्थगित कर दी गई, बल्कि कश्मीर घाटी में भी। बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा, पुल ढह गए और मोबाइल टावर और बिजली के खंभे टहनियों की तरह टूट गए। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

देहरादून के पलटन बाजार में गूंजा "स्वदेशी अपनाओ" का नारा, CM पुष्कर सिंह धामी ने किया नेतृत्व

"चुनाव आयोग को रिमोट कंट्रोल से चलने वाली कठपुतली बना दिया", बिहार में एमके स्टालिन ने लगाया बड़ा आरोप