A
  1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. चैत्र नवरात्र में वैष्णो देवी जा रहे भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी, मिलेंगी ये खास सुविधाएं

चैत्र नवरात्र में वैष्णो देवी जा रहे भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी, मिलेंगी ये खास सुविधाएं

चैत्र नवरात्र में मां वैष्णो देवी के दरबार में जाने वाले श्रद्धालुओं को कई सुविधाएं मिलने वाली हैं, जिससे उनकी यात्रा सुखद हो जाएगी। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजनालयों में विशेष फलाहार की व्यवस्था भी की गई है।

maa vaishno devi pilgrims- India TV Hindi
Image Source : PTI मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाते श्रद्धालु।

जम्मू/कटरा: कल से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र के मद्देनजर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन वैश्या ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अब तक यात्रा का आंकड़ा लगभग 15 लाख के पार पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

धाम में श्रद्धालुओं के लिए हर जरूरी सुविधा

उन्होंने बताया कि पूरे यात्रा मार्ग पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और चिकित्सा सेवाओं के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं, जहां यात्रियों को हर प्रकार की जानकारी और मदद उपलब्ध कराई जा रही है।

फूलों से महका मां वैष्णो देवी का दरबार

नवरात्र के अवसर पर वैष्णो देवी मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है। सचिन वैश्या ने बताया कि नवरात्र के दौरान प्रातः और सायंकाल भवन क्षेत्र में देशभर के प्रसिद्ध और स्थानीय भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिससे श्रद्धालुओं को एक दिव्य अनुभव प्राप्त होगा।

व्रतियों के लिए भोजनालयों में विशेष फलाहार 

व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजनालयों में विशेष फलाहार की व्यवस्था की गई है। वहीं, दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क बैटरी चालित वाहन सेवा सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने आगे बताया कि इस वर्ष यात्रा में कुछ नई सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं, जिनमें साधना स्थल और यज्ञशाला शामिल हैं, जहां श्रद्धालु हवन-पूजन कर सकते हैं।

सुरक्षा कड़ी, आधुनिक कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर

सुरक्षा के लिहाज से बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और श्राइन बोर्ड के सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। यात्रा मार्ग पर चौबीसों घंटे निगरानी के लिए समेकित नियंत्रण एवं निगरानी केंद्र के माध्यम से मॉनिटरिंग की जा रही है, साथ ही आधुनिक कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

श्राइन बोर्ड ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और यात्रा को सुचारु रूप से संपन्न कराने में सहयोग करें। सचिन वैश्या ने सभी श्रद्धालुओं को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए माता वैष्णो देवी से सभी पर कृपा बनाए रखने की कामना की।

यह भी पढ़ें-

Chaitra Navratri 2026: 26 या 27 मार्च, कब तक रहेगी चैत्र नवरात्रि? जानें इस बार 8 नवरात्र है या पूरे 9

चैत्र नवरात्र पर CM योगी ने प्रदेशवासियों को लिखी 'पाती', बोले- हर क्षेत्र में बेटियों को अवसर मिलना जरूरी