1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. LoC पर सेना हाई अलर्ट, 'व्हाइट नाइट कोर' के GOC ने राजौरी-पुंछ में सुरक्षा का लिया जायजा

LoC पर सेना हाई अलर्ट, 'व्हाइट नाइट कोर' के GOC ने राजौरी-पुंछ में सुरक्षा का लिया जायजा

सेना के 'व्हाइट नाइट कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल पी के मिश्रा ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम इलाकों का दौरा किया।

राजौरी और पुंछ में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम इलाकों का किया गया दौरा - India TV Hindi
Image Source : @WHITEKNIGHT_IA राजौरी और पुंछ में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम इलाकों का किया गया दौरा

जम्मू-कश्मीर: भारतीय सेना के 'व्हाइट नाइट कोर' के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी), लेफ्टिनेंट जनरल पी के मिश्रा ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास अग्रिम इलाकों का दौरा किया। उन्होंने इस दौरान क्षेत्र में परिचालन तैयारियों और सुरक्षा स्थिति की गहन समीक्षा की।

'व्हाइट नाइट कोर' ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस दौरे की जानकारी दी। पोस्ट में बताया, "व्हाइट नाइट कोर के जीओसी, 'ऐस ऑफ स्पेड्स डिवीजन' के जीओसी के साथ कृष्णा घाटी (पुंछ) और नौशेरा (राजौरी) सेक्टरों में अग्रिम चौकियों का दौरा किया ताकि परिचालन तैयारियों की समीक्षा की जा सके और नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा का आकलन किया जा सके।"

अग्रिम चौकियों पर तैनात सैनिकों से मुलाकात

लेफ्टिनेंट जनरल मिश्रा ने इस दौरान अग्रिम चौकियों पर तैनात सैनिकों से भी मुलाकात की और उनसे बातचीत की। उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करने के लिए सैनिकों के पेशेवर अंदाज, धीरज एवं अटूट प्रतिबद्धता की खुलकर सराहना की।

जीओसी ने सभी सैनिकों को संबोधित करते हुए उन्हें देश की सीमाओं की सुरक्षा में सर्वोच्च परिचालन दक्षता और दृढ़ आक्रामक रुख बनाए रखने का आह्वान किया। यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब एलओसी पर किसी भी घुसपैठ या शत्रुतापूर्ण कार्रवाई का मुकाबला करने के लिए सेना हाई अलर्ट पर है।

दो महिला तस्कर मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार

एक अन्य खबर में, जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में बुधवार को दो कथित महिला तस्करों को 15 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में शोपियां जिले के मेलहुरा जैनापोरा इलाके में जांच के दौरान दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 15 किलोग्राम पिसा हुआ गांजा और एक किलोग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद किया गया। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

मजदूरी करने वाले दंपति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या, खून से सने शव घर से हुए बरामद

घाटशिला उपचुनाव: 3 उम्मीदवारों के नामांकन खारिज, JMM, BJP और JLKM के बीच मुकाबला