1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. घाटशिला उपचुनाव: 3 उम्मीदवारों के नामांकन खारिज, JMM, BJP और JLKM के बीच मुकाबला

घाटशिला उपचुनाव: 3 उम्मीदवारों के नामांकन खारिज, JMM, BJP और JLKM के बीच मुकाबला

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 22, 2025 10:16 pm IST,  Updated : Oct 22, 2025 10:22 pm IST

झारखंड में घाटशिला उपचुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों के नामांकन खारिज कर दिए गए हैं। राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद यह सीट खाली हुई है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE (PTI)

झारखंड में घाटशिला उपचुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों के नामांकन निर्वाचन आयोग ने जांच के दौरान खारिज कर दिए हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के निवर्तमान विधायक और राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के 15 अगस्त को निधन के बाद घाटशिला विधानसभा सीट खाली हो गई थी। इस सीट के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा और मतगणना 14 नवंबर को होगी। 

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, बुधवार को जांच के दौरान मालती टुडू (निर्दलीय), दुखीराम मार्डी (आपकी विकास पार्टी) और मंगल मुर्मू (राष्ट्रीय सनातन पार्टी) के नामांकन खारिज कर दिए गए। उपचुनाव के लिए अब 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि गुरुवार निर्धारित है।

झामुमो के उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन 

घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन, झामुमो के उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के उम्मीदवार रामदास मुर्मू के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। इस बीच, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त एवं उपचुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने जेएलकेएम के उम्मीदवार रामदास मुर्मू को आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया। 

घाटशिला के उपमंडल जिलाधिकारी (एसडीएम) सुनील चंद्रा ने बताया कि यह नोटिस उन वीडियो और तस्वीरों का संज्ञान लेने के बाद जारी किया गया है, जिनमें घाटशिला में मंगलवार को एक रैली के दौरान जेएलकेएम नेता और डुमरी विधायक जयराम महतो एक एसयूवी की छत पर बैठे नजर आ रहे हैं।

जेएलकेएम उम्मीदवार को कारण बताओ नोटिस

उन्होंने बताया, "जेएलकेएम उम्मीदवार को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। रैली के लिए दी गई अनुमति में मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का पालन करने का स्पष्ट उल्लेख किया गया था। हमने रामदास मुर्मू को नोटिस का जवाब देने के लिए 24 घंटे का समय दिया है।" 

जमशेदपुर के उपायुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार रात सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर कहा था कि रैली के दौरान किसी भी व्यक्ति का चार पहिया वाहन की छत पर बैठना या खड़ा होना निर्वाचन आयोग के सुरक्षा और आचार संहिता के दिशानिर्देशों का उल्लंघन है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

CM सिद्धारमैया के बेटे ने कहा- पिता का पॉलिटिकल करियर आखिरी पड़ाव पर, जानें किसको बताया उत्तराधिकारी

मजदूरी करने वाले दंपति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या, खून से सने शव घर से हुए बरामद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।