1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड के यात्रियों को बड़ी सौगात, टाटानगर से जयपुर के लिए चलेगी सीधी ट्रेन, जानें पूरा शेड्यूल

झारखंड के यात्रियों को बड़ी सौगात, टाटानगर से जयपुर के लिए चलेगी सीधी ट्रेन, जानें पूरा शेड्यूल

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Oct 23, 2026 01:59 pm IST,  Updated : Oct 23, 2026 01:59 pm IST

टाटानगर से जयपुर के लिए इस नई ट्रेन के परिचालन से जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के कारोबारियों, नौकरीपेशा वर्ग और राजस्थान की यात्रा करने वाले आम पर्यटकों को सुगम और बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। 26 अक्टूबर क़ो सांसद विद्युत वरण महतो इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

टाटानगर से जयपुर के...- India TV Hindi
टाटानगर से जयपुर के लिए शुरू होगी नई सीधी रेल सेवा (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Source : PTI (FILE PHOTO)

जमशेदपुर (झारखंड): जमशेदपुर और जयपुर के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। मारवाड़ी समाज के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप टाटानगर से जयपुर के खातीपुरा स्टेशन तक के लिए नई सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। इस नई रेल सेवा को क्षेत्र के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है। इस ट्रेन के शुरू होने से झारखंड और बंगाल के श्रद्धालुओं को खाटू श्याम धाम पहुंचने में काफी आसानी होगी।

26 अक्टूबर को हरी झंडी दिखाएंगे सांसद

नई ट्रेन को अक्टूबर को 26 अक्टूबर को आयोजित समारोह में सांसद विद्युत वरण महतो हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से समारोह से जुड़ेंगे। उल्लेखनीय है कि इस रेल सेवा की घोषणा लगभग एक महीने पहले की गई थी। इस ट्रेन के लिए सांसद विद्युत वरण महतो लगातार प्रयासरत थे। सांसद की विशेष पहल पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 18601-18602 सांतरागाछी-खातीपुरा (जयपुर खाटू श्याम धाम तक) साप्ताहिक एक्सप्रेस को स्वीकृति प्रदान की थी।

ट्रेन का रूट और शेड्यूल-

  • यह ट्रेन दोपहर 2:15 बजे सांतरागाछी से चलेगी और शाम 5:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी। यहां 5 मिनट के ठहराव के बाद यह रांची और टोरी के रास्ते अगले दिन रात 11 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। 
  • वापसी में, डाउन ट्रेन सुबह 9:20 बजे खातीपुरा से रवाना होगी, जो कि अगले दिन दोपहर 3:05 बजे टाटानगर और शाम 7:45 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी। 

इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन-

यह साप्ताहिक एक्सप्रेस टाटानगर के अलावा खड़गपुर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, लोहरदगा, लातेहार, डाल्टेनगंज, गढ़वा रोड, डेहरी-ऑन-सोन, सासाराम, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, आगरा, बांदीकुई और दौसा समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। 

जमशेदपुरवासियों को मिलेगी बड़ी राहत

नई ट्रेन के शुरू होने से जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले मारवाड़ी समाज के लोगों के साथ-साथ आम यात्रियों, व्यापारियों, छात्रों और पर्यटकों को राजस्थान आने-जाने में काफी सुविधा होगी। सीधी रेल सेवा उपलब्ध होने से यात्रा अधिक सुगम होगी और दोनों क्षेत्रों के बीच व्यापारिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूती मिलेगी।

मारवाड़ी समाज ने सांसद को दिया धन्यवाद

इस महत्वपूर्ण पहल के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी समाज ने सांसद विद्युत वरण महतो के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। मारवाड़ी समाज ने कहा कि जमशेदपुर और राजस्थान के बीच बेहतर रेल संपर्क स्थापित करने की दिशा में सांसद के प्रयास सराहनीय हैं। यह नई रेल सेवा पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार के प्रयासों से देश में रेल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। टाटानगर से जयपुर के लिए शुरू होने वाली यह नई रेल सेवा जमशेदपुर और राजस्थान के बीच संपर्क को नई दिशा देगी तथा यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

वहीं, आपको बता दें कि त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे इस साल 6,200 से ज्यादा विशेष ट्रेन फेरे चलाएगा। पिछले साल के मुकाबले इसमें करीब 30% की बढ़ोतरी की गई है।

(रिपोर्ट- गंगाधर पांडे)

यह भी पढ़ें-

दिवाली पर घर जाने वालों के लिए गुड न्यूज, यूपी-बिहार जाने वाली इन 10 स्पेशल ट्रेनों में लगेंगे एक्स्ट्रा AC कोच

बेंगलुरु और मुंबई के बीच दौड़ेगी नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, 1 नवंबर से चलाने की हो रही तैयारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।