A
  1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर: आतंक के खिलाफ भारतीय सेना का बड़ा ऑपरेशन, छठे दिन भी ठिकानों पर बरसाए गए गोले

जम्मू-कश्मीर: आतंक के खिलाफ भारतीय सेना का बड़ा ऑपरेशन, छठे दिन भी ठिकानों पर बरसाए गए गोले

भारतीय सेना ने हेलीकॉप्टर, ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सुरक्षाबलों की टीम ने छठे दिन आतंकवादी ठिकानों पर नए सिरे से गोलीबारी की।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI सांकेतिक तस्वीर

जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के घने जंगलों में आतंक-रोधी ऑपरेशन गुरुवार को लगातार छठे दिन भी जारी रहा। सुरक्षा बलों ने संदिग्ध आतंकवादी ठिकानों पर नए सिरे से गोलीबारी की। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, एक स्वघोषित कमांडर समेत दो से तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों के इस क्षेत्र में छिपे होने की आशंका है। 

संदिग्ध ठिकानों पर की गई गोलीबारी

यह कार्रवाई उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा द्वारा इलाके का दौरा करने और घने जंगलों में जारी आतंकवाद-रोधी अभियान की समीक्षा करने के एक दिन बाद की गई। अधिकारियों ने बताया कि मांजकोट क्षेत्र के डोरिमल-गंभीर मुगला इलाके में संदिग्ध ठिकानों पर गोलीबारी शुरू की गई। 

जंगली क्षेत्रों में दिखे धुएं के गुबार

उन्होंने कहा कि गोलीबारी और 'मल्टीपल ग्रेनेड लॉन्चर' (MGL) के जरिए किए गए हमलों के कारण जंगली क्षेत्रों से धुएं का गुबार दिखाई दिया। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बल आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रहे हैं। 

आंतकी ठिकाने का भंडाफोड़

सुरक्षा बलों ने सोमवार को गोलीबारी के बाद एक आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ किया था। अधिकारियों ने कहा कि हेलीकॉप्टर, ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टीम आसपास के इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चला रही हैं।

घेराबंदी कर चलाया गया तलाशी अभियान 

सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक संयुक्त टीम ने शनिवार को संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधि की विशेष सूचना मिलने के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान संदिग्ध आतंकवादियों से आमना-सामना होने पर संक्षिप्त गोलीबारी हुई। इसके बाद सुरक्षा बलों ने घने जंगलों वाले इलाके में व्यापक तलाशी अभियान जारी रखा।

ये भी पढ़ें: 

Giribala Singh Arrested: ट्विशा शर्मा मौत के मामले में बड़ा एक्शन, CBI ने सास गिरिबाला सिंह को किया गिरफ्तार

जयपुर में AI तकनीक से हनीट्रैप, महिला ने अपने बॉस के साथ बनाई फर्जी फोटो, ब्लैकमेल कर ठगे 90 लाख-VIDEO