भारत समेत पूरी दुनिया में भूकंप की बढ़ती घटनाओं ने लोगों को दहला कर रख दिया है। बीते कुछ समय में कई देशों में भूकंप के कारण हजारों लोगों की मौत भी हुई है। हाल के दिनों में भारत के भी अलग-अलग राज्यों से भूकंप की खबरें सामने आती रहती हैं। इसी क्रम में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। आइए जानते हैं कि इस भूकंप के बारे में अब तक क्या कुछ पता लगा है।
कितनी रही भूकंप की तीव्रता?
नेशनल सेंटर फोर सिस्मोलॉजी ने जानकारी दी है कि सोमवार तड़के जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में भूकंप आया है। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 मापी गई है। जानकारी के अनुसार, ये भूकंप देर रात 2 बजे के करीब आया और इसका केंद्र धरती से 10 किलोमीटर की गहराई में था। अब तक इस भूकंप के कारण किसी प्रकार के नुकसान या हताहत की कोई खबर सामने नहीं आई है। आपको बता दें कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में बीते 25 जून को भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई थी।
मणिपुर में भी भूकंप
नेशनल सेंटर फोर सिस्मोलॉजी के मुताबिक, सोमवार को मणिपुर में भी दो बार भूकंप के कारण धरती हिली है। जानकारी के अनुसार, मणिपुर में पहला भूकंप सुबह-सुबह 6 बजकर 32 मिनट पर आया। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.9 मापी गई। इस भूकंप का केंद्र कामजोंग जिले में धरती से 80 किलोमीटर की गहराई में था। वहीं, मणिपुर में दूसरा भूकंप 7 बजकर 23 मिनट पर आया। ये भूकंप 3.4 की तीव्रता का था और इसका केंद्र तेंगनौपाल जिले में धरती से 90 किलोमीटर की गहराई में था।
भूकंप क्यों आते हैं?
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भूकंप के कारण धरती हिलने की मुख्य वजह धरती के भीतर मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों का आपस में टकराना, रगड़ना या खिसकना होता है। इसके कारण जमीन के अंदर जमा ऊर्जा अचानक से बाहर की ओर निकलती है। इसी के कारण हमारी धरती पर भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में भूकंप, आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में महसूस किए गए झटके
भूकंप से एक बार फिर कांप उठी भारत की धरती, महाराष्ट्र में महसूस किए गए झटके