1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बंगाल की खाड़ी में भूकंप, आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में महसूस किए गए झटके

बंगाल की खाड़ी में भूकंप, आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में महसूस किए गए झटके

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jul 12, 2026 10:37 am IST,  Updated : Jul 12, 2026 10:58 am IST

बंगाल की खाडी में रविवार की सुबह भूकंप आया। आंध्र प्रदेश के कई शहरों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि इस भूकंप में किसी के हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है।

बंगाल की खाड़ी में आया भूकंप।- India TV Hindi
बंगाल की खाड़ी में आया भूकंप। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

विशाखापत्तनम: बंगाल की खाड़ी में रविवार की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र आंध्र प्रदेश के तटीय शहर काकीनाडा से 225 किलोमीटर दूर बंगाल की खाड़ी में था। भूकंप का केंद्र सतह से 10 किलोमीटर अंदर था। भूकंप की झटके आंध्र प्रदेश के कई शहरों में लोगों ने महसूस किए। विशाखापत्तनम में भी भूकंप की वजह से लोग घरों से बाहर आ गए। हालांकि भूकंप की वजह से कोई जनहानि नहीं हुई है। 

सुबह 5 बजकर 5 मिनट पर आया भूकंप

आंध्र प्रदेश के तट के पास बंगाल की खाड़ी में रविवार सुबह 4.5 तीव्रता का हल्का भूकंप आया। भूकंप के झटके विशाखापत्तनम शहर के कई हिस्सों में महसूस किए गए। इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इंफॉर्मेशन सर्विसेज (INCOIS) के अनुसार, भूकंप सुबह 5:05:46 बजे (IST) 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। इसका केंद्र बंगाल की खाड़ी में काकीनाडा तट से लगभग 225 किलोमीटर दूर, 16.805° उत्तरी अक्षांश और 84.381° पूर्वी देशांतर पर था।

विशाखापत्तनम में महसूस किए गए झटके

एक विज्ञप्ति में कहा गया, "रविवार सुबह बंगाल की खाड़ी में रिक्टर पैमाने पर 4.5 तीव्रता का हल्का भूकंप आया और विशाखापत्तनम शहर के कई हिस्सों में हल्के झटके महसूस किए गए।" इसमें कहा गया है कि भूकंप के कारण किसी के हताहत होने, संपत्ति को नुकसान पहुंचने या किसी अन्य तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। विज्ञप्ति में आगे कहा गया कि झटके हल्के थे और निवासियों के बीच घबराहट की कोई खबर नहीं मिली।

महाराष्ट्र में भी भूकंप के झटके

बता दें कि इससे पहले शनिवार को महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली। अधिकारियों के मुताबिक शनिवार सुबह 11 बजकर 26 मिनट पर हिंगोली में 3.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि भूकंप का केंद्र जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई में था। 

वहीं गुरुवार को भी महाराष्ट्र के हिंगोली और पड़ोसी जिलों परभणी तथा नांदेड़ में इसी तरह के झटके महसूस गए थे। गुरुवार को इन तीनों जिलों में भूकंप के चार झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के ये झटके गुरुवार तड़के 1 बजकर 37 मिनट से तीन बजकर 23 मिनट के बीच 3.6 से 4.6 तीव्रता के रहे।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता, रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े 3 शूटर्स को पकड़ा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत