1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर में फिर हुआ लैंडस्लाइड, मंदिर के पास भूस्खलन के कारण दो लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर में फिर हुआ लैंडस्लाइड, मंदिर के पास भूस्खलन के कारण दो लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से लैंडस्लाइड की घटना सामने आई है। रियासी जिले में एक मंदिर के पास भूस्खलन के कारण दो लोगों की मौत हो गई है।

JAMMU KASHMIR Reasi LANDSLIDE REPRESENTATIVE- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK सांकेतिक फोटो।

केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से एक और दुखी कर देने वाले हादसे की खबर सामने आई है। प्रदेश के रियासी जिले में लैंडस्लाइड यानी भूस्खलन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, भारी बारिश के कारण भूस्खलन हो गया और दो लोग जो कि तंबू में सो रहे थे वे इसकी चपेट में आकर अपनी जान गंवा बैठे। आपको बता दें कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर के कटरा में माता वैष्णो देवी मार्ग पर भी लैंडस्लाइड की घटना देखने को मिली थी।

कैसे हुआ ये हादसा?

अधिकारियों ने बुधवार को रियासी जिले में हुई लैंडस्लाइड की घटना को लेकर जानकारी दी है। अधिकारियों ने बताया है कि मंगलवार की रात माहोरे तहसील के बदोरा पहाड़ी क्षेत्र में एक शिव मंदिर के पास ये घटना हुई। जिस वक्त लैंडस्लाइड हुआ तब दो लोग एक तंबू में सो रहे थे। इन लोगों के पास मंदिर तक जाने वाले मार्ग को मैनेज करने की जिम्मेदारी थी। दोनों की ही लैंडस्लाइड की चपेट में आने के कारण मौत हो गई।

मृतकों की पहचान आई सामने

रियासी में लैंडस्लाइड के कारण जान गंवाने वाले दो लोगों की पहचान तुली कलावन क्षेत्र के रहने वाले रशपाल सिंह (26 वर्ष) और चेनानी क्षेत्र के निवासी रवि कुमार (23 वर्ष) के रूप में की गई है। अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आम लोगों और पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया और मृतकों के शवों को मलबे से बरामद कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड

इससे पहले जम्मू-कश्मीर के कटरा में माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भयानक लैंडस्लाइड देखने को मिला था। सोमवार को सुबह करीब 8 बजे बाणगंगा के पास भूस्खलन हुआ था। इस हादसे में 1 शख्स की मौत हो गई थी और करीब 10 लोग घायल हो गए थे। भूस्खलन के कारण ट्रैक पर बने शेड भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जहां ये घटना हुई उस मार्ग को माता वैष्णो देवी यात्रा का पुराना और मुख्य मार्ग माना जाता है। यहां से हर रोज हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए गुजरते हैं। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भयानक लैंडस्लाइड, 1 की मौत, कई घायल, सामने आया तबाही का Video

Amarnath Yatra: बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए उमड़ी भीड़, 20वें जत्थे में 4388 तीर्थयात्री रवाना