1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भयानक लैंडस्लाइड, 1 की मौत, कई घायल, सामने आया तबाही का Video

माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भयानक लैंडस्लाइड, 1 की मौत, कई घायल, सामने आया तबाही का Video

माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भयानक लैंडस्लाइड की खबर सामने आ रही है। इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। लैंडस्लाइड की इस घटना से जुड़ा तबाही का Video भी सामने आया है।

vaishno devi land slide- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन।

जम्मू-कश्मीर के कटरा से हादसे की दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भयानक लैंडस्लाइड की घटना हुई है। जानकारी के मुताबिक, माता वैष्णो देवी भवन मार्ग बाणगंगा के पास यात्री मलबे में फंसे हुए हैं। तेज बारिश के चलते भूस्खलन की घटना हुई है जिसमें कई यात्री इसकी चपेट में आ गए हैं। इस हादसे में 1 शख्स की मौत हो गई है और 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। आइए जानते हैं इस दुखद हादसे के बारे में सबकुछ।

कहां और कैसे हुआ हादसा?

माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर सोमवार की सुबह करीब 8 बजे बाणगंगा के पास भारी भूस्खलन हुआ, जिसमें कई यात्री मलबे की चपेट में आ गए। यह हादसा क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण हुआ है। सामने आई जानकारी के अनुसार, कटरा से भवन की ओर जाने वाले पुराने यात्रा मार्ग पर स्थित बाणगंगा क्षेत्र में अचानक पहाड़ से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा गिरा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कई श्रद्धालु फंस गए। इसके बाद 1 शख्स की मौत और 10 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई।

बचाव में क्या किया गया?

हादसे के बाद रेस्क्यू करने वाली टीम में शामिल पिट्ठू, पालकी सेवकों, श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों और पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला है। घायलों को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भूस्खलन के कारण ट्रैक पर बने शेड भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गनीमत यह रही कि समय रहते राहत कार्य शुरू हो गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

क्यों बड़ी है ये घटना?

आपको बता दें कि यह मार्ग माता वैष्णो देवी यात्रा का पुराना और मुख्य मार्ग माना जाता है, जहां रोज़ाना हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए गुजरते हैं। हादसे के बाद इलाके में आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी गई है। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस हादसे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। (रिपोर्ट: राही कपूर)

ये भी पढ़ें- अमरनाथ यात्रा के दौरान हुआ लैंडस्लाइड, एक महिला तीर्थयात्री की मौत, यात्रा एक दिन के लिए रोकी गई

एक दिन की रुकावट के बाद फिर शुरू हुई अमरनाथ यात्रा, 7900 से ज्यादा तीर्थयात्रियों का जत्था जम्मू से रवाना