1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. अमरनाथ यात्रा के दौरान हुआ लैंडस्लाइड, एक महिला तीर्थयात्री की मौत, यात्रा एक दिन के लिए रोकी गई

अमरनाथ यात्रा के दौरान हुआ लैंडस्लाइड, एक महिला तीर्थयात्री की मौत, यात्रा एक दिन के लिए रोकी गई

 Reported By: Manzoor Mir Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jul 17, 2025 07:15 am IST,  Updated : Jul 17, 2025 07:36 am IST

अमरनाथ यात्रा के दौरान लैंडस्लाइड की घटना के कारण एक महिला तीर्थयात्री की मौत की खबर सामने आई है। आइए जानते हैं कि किस मार्ग पर हुआ है ये हादसा।

amarnath yatra landslide death baltal- India TV Hindi
अमरनाथ यात्रा के दौरान हादसा। Image Source : PTI

जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा जारी है। अब तक 2.47 लाख से अधिक तीर्थयात्री पवित्र गुफा में दर्शन कर चुके हैं। हालांकि, बुधवार को यात्रा के दौरान हादसे की जानकारी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, गंदेरबल जिले में अमरनाथ यात्रा के बालटाल मार्ग पर बुधवार को भूस्खलन यानी लैंडस्लाइड की घटना सामने आई है। इस हादसे में एक महिला तीर्थयात्री की मौत की खबर है। महिला की पहचान राजस्थान की 55 वर्षीय सोना बाई के रूप में की गई है। आइए जानते हैं पूरी घटना के बारे में।

क्यों हुआ भूस्खलन?

अमरनाथ यात्रा के दौरान बुधवार को हुई बारिश के कारण बालटाल से भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार- बुधवार को बालटाल मार्ग पर रेलपथरी के पास ज़ेड मोड़ पर यात्रा मार्ग पर पहाड़ से अचानक बारिश का पानी गिरने से भूस्खलन हुआ। सूत्रों ने बताया कि इस भूस्खलन की घटना के दौरान राजस्थान की एक महिला को बेहोशी की हालत में चिकित्सा केंद्र ले जाया गया। उसकी पहचान 55 वर्षीय सोना बाई के रूप में हुई है। चिकित्सा केंद्र में वह मृत पाई गई।

1 दिन के लिए रोकी गई यात्रा

अमरनाथ यात्रा को पहलगाम और बालटाल दोनों बेस कैंप से आज 17 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, बीते दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण दोनों मार्गों पर मरम्मत कार्य करना जरूरी हो गया है। BRO की ओर से कल यात्रा शुरू होने से पहले कार्य पूरा करने के लिए अपने कर्मियों और मशीनों की भारी तैनाती की गई है।

 

अधिकारियों ने क्या बताया?

कश्मीर के संभागीय आयुक्त विजय कुमार बिधूड़ी ने बताया- "बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण, पटरियों पर तत्काल मरम्मत और रखरखाव कार्य किए जाने की जरूरत है। इसलिए, यह फैसला किया गया है कि आज गुरुवार 17 जुलाई को दोनों बेस कैंप से पवित्र गुफा की ओर किसी भी प्रकार की आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, पिछली रात पंजतमी शिविर में रुके यात्रियों को बीआरओ और पर्वतीय बचाव दलों की तैनाती के तहत बालटाल की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है। दिन के दौरान मौसम की स्थिति के आधार पर, यात्रा कल पूरी संभावना के साथ फिर से शुरू हो जाएगी।"

ये भी पढ़ें- अमरनाथ यात्रा के दौरान हुआ हादसा, तीन बसों की आपस में हुई टक्कर; 10 श्रद्धालु घायल

अमरनाथ यात्रा काफिले की एक कार डिवाइडर से टकराई, ड्राइवर घायल; बाल-बाल बचे श्रद्धालु

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।