1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. पुंछ के मेन मार्केट में ज्वेलरी शॉप पर पुलिस का छापा, AK-47 राइफल, जिंदा कारतूस और पाकिस्तानी करेंसी-झंडे बरामद

पुंछ के मेन मार्केट में ज्वेलरी शॉप पर पुलिस का छापा, AK-47 राइफल, जिंदा कारतूस और पाकिस्तानी करेंसी-झंडे बरामद

पुंछ के मेन मार्केट में ज्वेलरी की एक दुकान पर जब जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रेड की तो उसे वहां से AK-47 राइफल और जिंदा कारतूस मिले। साथ ही, टीम ने पाकिस्तानी करेंसी और पाकिस्तानी झंडे भी बरामद किए।

Poonch jewellery shop raid- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT/PTI पुंछ में ज्वेलरी शॉप से AK-47 बरामद की गई है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पुंछ में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने पुंछ के मेन मार्केट में ज्वेलरी की दुकान में छापा मारा और मौके से एक AK-47 राइफल, जिंदा कारतूस, पाकिस्तानी करेंसी और झंडे बरामद किए। पुलिस ने FSL टीम और नायब तहसीलदार के साथ शुक्रवार रात मेन मार्केट पुंछ में एक ज्वेलरी की दुकान पर रेड की थी और उन्होंने गोला-बारूद और पाकिस्तानी सामान बरामद किया।

ज्वेलरी की दुकान में मिली AK-47 और पाकिस्तानी करेंसी

बता दें कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे, पुलिस स्टेशन पुंछ की एक पुलिस पार्टी ने FSL टीम और नायब तहसीलदार के साथ मेन मार्केट पुंछ में दविंदर सिंह निवासी मोहल्ला खोरीनार, पुंछ की ज्वेलरी की दुकान पर छापा मारा था। टीम ने दावा किया कि तलाशी के दौरान, उन्होंने AK-47 के राउंड, पाकिस्तानी करेंसी 105 रुपये, पाकिस्तानी पोस्टर और पाकिस्तानी झंडे रिकवर किए हैं।

जंगल में हुई मुठभेड़ में मारे गए 2 आतंकी

इससे पहले हाल में जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सुरक्षाबलों ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया था। ये सर्च ऑपरेशन आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर शुरू किया गया था। मजालता के दूरदराज जंगलों में हुए एनकाउंटर में 2 आतंकवादियों के मारे जाने की भी खबर आई थी। यहां सुरक्षाबलों ने मौके से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए थे।

उधमपुर में चला बड़ा आतंक विरोधी अभियान

जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारियों ने बताया था कि पुलिस की SOG ने आर्मी के साथ मिलकर उधमपुर के एक दूरदराज इलाके में बड़ा आतंकवाद विरोधी अभियान चलाया। देर रात आतंकियों और सुरक्षाबलों का आमना-सामना हुआ और मुठभेड़ में 2 आतंकी मारे गए।

मौके से गोला-बारूद भी हुआ बरामद

रिपोर्ट्स के अनुसार, ऑपरेशन शुरू होने के कुछ देर बाद जंगल में गोलियां चलने और धमाकों की आवाज सुनाई दी थी। फिर सुरक्षाबलों ने एक संदिग्ध ठिकाने को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाई थीं। इसके बाद, सुरक्षाबलों ने मौके से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया था।

बडगाम में मारा गया आतंकी यासिर

उससे पहले, इसी महीने बडगाम जिले में सुरक्षाबलों के साथ एनकाउंटर में पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा का एक कमांडर मार दिया गया था। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया था कि ऑपरेशन अशदार में ढेर किए गए आतंकी की पहचान यासिर के तौर पर हुई थी।

ये भी पढ़ें- उरी में घुसपैठ की बड़ी साजिश नाकाम, एक पाकिस्तानी आतंकी हुआ ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद