1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर में दर्दनाक हादसा, पुंछ में खाई में गिर गया वाहन, 2 महिलाओं समेत 6 की मौत

जम्मू-कश्मीर में दर्दनाक हादसा, पुंछ में खाई में गिर गया वाहन, 2 महिलाओं समेत 6 की मौत

जम्मू-कश्मीर से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। राज्य के पुंछ जिले में एक वाहन खाई में गिर गया। इस हादसे में 2 महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, हादसे में 3 लोग घायल हो गए हैं।

Jammu Kashmir Poonch road accident- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक फोटो।

जम्मू-कश्मीर से बुधवार को दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। प्रदेश के पुंछ जिले में एक वाहन खाई में गिर गया। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। सामने आई जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में दो महिलाएं शामिल हैं। वहीं, 3 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस हादसे पर दुख जताया है। आइए जानते हैं कि इस हादसे के बारे में क्या जानकारी मिली है।

कहां और कैसे हुआ हादसा?

अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुरनकोट के शेलधर इलाके में हुई है। ये पूरा हादसा तब हुआ जब बुधवार को एक वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा और दो महिलाओं समेत 6 लोगों की जान चली गई। हादसे में तीन लोग घायल हैं जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। इनमें से एक बच्ची की हातल गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही 108 एम्बुलेंस सेवा, अतिरिक्त एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन संसाधनों को तुरंत मौके पर भेजा गया।

सभी मृतक 20 से 25 वर्ष की उम्र के 

इस पूरे हादसे को लेकर पुंछ के उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने बताया- "आज (बुधवार) की शाम एक दुखद हादसा हुआ, जिसमें छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद प्रशासन द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और दुर्घटना में घायलों हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।" वहीं, इस हादसे के बारे में पुंछ के CMO डॉ.परवेज खान ने बताया कि "हादसे में जान गंवाने वाले चार पुरुषों और दो महिलाओं के शवों को जिला अस्पताल लाया गया है। सभी मृतक 20 से 25 वर्ष की उम्र के हैं।"

CM उमर अब्दुल्ला ने दुख जताया

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस हादसे को लेकर ट्वीट कर के कहा- "CM उमर अब्दुल्ला ने पुंछ के सुरनकोट में हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों के लिए हर संभव चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय हर संभव मदद पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।" (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, आतंकियों के दो सहयोगी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

जब एक रात में कर दी गई 23 कश्मीरी पंडितों की हत्या, 28 साल बाद फिर शुरू हुई 'वांधामा नरसंहार' की जांच