1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, आतंकियों के दो सहयोगी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, आतंकियों के दो सहयोगी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

 Reported By: Manzoor Mir Written By: Niraj Kumar
 Published : Aug 25, 2026 11:51 am IST,  Updated : Aug 25, 2026 11:55 am IST

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त ऑपरेशन में आतंकियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियारों का जखीरा बरामद किया है।

Jammu kashmir- India TV Hindi
सुरक्षाबलों ने आतंकियों के दो सहयोगियों को दबोचा Image Source : REPORTER INPUT

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। राजपोरा इलाके के सीबी नाथ स्थित यारवान जंगल में चलाए गए संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को यह सफलता मिली। इनके कब्जे से एक पिस्तौल, 12 राउंड गोला-बारूद और एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है। यह कार्रवाई सोपोर में हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा मिलने और शोपियां में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने के बाद हुई है।

यह ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG), सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स और CRPF की 183 बटालियन ने मिलकर चलाया था। इसे इलाके में संदिग्ध आतंकी गतिविधियों के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था।

संदिग्ध गतिविधियों के बाद पकड़ा

जानकारी के मुताबिक 24 और 25 अगस्त की दरमियानी रात को घेराबंदी और तलाशी अभियान (CASO) के दौरान, सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने दो लोगों को संदिग्ध हालात में जंगल से CB नाथ गांव की ओर आते देखा। पूछताछ और तलाशी के बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया। सुरक्षा बल तुरंत एक्शन में आ गए और दोनों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार लोगों की पहचान लस्सी डबन के रहने वाले गुलाम मोहम्मद दीदार के बेटे लतीफ अहमद दीदार और बुन खा बमणू के रहने वाले नजीर अहमद बाजद के बेटे एजाज अहमद बाजद के तौर पर हुई है।

गोला-बारूद, हैंड ग्रेनेड बरामद

संदिग्धों की तलाशी लेने पर एक पिस्तौल, 12 राउंड गोला-बारूद और एक हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ। दोनों को बरामद हथियारों और गोला-बारूद के साथ हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने राजपोरा थाने में FIR नंबर 118/2026 दर्ज की है। मामला आर्म्स एक्ट की धारा 7/25 और UAPA की धारा 13, 18, 23 और 39 के तहत दर्ज किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब आरोपियों के संभावित आतंकी संपर्कों, बरामद हथियारों के स्रोत और उनके नेटवर्क की जांच कर रही हैं।

सुरक्षा को लेकर कड़ी सतर्कता

यह कार्रवाई कश्मीर घाटी में सुरक्षा को लेकर बरती जा रही कड़ी सतर्कता के बीच की गई है। कल रात, सुरक्षा बलों ने सोपोर में एक खाली पड़े घर से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। यह घर एक कश्मीरी पंडित परिवार का था, जो 1990 में उस इलाके से पलायन कर गया था। उसी रात दक्षिण कश्मीर के शोपियां ज़िले में एक अलग ऑपरेशन के दौरान, सुरक्षा बलों ने मुगल रोड पर पडपावन के पास नाका चेकिंग के समय तीन संदिग्ध ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs) को गिरफ़्तार किया और उनके पास से दो हैंड ग्रेनेड और हिज़्बुल मुजाहिदीन के पांच पोस्टर बरामद किए। लगातार हुए ये ऑपरेशन घाटी में आतंकी गतिविधियों के ख़िलाफ़ सुरक्षा बलों की लगातार सतर्कता को दर्शाते हैं।

इस बीच एक बार फिर से घाटी में कश्मीरी पंडितों को जान से मारने की धमकी मिली है। 15 दिनों के भीतर दूसरी बार थ्रेट नोट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट (ULC) आतंकी संगठन की ओर से नई धमकी दी गई है। इसमें नाम और पते दिए गए हैं। साथ ही कहा गया, 'हम आपकी हर हरकत पर नजर रख रहे हैं।'

ये भी पढ़ें:

जब एक रात में कर दी गई 23 कश्मीरी पंडितों की हत्या, 28 साल बाद फिर शुरू हुई 'वांधामा नरसंहार' की जांच

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।